Advertisement

केरल के बाढ़ पीड़ितों के लिए एक महीने का वेतन देंगे कांग्रेस के सभी सांसद और विधायक

केरल में भयावह बाढ़ से हुए जानमाल के भारी नुकसान को देखते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने फैसला...
केरल के बाढ़ पीड़ितों के लिए एक महीने का वेतन देंगे कांग्रेस के सभी सांसद और विधायक

केरल में भयावह बाढ़ से हुए जानमाल के भारी नुकसान को देखते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने फैसला किया है कि पार्टी के सभी सांसद, विधायक और विधान परिषद सदस्य एक महीने का वेतन राज्य के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए देंगे।

पार्टी के महासचिवों, राज्य प्रभारियों, प्रदेश अध्यक्षों और विधायक दल के नेताओं के साथ बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता केरल एवं कुछ दूसरे राज्यों में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता करें। गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से केरल की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की भी मांग की है।

बैठक के बाद पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आज की बैठक में पूरे देश में बाढ़ की स्थिति पर चर्चा की गई। राहुल गांधी और कांग्रेस ने मांग रखी है कि केरल की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘राज्य को तीन हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है और भारत सरकार ने अब तक 100 करोड़ रुपये दिए हैं। ये नाकाफी है। राहुल गांधी ने कहा है कि बाढ़ राहत में राजनीति नहीं हो सकती। इसमें भेदभाव नहीं हो सकता। सबको मदद की आवश्यकता है और सरकार को इसके लिए पूरे प्रयास करने होंगे।’’

सुरजेवाला ने कहा, ‘‘कांग्रेस की सरकारों ने मदद के लिए कदम उठाया है। पंजाब की सरकार ने 10 करोड़ रुपये दिए हैं। कर्नाटक की सरकार ने 10 करोड़ रुपये भेजे हैं। पुड्डुचेरी की सरकार ने एक करोड़ रुपये की राशि भेजी है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष और पार्टी ने फैसला किया है कि लोकसभा एवं राज्यसभा के सभी सांसद, सभी राज्यों के पार्टी विधायक और विधान परिषद के सदस्य एक महीने का वेतन केरल की बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए देंगे।’’

सुरजेवाला ने कहा, ‘‘केरल से सटे प्रांतों की कांग्रेस की इकाइयों ने बाढ़ राहत समिति का गठन किया है। ये समितियां राहत समाग्री केरल में पहुंचाएंगी।’’

केंद्र ने की 500 करोड़ रुपये की मदद की घोषणा

लगातार बारिश और कई इलाकों में बाढ़ का पानी भर जाने से केरल के हालत और गंभीर हो गए हैं। अब तक 324 लोगों की जान जा चुकी है। कोच्चि में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हालात को लेकर मुख्यमंत्री, पिनराई विजयन, केंद्रीय मंत्री के जे अल्फांस और आला अफसरों के साथ बैठक की तथा बाढ़ग्रस्त इलाकों का हवाई दौरा भी किया।

बैठक में पीएम मोदी ने बाढ़ में हुईं लोगों की मौतों पर दुख व्यक्त करते हुए हर संभव मदद करने की बात कही। उन्होंने केंद्र की तरफ से 500 करोड़ रुपये की मदद राशि देने की घोषणा की। उन्होंने केरल में बाढ़ के चपेट में आने वाले मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये की मदद राशि और घायलों को 50 हजार रुपये की मदद राशि दिये जाने का एलान भी किया है। केंद्र केरल के बाढ़ में लोगों की मदद के लिए सौ करोड़ रुपये की राशि पहले भी दे चुका है। साथ ही कई राज्यों ने मदद राशि का ऐलान किया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement