Advertisement

झारखंड, बंगाल, तमिलनाडु और अरुणाचल में उपचुनाव के लिए वोटिंग, जानें किस सीट पर किससे मुकाबला

नगालैंड और मेघालय के साथ ही चार अन्य राज्यों में भी उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। जिन राज्यों में चुनाव...
झारखंड, बंगाल, तमिलनाडु और अरुणाचल में उपचुनाव के लिए वोटिंग, जानें किस सीट पर किससे मुकाबला

नगालैंड और मेघालय के साथ ही चार अन्य राज्यों में भी उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। जिन राज्यों में चुनाव हो रहे हैं वो- तमिलनाडु, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और अरुणाचल प्रदेश है। दोपहर 1 बजे तक तमिलनाडु में इरोड पूर्व विधानसभा उपचुनाव में 44.58%, पश्चिम बंगाल में सागरदिघी विधानसभा उपचुनाव में 48.28% और झारखंड में रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव में 49.88% मतदान हुआ।

सभी विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच आज सुबह सात बजे से मेघालय और मतदान शुरू हुआ, जो शाम पांच बजे तक चलेगा। 

झारखंड- रामगढ़ विधानसभा सीट

झारखंड की रामगढ़ विधानसभा सीट के लिए सोमवार को हो रहे उपचुनाव में दोपहर एक बजे तक 49.88 फीसदी मतदान हुआ। राज्य की रामगढ़ विधानसभा सीट के लिए सुबह 11 बजे तक 32.51 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। इससे पहले सुबह नौ बजे तक राज्य में 15.19 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था। रामगढ़ में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह सात बजे से विधानसभा उपचुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं। एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि रामगढ़ में शुरुआती दो घंटे में 15.19 फीसदी मतदान हुआ। हालांकि, रामगढ़ में 14 निर्दलीय सहित कुल 18 उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन मुकाबला मुख्य रूप से सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले गठबंधन में सहयोगी कांग्रेस और ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) पार्टी के बीच माना जा रहा है। आजसू ने उपचुनाव के लिए भाजपा के साथ गठबंधन किया है।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट किया, “लोकतंत्र को मजबूत करने और चुनाव में धनबल के प्रयोग को हराने के लिए रामगढ़ के लोग मतदान में हिस्सा ले रहे हैं। वे अपने अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं। मैं मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने के लिए आगे आएं।” आजसू पार्टी के प्रमुख सुदेश महतो ने मतदाताओं से राज्य के हित में मतदान करने का आग्रह किया।

वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी ने ट्वीट किया, “यह रामगढ़ के मतदाताओं के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर लोकतंत्र को मजबूत करने का एक अवसर है।”

रामगढ़ में कांग्रेस विधायक ममता देवी को एक आपराधिक मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद उनकी अयोग्यता के कारण उपचुनाव जरूरी हो गया था।

कांग्रेस ने इस सीट से ममता देवी के पति बजरंग महतो को चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि आजसू पार्टी ने सुनीता चौधरी को अपना उम्मीदवार बनाया है। रामगढ़ उपचुनाव में 1.61 लाख महिलाओं सहित 3.34 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं।

पश्चिम बंगाल- सागरदिघी विधानसभा सीट

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में सागरदिघी विधानसभा सीट पर सोमवार को हो रहे उपचुनाव में सुबह नौ बजे तक 13 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। एक निर्वाचन अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि मतदान शांतिपूर्ण हो रहा है और किसी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है।

अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजय बसु ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘सुबह नौ बजे तक 13.37 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अब तक मतदान पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहा है और किसी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं मिली है।’’

सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस-वाम गठबंधन के उम्मीदवार मैदान में हैं। तृणमूल और भाजपा ने क्रमशः देबाशीष बनर्जी और दिलीप साहा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि वाम दलों ने कांग्रेस उम्मीदवार बायरन बिस्वास को समर्थन दिया है। तृणमूल के तीन बार के विधायक एवं राज्य के मंत्री सुब्रत साहा के पिछले साल दिसंबर में निधन के बाद सागरदिघी विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।

तमिलनाडु- इरोड पूर्व विधानसभा सीट

तमिलनाडु में इरोड पूर्व सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है और पूर्वाह्न 11 बजे तक 27 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह सीट कांग्रेस विधायक थिरुमहान एवरा के निधन के चलते खाली हुई थी। चुनाव में कुल 77 कैंडिडेट मैदान में हैं। इस चुनाव में 77 उम्मीदवार मैदान में हैं, हालांकि मुख्य मुकाबला द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) समर्थित कांग्रेस उम्मीदवार ई.वी.के.एस ईलनगोवन और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एआईएडीएमके) के के. एस. थेन्नारासरु के बीच होने की संभावना है। नाम तमिझार काची की मेनका नवनीथन अन्य उम्मीदवारों में शामिल हैं।

द्रमुक के 2021 में सत्ता में आने के बाद पहली बार हो रहे उपचुनाव के नतीजों का संबंधित दलों की मौजूदा ताकत पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा, हालांकि इससे सत्ताधारी पार्टी की लोकप्रियता जरूर आंकी जाएगी। ईलनगोवन के बेटे एवं कांग्रेस विधायक ई. थिरुमहान एवरा के निधन के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। निर्वाचन क्षेत्र में 2.27 लाख से अधिक मतदाता हैं और चुनाव के लिए 238 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

अरुणाचल प्रदेश- लुमला विधानसभा सीट

अरुणाचल प्रदेश के लुमला विधानसभा क्षेत्र में चुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो गई है। यहां 33 मतदान केंद्रों पर कुल 9169 मतदाता मतदान करेंगे। इनसमें 4712 महिला वोटर हैं। भाजपा नेता जंबे ताशी की मृत्यु के चलते यह सीट खाली हुई है। यहां भाजपा ने त्सेरिंग ल्हामू को उपचुनाव में अपना प्रत्याशी बनाया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad