Advertisement

प्रियंका गांधी की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हुईं यूपी BJP अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे की बहू

लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद नेताओं का दल-बदल का दौर जारी है। इस दौड़ में अब नया नाम उत्तर...
प्रियंका गांधी की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हुईं यूपी BJP अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे की बहू

लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद नेताओं का दल-बदल का दौर जारी है। इस दौड़ में अब नया नाम उत्तर प्रदेश के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय की बहू अमृता पांडेय का हैं। इसे भाजपा को बड़े झटके के तौर पर भी देखा जा रहा है। अमृता पांडेय ने प्रियंका गांधी की मौजूदगी में बुधवार को कांग्रेस में शामिल होने का निर्णय लिया है।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे के भाई जीतेंद्र नाथ पांडे की बहू अमृता पांडे ने बुधवार को प्रियंका गांधी की मौजूदगी में वाराणसी में कांग्रेस का दामन थाम लिया है। मिर्जापुर लोकसभा प्रत्याशी ललितेशपति त्रिपाठी ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी। इस ट्वीट को कांग्रेस ने ट्वीट कर लिखा कि कांग्रेस परिवार में आपका हार्दिक स्वागत है।

आने वाला दौर नरेंद्र मोदी का नहीं बल्कि कांग्रेस का है

कांग्रेस में जाने के फैसले पर अमृता पांडेय ने कहा कि गांधी परिवार और कांग्रेस पार्टी से पुराना जुड़ाव रहा है। ऐसे में अब प्रियंका गांधी जब राजनीतिक में आ गई हैं तो हमने भी कांग्रेस में शामिल होने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि आने वाला दौर नरेंद्र मोदी का नहीं बल्कि कांग्रेस का है। उन्होंने आगे कहा, ‘बीजेपी ने सभी वर्ग के लोगों को ठगने का काम किया है। इस सरकार में युवा, किसान और व्यापारी सभी परेशान है’।

मेरा मकसद प्रियंका गांधी के साथ मिलकर काम करना

इस दौरान चुनाव लड़ने के सवाल पर अमृता पांडेय ने जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी का निर्णय सर्वोपरि होगा, उसे हम स्वीकार करेंगे। लेकिन अभी मेरा मकसद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के साथ मिलकर काम करने का है।

नहीं बता सकते कि उनके पिता इस फैसले पर क्या कहेंगे

इससे पहले महाराष्ट्र में कांग्रेस नेता राधाकृष्ण विखे के बेटे सुजय विखे पाटिल बीजेपी में शामिल हो गए थे। अब राधाकृष्ण विखे पाटिल ने भी इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि सुजय विखे पाटिल के इस फैसले के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि राधा कृष्ण विखे पाटिल भी कुछ अहम फैसला कर सकते हैं। सुजय विखे पाटिल ने ट्वीट कर कहा था कि उन्होंने यह फैसला अपने पिता की मर्जी के खिलाफ किया है। वो ये नहीं बता सकते कि उनके पिता इस फैसले पर क्या कहेंगे।

विपक्षी पार्टी ने राजनीतिक मतभेदों का फायदा उठाया

वहीं, उत्तर प्रदेश में बीजेपी के एक नेता ने अपने बेटे से रिश्ता इसलिए तोड़ दिया क्योंकि उन्हें कांग्रेस ने यहां से लोकसभा का टिकट दिया है। भाजपा नेता ने कहा कि विपक्षी पार्टी ने उनके परिवार में राजनीतिक मतभेदों का फायदा उठाया है।

गौतमबुद्धनगर से कांग्रेस ने किया भाजपा एमएलसी के बेटे की उम्मीदवारी का ऐलान

कांग्रेस ने गौतमबुद्धनगर लोकसभा सीट से भाजपा एमएलसी जयवीर सिंह के बेटे अरविंद कुमार सिंह की उम्मीदवारी का ऐलान किया। इस सीट से फिलहाल केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा सांसद हैं। एमएलसी ने कहा, 'मेरे बेटे अरविंद कुमार सिंह ने दो साल पहले अपनी शादी के बाद अलग विचारधारा व्यक्त करना शुरू कर दी और परिवार से अलग रहना शुरू कर दिया।'

इन दिनों पूर्वांचल दौरे परप्रियंका

बता दें कि प्रियंका गांधी इन दिनों पूर्वांचल के दौरे पर हैं। सोमवार को उन्होंने प्रयागराज से वाराणस तक गंगा यात्रा की शुरुआत की। प्रियंका गांधी गंगा में बोट पर सवार होकर बुधवार को काशी पहुंचेंगी।

सात चरणों में लोकसभा चुनाव

गौरतलब है कि पहले चरण में मतदान 11 अप्रैल को, दूसरे चरण में मतदान 18 अप्रैल को, तीसरे चरण में 23 अप्रैल को, चौथे चरण में 29 अप्रैल को, पांचवें चरण में 6 मई को, छठे चरण में 12 मई को और सातवें चरण में 19 मई को होना है। वोटों की गिनती 23 मई को होगी।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement