Advertisement

छत्तीसगढ़ में कल वोटिंग, सीएम भूपेश बघेल, सिंहदेव और महंत की प्रतिष्ठा दांव पर

लोकसभा चुनाव के लिए छत्तीसगढ़ की सात सीटों पर कल 23 अप्रैल को वोटिंग होगी। इसके साथ ही राज्य में मतदान की...
छत्तीसगढ़ में कल वोटिंग, सीएम भूपेश बघेल, सिंहदेव और महंत की प्रतिष्ठा दांव पर

लोकसभा चुनाव के लिए छत्तीसगढ़ की सात सीटों पर कल 23 अप्रैल को वोटिंग होगी। इसके साथ ही राज्य में मतदान की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। सातों सीटों पर कांटे की टक्कर दिखाई पड़ रही है। पहले दो चरणों के चुनाव में भारी  मतदान को देखते हुए 23 अप्रैल को भी राज्य में बम्पर वोटिंग का अनुमान लगाया जा रहा है। कल मतदान होने वाले संसदीय क्षेत्रो में राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री टी एस सिंहदेव और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत की प्रतिष्ठा दांव पर है। दुर्ग सीट से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की साख जुड़ी है। यहां मुख्यमंत्री की पसंद पर उनकी करीबी प्रतिमा चंद्राकर को चुनाव लड़ाया गया है। सरगुजा से सिंहदेव की पसंद पर विधायक खेलसाय सिंह उम्मीदवार हैं, वहीं कोरबा से विधानसभा अध्यक्ष डॉ. महंत की पत्नी ज्योत्सना महंत चुनाव मैदान में हैं।

यहां होगा मतदान

कल मैदानी इलाकों की सीटों रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, कोरबा, सरगुजा और दुर्ग में मतदान होंगे।  इसके पहले 11 अप्रैल को बस्तर और 18 अप्रैल को कांकेर, महासमुंद और राजनांदगांव में वोटिंग हुई थी। पहले और दूसरे चरण में मतदान वाले संसदीय क्षेत्र नक्सल प्रभावित और आदिवासी  बहुल  हैं। पहले और दूसरे चरण के मतदान वाले क्षेत्रों भाजपा, कांग्रेस और बसपा के नेताओं ने कोई खास जोर नहीं लगाया लेकिन मैदानी इलाकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह समेत तमाम बड़े नेताओं की यहां सभा हुई। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने दुर्ग और बिलासपुर में सभा की। बसपा सुप्रीमो मायावती का कार्यक्रम जांजगीर-चांपा क्षेत्र में हुआ।

रायपुर में 25 उम्मीदवार

रायपुर लोकसभा सीट से भाजपा ने सुनील सोनी, कांग्रेस ने प्रमोद दुबे, बहुजन समाज पार्टी ने खिलेश कुमार साहू उर्फ खिलेश्वर, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने अजय चकोले, अंबेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया ने इकरम सैफी, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी ने छबि लाल कंवर, भारतीय किसान पार्टी ने तमेश्वर साहू, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) ने देवकी दुबे उर्फ संध्या, सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) ने देवेंद्र कुमार पाटिल को चुनाव मैदान में उतारा है। रायपुर लोकसभा सीट पर इस बार कुल 25 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

दुर्ग से 21 प्रत्याशी

दुर्ग लोकसभा सीट से भाजपा ने विजय बघेल, कांग्रेस ने प्रतिमा चंद्रकार, बहुजन समाज पार्टी ने गीताजंलि सिंह, भारतीय किसान पार्टी ने अनुराग सिंह, सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्यूनिस्ट) ने आत्मा राम साहू, शिवसेना ने कमलेश कुमार, इंडिया प्रजा बंधु पार्टी ने ट्रेस्सा डेविड, भारत प्रभात पार्टी ने पीतांबर लाल निशाद को चुनाव मैदान में उतारा है। यहां से कुल 21 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

बिलासपुर से 25 उम्मीदवार

बिलासपुर लोकसभा सीट से इस बार कांग्रेस ने अटल श्रीवास्तव, भारतीय जनता पार्टी ने अरुण साव, बहुजन समाज पार्टी ने उत्तम दास गुरू गोसाई, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने नंद किशोर राज, स्वाभिमान पार्टी ने पूरण लाल छाबरिया, भारतीय किसान पार्टी ने यमन बनर्जी, भारतीय लोकमत राष्ट्रवादी पार्टी ने राम कुमार घटलाहरे, अंबेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया ने ईजी रामफाल मंडरे, भारत भूमि पार्टी ने शंभू प्रसाद शर्मा को चुनाव मैदान में उतारा है। इस सीट पर 25 उम्मीदवार मैदान में हैं।

कोरबा लोकसभा सीट पर 12 प्रत्याशी

कोरबा लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी ने ज्योति नंद दुबे, कांग्रेस ने ज्योत्सना चरणदास महंत, बहुजन समाज पार्टी ने परमित सिंह, अंबेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया ने चंद्र भूषण कंवर और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने तुलेश्वर हीरा सिंह मरकम को चुनाव मैदान में उतारा है। यहां कुल 13 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं।

जांजगीर-चांपा सीट से 15 उम्मीदवार

जांजगीर-चांपा लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के टिकट से गुहराम अजगले, बहुजन समाज पार्टी से दाउराम रत्नाकर, कांग्रेस से रवि पारसराम भारद्वाज, पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) से आशीष रतरे, राष्ट्रीय गोंडवाना पार्टी से नरेश कुमार दहाड़िया, शिवसेना से नरेश बाई जांगड़े, सुंदर समाज पार्टी से नितेश कुमार रतरे, राष्ट्रीय जनसभा पार्टी से भोजराम बंजारे, बहुजन मुक्ति पार्टी से लखन लाल चौहान उर्फ लाखाला दावन समेत कुल 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

रायगढ़ सीट

रायगढ़ सीट से बहुजन समाज पार्टी ने इनोसेंट कुजुर, भारतीय जनता पार्टी ने गोमती साय, कांग्रेस ने लालजीत सिंह राठिया, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) ने अमृत तिर्की, भारतीय ट्राइबल पार्टी ने कृपाशंकर भगत, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने जय सिंह सिदार, किसान मजदूर संघर्ष पार्टी ने ज्योति भगत, अंबेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया ने रविशंकर सिदार, शिवसेना ने विजय लाकरा और बहुजन मुक्ति पार्टी ने वीर कुमार तिग्गा  को टिकट दिया है। इसके अलावा तारिक तरंगिणी, तेजराम सिदार, नवल किशोर राठिया और प्रकाश कुमार उरांव बतौर निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे हुए हैं।

सरगुजा

सरगुजा से भारतीय जनता पार्टी ने रेणुका सिंह, कांग्रेस ने खेलसाय सिंह, बहुजन समाज पार्टी ने माया भगत, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने आशा देवी पोया, अंबेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया ने गुमन सिंह पोया, राष्ट्रीय जनसभा पार्टी ने चंद्रदीप सिंह कोरचो, बहुजन मुक्त पार्टी ने पवन कुमार नाग, शिवसेना ने मोहन सिंह टेकाम और शोषित समाज दल ने रामनाथ चेरवा को चुनाव मैदान में उतारा है। पालसय उरांव बतौर निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर कुल 10 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

हाथियों पर निगरानी भी

कोरबा लोकसभा सीट के रामपुर व पाली-तानाखार का एक बड़ा हिस्सा हाथी प्रभावित है। कई गांवों के लोगों को पैदल चलकर मतदान करने आना पड़ता है। सड़क जंगल के बीच से गुजरने के कारण लोगों में डर बना रहता है। इसे देखते हुए वन अमले को प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी के लिए लगाया गया है।

अभी हाथी कुदमुरा परिक्षेत्र के गितकुवारी में घूम रहे हैं। रविवार को चुनाव प्रेक्षक जितेन्द्र कुमार उपाध्याय ने प्रभावित क्षेत्रों के 10 मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। हाथी प्रभावित क्षेत्र होने की जानकारी मिलने पर उपाध्याय ने हाथियों से सुरक्षा के लिए सभी संभव उपाय पहले से ही करने कहा।

धूप से बचाने के लिए छाया की होगी व्यवस्था

सभी मतदान केंद्रों में मतदाताओं को धूप से बचाने के लिए छाया के विशेष इंतजाम किया जा रहा है। धूप से बचाव के लिए जरूरत के अनुसार पंडाल लगाने और सीमेंट-फर्श पर कारपेट भी बिछाने की भी ब्यवस्था की जा रही है। मतदान केंद्रों में पीने की पानी, दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हील चेयर, रैंप आदि की व्यवस्था भी रहेगी।

मतदाताओं की संख्या

तीसरे चरण में 23 अप्रैल को छत्तीसगढ़ के सात लोकसभा क्षेत्रों के कुल एक करोड़ 27 लाख 13 हजार 816 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इनमें रायपुर लोकसभा के 21 लाख 11 हजार 104, बिलासपुर के 18 लाख 75 हजार 904, रायगढ़ के 17 लाख 31 हजार 655, कोरबा के 15 लाख सात हजार 779, जांजगीर-चांपा के 18 लाख 95 हजार 232, दुर्ग के 19 लाख 38 हजार 319 एवं सरगुजा लोकसभा के 16 लाख 53 हजार 283 मतदाता शामिल हैं। इन लोकसभा क्षेत्रों में मतदान के लिए कुल 15 हजार 408 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement