Advertisement

आखिरी चरण का मतदान आज, पीएम मोदी समेत इन दिग्गजों की साख दांव पर

17वें लोकसभा चुनाव के छह चरणों के मतदान खत्म हो चुके हैं और रविवार को बाकी बची चंडीगढ़ और सात राज्यों की 59...
आखिरी चरण का मतदान आज, पीएम मोदी समेत इन दिग्गजों की साख दांव पर

17वें लोकसभा चुनाव के छह चरणों के मतदान खत्म हो चुके हैं और रविवार को बाकी बची चंडीगढ़ और सात राज्यों की 59 सीटों पर मतदान होना है। सातवें और आखिरी चरण के मतदान के लिए शुक्रवार को प्रचार खत्म हो गया है। आखिरी चरण में जहां चुनाव होना है उनमें उत्तर प्रदेश की 13, पश्चिम बंगाल की नौ, पंजाब की 13, बिहार की आठ, झारखंड की तीन, हिमाचल प्रदेश की चार, मध्य प्रदेश की आठ और एक सीट चंडीगढ़ की शामिल है।

आखिरी चरण के लिए कुल 918 उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अध्यक्ष अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की जिसमें प्रधानमंत्री मोदी भी मौजूद थे। हालांकि पत्रकारों के सवालों के जवाब अमित शाह ने ही दिए। बीजेपी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के वक्त ही कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने मीडिया को संबोधित किया। हालांकि, वह पीएम पद के उम्मीदवार पर कुछ भी बोलने से बचते दिखे।

अंतिम चरण में कई वीवीआईपी उम्मीदवार मैदान में हैं, तो आइए जानते हैं इन उम्मीदवारों और उनके लोकसभा सीट के बारे में-

वाराणसी से पीएम मोदी

आखिरी चरण में प्रधानमंत्री मोदी की लोकसभा सीट वाराणसी में भी मतदान होना है। प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी में कुछ दिन पहले ही रोडशो किया था, जिसमें उन्होंने अपना शक्ति प्रदर्शन किया। वाराणसी से कांग्रेस की तरफ से अजय राय और गठबंधन की तरफ से शालिनी यादव मैदान में हैं। बीच में गठबंधन ने बीएसएफ के पूर्व जवान तेजबहादुर को टिकट दे दिया था, लेकिन उनका नामांकन रद्द हो गया।

गोरखपुर 

गोरखपुर लोकसभा सीट को भाजपा का गढ़ कहा जाता है। यह सीट पिछले लगभग 29 सालों से भाजपा के पाले में रही है। लेकिन 2018 में हुए उपचुनाव में समाजवादी और बहुजन समाज पार्टी गठबंधन के प्रत्याशी प्रवीण निषाद ने इस सीट पर जीत दर्ज कराई थी। इस बार भाजपा ने यहां से भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता रविकिशन को उम्मीदवार बनाया है।

गठबंधन ने यहां से रामभुआल निषाद को मैदान में उतारा हैं। रामभुआल प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री और दो बार विधायक रहे हैं। पिछड़ों के बीच मजबूत पकड़ वाले नेता रामभुआल भाजपा को कांटे की टक्कर दे रहे हैं। कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे मधुसूदन त्रिपाठी मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने में जुटे हैं। भाजपा मोदी के नाम, योगी के काम और गोरखपुर की दो साल में हुई तरक्की की बुनियाद पर चुनाव लड़ रही है। जबकि गठबंधन ने जातिगत समीकरण की मजबूत गोट बिछा रखी है। इस सीट पर मुख्यमंत्री योगी की भी प्रतिष्ठा दांव पर है।

बिहार

बिहार में 19 मई को लोकसभा की आठ सीटों पर चुनाव होना है। यहां से कई हाई प्रोफाइल इस चरण में मैदान में हैं। इनमें- पटना साहिब से केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और उनके मुकाबले कांग्रेस उम्मीदार शत्रुघ्न सिन्हा हैं। पाटलिपुत्र से आरजेडी उम्मीदाव को लालू प्रसाद यादव की बड़ी बेटी उम्मीदवार मैदान में हैं। इनके मुकाबले बीजेपी से राम कृपाल यादव मैदान में हैं। वहीं, काराकाट सीट से आरएलएसपी चीफ उपेंद्र कुशवाहा मैदान में हैं।

पंजाब

पंजाब की सभी 13 सीटों पर एक ही चरण में 19 मई को मतदान हो रहा है। गुरुदासपुर से बीजेपी ने सनी देओल को चुनाव मैदान में उतारा है। केंद्री य मंत्री हरदेव सिंह पुरी को बीजेपी ने अमृतसर से चुनाव में उतारा है। चंडीगढ़ से बीजेपी ने किरण खेर को एक बार फिर से मौका दिया है। पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के मुखिया सुखबीर सिंह बादल इस बार खुद भी फिरोजपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। सुखबीर सिंह बादल की पत्नी और केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल बठिंडा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं।

पश्चिम बंगाल

पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने महान स्वतंत्रता सैनानी सुभाषचन्द्र बोस के परिवार के सदस्य चन्द्र कुमार बोस को कोलकाता दक्षिण सीट से उम्मीदवार बनाया है। यह सीट कभी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पसंदीदा क्षेत्र हुआ करता था। वह यहां से छह बार चुनाव जीत चुकी हैं। नुसरत जहां और मिमि चक्रवर्ती भी इस बार बशिरहाट और जाधवपुर लोकसभा सीट से टीएमसी के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं।

झारखंड और हिमाचल प्रदेश

झारखंड के दुमका से पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन मैदान में हैं। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर सीट से बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर चुनावी मैदान में हैं। प्रदेश के मंडी सीट से आश्रय शर्मा कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। आश्रय के पिता राज्य में बीजेपी सरकार में मंत्री रह चुके हैं।

 

मनोज सिन्हा, अनुप्रिया पटेल चुनाव मैदान में

 

आखिरी चरण में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा दो केंद्रीय मंत्रियों मनोज सिन्हा और अनुप्रिया पटेल के भी भाग्य का फैसला होना है। मनोज सिन्हा वाराणसी से सटी गाजीपुर सीट से भाजपा उम्मीदवार हैं। गठबंधन ने यहां से अफजाल अंसारी को टिकट दिया है, जो बाहुबली मुख्तार अंसारी के भाई हैं। कांग्रेस ने अतीत प्रताप कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया है।

 

वहीं, अनुप्रिया पटेल मिर्जापुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं, जहां से गठबंधन सपा के टिकट पर राजेंद्र एस. बिंद चुनाव मैदान में हैं। कांग्रेस ने ललितेश पति त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाया है। इसी चरण में कुशीनगर से पूर्व पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह की किस्मत का भी फैसला होना है। यहां से भाजपा ने विजय दुबे को टिकट दिया है, जबकि गठबंधन की तरफ से सपा के नथुनी प्रसाद कुशवाहा चुनाव मैदान में हैं।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad