Advertisement

वायनाड में राहुल गांधी के खिलाफ NDA उम्मीदवार की घोषणा, तुषार वेल्लापल्ली देंगे चुनौती

लोकसभा चुनाव के पहले कांग्रेस ने पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के अमेठी के अलावा केरल की वायनाड सीट से भी...
वायनाड में राहुल गांधी के खिलाफ NDA उम्मीदवार की घोषणा, तुषार वेल्लापल्ली देंगे चुनौती

लोकसभा चुनाव के पहले कांग्रेस ने पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के अमेठी के अलावा केरल की वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ने की घोषणा की है। इसके बाद जहां भाजपा कांग्रेस पर निशाना साध रही है वहीं लेफ्ट पार्टियां भी हमला बोल रही हैं। इन सबके बीच एनडीए ने भी वायनाड सीट से ही राहुल गांधी के खिलाफ अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। इस सीट से राहुल गांधी के खिलाफ एनडीए उम्मीदवार तुषार मैदान में होंगे। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने इसकी जानकारी दी। अब तक यह कहा जा रहा था कि तुषार वेल्लापल्ली त्रिशूर से चुनाव लड़ेंगे लेकिन अब उन्हें राहुल गांधी को चुनौती देने के लिए वायनाड सीट से मैदान में उतारा है।

 

केरल में भाजपा एक राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगी

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने अपने ट्विटर अकाउंट के माध्यम से सोमवार को घोषणा की कि वायनाड सीट से तुषार वेल्लापल्ली एनडीए के उम्मीदवार होंगे। तुषार भारत धर्म जन सेना के अध्यक्ष हैं और बेहद डायनामिक युवा नेता हैं। वे विकास और सामाजिक न्याय की दिशा में हमारी प्रतिबद्धता का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनकी मदद से भाजपा केरल में एक राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगी।

केरल की 20 लोकसभा सीटों में एनडीए गठबंधन के तहत बीडीजेएस को 5 सीटें मिली हैं। इनके अलावा केरल कांग्रेस एक सीट पर चुनाव लड़ेगी। भाजपा यहां 14 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। बीडीजेएस पहली बार लोकसभा चुनाव में उतर रही है।

 ‘अमेठी छोड़कर भागे राहुल’

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर केरल की वायनाड सीट से चुनाव लड़ने पर तंज कसा था। शाह ने कहा, ‘मैंने वॉट्सऐप पर पढ़ा कि राहुल अमेठी को छोड़कर केरल भाग गए हैं। आखिर उन्हें केरल क्यों जाना पड़ा? हम सभी जानते हैं कि राहुल का अमेठी से ही लड़ना तय था, लेकिन अब वे वहां जाकर ध्रुवीकरण की राजनीति से जीत हासिल करना चाहते हैं’।

4 अप्रैल को वायनाड से अपना नामांकन दाखिल करेंगे राहुल

बता दें कि राहुल गांधी के वायनाड से चुनाव लड़ने की घोषणा कांग्रेस द्वारा रविवार को ही गई है। इसके बाद राहुल गांधी 4 अप्रैल को वहां से अपना नामांकन दाखिल करने जाएंगे। भाजपा ने इसे अमेठी में राहुल की संभावित हार का डर बताया है। वहीं वामपंथी दलों का कहना है कि भाजपा से मुकाबला करने के बजाय कांग्रेस अध्यक्ष लेफ्ट के खिलाफ मैदान में उतर गए हैं। उन्हें हराने के लिए वाम मोर्चा हरसंभव प्रयास करेगा।

बीडीजेएस 5 सीटों पर लड़ेगी चुनाव

तुषार को पहले त्रिशूर से भी टिकट दिया गया था और तुषार वहां चुनाव प्रचार भी शुरू कर चुके हैं। बीडीजेएस केरल में एनडीए की सहयोगी है और लोकसभा चुनाव में उसे 5 सीटें मिली हैं। कुछ समय पहले वेलापल्ली को त्रिशूर से टिकट दिया गया है। तब उन्होंने कहा था कि अगर राहुल गांधी वायनाड से चुनाव लड़ते हैं तो पार्टी की उम्मीदवारी में कुछ बदलाव किया जा सकता है। पहले ऐसी चर्चा थी कि वायनाड बीजेपी के खाते में जा सकती है ताकि वह यहां से राहुल गांधी के खिलाफ मजबूत उम्मीदवार उतार सके।

 

कौन हैं तुषार वेल्लापल्ली

 

राहुल गांधी के खिलाफ वायनाड से चुनाव लड़ने वाले तुषार वेल्लापल्ली 'भारत धर्म जन सेना' (बीजेडीएस) पार्टी के अध्यक्ष हैं। उन्होंने 2016 में राजनीतिक पार्टी लॉन्च की थी। तुषार के पिता वेल्लापल्ली नादेशन भी राजनीतिक पकड़ रखते हैं। वो श्रीनारायण धर्म परिपालन योगम (SNDP) के महासचिव है। हाल ही में नादेशन लेफ्ट पार्टियों को सपोर्ट करने के लिए सुर्खियों में छाए रहे। श्रीनारायण धर्म परिपालन योगम राजनीतिक संगठन है, जो इजहावा समुदाय से जुड़ा है। इजहावा समुदाय, ओबीसी में आता है, जो बीजेपी के पारंपरिक वोटर माने जाते हैं।

 

 

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad