Advertisement

तीसरे चरण में 66 प्रतिशत मतदान, अनंतनाग में मात्र 13 फीसदी वोट पड़े

 लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में मंगलवार को 15 राज्यों की 117 सीटों पर शाम सात बजे तक 66 प्रतिशत मतदान हुआ।...
तीसरे चरण में 66 प्रतिशत मतदान, अनंतनाग में मात्र 13 फीसदी वोट पड़े

 लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में मंगलवार को 15 राज्यों की 117 सीटों पर शाम सात बजे तक 66 प्रतिशत मतदान हुआ। तीसरे चरण वाली इन सीटों पर लोकसभा चुनाव 2014 में 69.3 प्रतिशत मतदान हुआ था। 

 इस चरण में पश्चिम बंगाल की पांच सीटों पर सर्वाधिक 78.98 प्रतिशत मतदान हुआ। यह तीसरे चरण के मतदान में शामिल 15 राज्यों में सर्वाधिक मत प्रतिशत है। पश्चिम बंगाल में तीन चरणों में कुल दस सीटों पर 81.5 प्रतिशत मतदान हुआ है। हालांकि तीसरे चरण वाली सीटों पर 2014 के चुनाव की तुलना में इस बार 3.57 प्रतिशत कम मतदान हुआ। 

वहीं जम्मू कश्मीर की अनंतनाग सीट के छह विधानसभा क्षेत्रों में 12.86 प्रतिशत मतदान हुआ। जम्मू कश्मीर में मतदान के दौरान हिंसा या अन्य कोई शिकायत नहीं मिली है। 

इस चरण में बिहार की पांच सीटों पर शाम छह बजे तक 59.95 प्रतिशत मतदान हुआ। इन सीटों पर 2014 के चुनाव की तुलना में 5.13 प्रतिशत की कमी आयी है। 

इस चरण में छत्तीसगढ़ की सात सीटों पर पिछले चुनाव की तुलना में 4.49 प्रतिशत कमी के साथ 64.68 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं असम की चार सीटों पर 70.05 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां भी पिछले चुनाव की तुलना में 1.69 प्रतिशत की कमी आयी है। 

कर्नाटक की 14 सीटों पर 60.97 प्रतिशत, केरल की सभी 20 सीटों पर 69.02 प्रतिशत और त्रिपुरा की एक सीट पर 71.45 प्रतिशत मतदान हुआ। पूर्वी त्रिपुरा सीट पर 18 अप्रैल को प्रस्तावित मतदान तीसरे चरण के लिये स्थगित कर दिया गया था। 

इसके अलावा महाराष्ट्र की 14 सीटों पर शाम छह बजे तक 55.65 प्रतिशत और गोवा की सभी दो सीटों पर 70.97 प्रतिशत मददान हुआ। तीसरे चरण में ओडिशा की छह सीटों पर 57.86 प्रतिशत मतदान हुआ। यह पिछले दो चरणों में हुये मतदान की तुलना में न्यूनतम है। पहले चरण में राज्य की चार सीटों पर 73.82 प्रतिशत और दूसरे चरण में पांच सीटों पर 72.56 प्रतिशत मतदान हुआ था। 

कई दिग्गज मैदान में 

यह चरण इसलिए भी अहम है क्योंकि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अध्यक्ष अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, मुलायम सिंह, वरुण गांधी और कई केंद्रीय मंत्री इसमें बतौर उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। 

इस चरण में कुल 1,612 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।  इनमें से 316 राष्ट्रीय दलों के उम्मीदवार हैं। जबकि 76 स्थानीय दलों से, पंजीकृत गैर मान्यता प्राप्त पार्टियों के 696 और सबसे अधिक निर्दलीय 724 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इस चरण में लगभग 18.56 करोड़ मतदाता हैं। चुनाव आयोग ने इसके लिए 2.10 लाख मतदान केंद्र बनाए।

ईवीएम पर अखिलेश ने उठाए सवाल

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कई जगह से वोटिंग मशीन खराब होने की खबरें आ रही हैं या तो वोट बीजेपी को जा रहे हैं। हालांकि उनके आरोपों का चुनाव आयोग ने खंडन किया।

पश्चिम बंगाल में हुई हिंसा

पश्चिम बंगाल: एक देशी बम के फटने से तीन टीएमसी कार्यकर्ता घायल हो गए। घटना मुर्शिदाबाद के डोमकल नगरपालिका में हुई। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में टीएमसी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

इन राज्यों में हुई वोटिंग

इस चरण में गुजरात की सभी 26 और केरल की सभी 20 सीटों के साथ असम की 4, बिहार की 5, छत्तीसगढ़ की 7, कर्नाटक तथा महाराष्ट्र में 14-14, ओडिशा की 6, उत्तर प्रदेश की 10, पश्चिम बंगाल की 5, गोवा की 2 और दादर नगर हवेली, दमन दीव तथा त्रिपुरा की 1-1 सीट शामिल हैं।

इन अहम उम्मीदवारों पर नजर

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं मैनपुरी से समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह अपना अंतिम चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पहली बार दक्षिण की किसी सीट से चुनावी मैदान में हैं। वह पहली बार दो सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं। इनके अलावा समाजवादी पार्टी के आजम खान और फिल्म अभिनेत्री तथा भाजपा उम्मीदवार जया प्रदा भी तीसरे चरण के प्रमुख चेहरों में हैं। वहीं उत्तर गोवा से केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपाद येसो नाइक फिर से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। बिहार में 5 लोकसभा सीटों के लिए मतदान होगा जिनमें से 4 पर मौजूदा सांसद पप्पू यादव (मधेपुरा), उनकी पत्नी रंजीत रंजन (सुपौल), सरफराज आलम (अररिया) और महबूब अली कैसर (खगड़िया) हैं।

2014 में ये थी 117 सीटों की स्थित

लोकसभा चुनाव 2014 में 117 सीटों में में भाजपा और उसके सहयोगी दलों ने 66 सीटें अपने नाम की थीं। जबकि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने 27 पर जीत हासिल की। बाकी सीटें अन्य विपक्षी दलों और निर्दलियों के खातों में गयीं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad