Advertisement

आम आदमी पार्टी ने हरियाणा के लिए तय किए तीन उम्मीदवार

कांग्रेस के साथ गठबंधन पर बात नहीं बनते देख आम आदमी पार्टी (आप) और जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) ने रविवार...
आम आदमी पार्टी ने हरियाणा के लिए तय किए तीन उम्मीदवार

कांग्रेस के साथ गठबंधन पर बात नहीं बनते देख आम आदमी पार्टी (आप) और जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) ने रविवार को हरियाणा के लिए अपने तीन संयुक्त उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है। दोनों पार्टियों की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में आम आदमी पार्टी ने अपने हिस्से की सीट से उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया।

अंबाला से सेवानिवृत्त डीजीपी पृथ्वी राज सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है। जबकि करनाल से वकील कृष्ण कुमार और फरीदाबाद से आप प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद पार्टी के उम्मीदवार होंगे।

इस दौरान आप के हरियाणा प्रभारी गोपाल राय, आप प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद, राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता और जननायक जनता पार्टी के दुष्यंत चौटाला उपस्थित थे। दुष्यंत ने बताया कि बचे हुए तीन प्रत्याशियों के नाम का ऐलान जेजेपी आज शाम में करेगी।

कांग्रेस से हमारा गठबंधन नहीं

इस दौरान गोपाल राय ने कहा कि, अब कांग्रेस से उनका गठबंधन नहीं होगा और पार्टी कांग्रेस का पोल खोलने का काम करेगी। गौरतलबै है कि  पिछले काफी दिनों से कांग्रेस और आप में गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही थी मगर यह बेनतीजा रही। गोपाल राय ने बताया कि हरियाणा में वे जॉइंट रोड शो करेंगे। जिसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और दुष्यंत चौटाला मुख्य चेहरा होंगे।

शनिवार को आप ने गठबंधन पर अंतिम फैसला सुनाने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई और कहा कि कांग्रेस ने हरियाणा में गठबंधन के लिए इनकार कर दिया है और केवल दिल्ली में गठबंधन नहीं हो सकता। हालांकि गठबंधन की संभावना पर पूर्ण विराम से जुड़े सवाल पर सीधी टिप्पणी नहीं की और सिर्फ इतना कहा कि हमने अपनी ओर से बार-बार प्रयास किए हैं और कांग्रेस की मंशा गठबंधन करने की नहीं है।

कांग्रेस पीछे हट गई: सिसोदिया

खबरें हैं कि कांग्रेस दिल्ली में सभी सातों लोकसभा सीटों के लिए प्रत्याशी तो तय कर लिए हैं और जल्द ही घोषणा भी होगी। शनिवार को आप नेता मनीष सिसोदिया और संजय सिंह ने कहा कि बातचीत दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, गोवा, चंडीगढ़ की 33 सीटों को लेकर शुरू हुई थी। पंजाब और गोवा में गठबंधन से तो कांग्रेस पहले ही पीछे हट गई थी लेकिन दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ की 18 सीटों पर गठबंधन के लिए बातचीत में कई फॉर्म्युले तय किए गए। हरियाणा में कांग्रेस और जेजेपी 7-2-1 के फॉर्म्युले पर तैयार हो गई लेकिन शुक्रवार रात कांग्रेस इससे भी मुकर गई।

इस दौरान सिसोदिया ने कहा कि यह सच है कि आप का जन्म कांग्रेस के भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ते हुए हुआ था लेकिन आज देश में नरेंद्र मोदी और अमित शाह की जोड़ी देश के लिए बड़ा खतरा है। इस खतरे से देश को बचाने के लिए आप ने कांग्रेस के साथ गठबंधन के बारे में सोचा था। दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और गोवा की 33 सीटों को लेकर रणनीति बनाई थी लेकिन कांग्रेस ने गोवा में समय खराब कर दिया। पंजाब में गठबंधन नहीं करने को लेकर भी कई दलीलें दी। हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ की 18 सीटों पर तो गठबंधन कर बीजेपी को हराया जा सकता है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad