Advertisement

आजमगढ़ में EVM खराबी की शिकायत, समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग को लिखा पत्र

लोकसभा चुनाव के छठवें चरण में उत्तर प्रदेश के 16 जिलों के 14 लोकसभा क्षेत्रों में सपा सुप्रीमो अखिलेश...
आजमगढ़ में EVM खराबी की शिकायत, समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग को लिखा पत्र

लोकसभा चुनाव के छठवें चरण में उत्तर प्रदेश के 16 जिलों के 14 लोकसभा क्षेत्रों में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव, केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी, यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी, भोजपुरी स्टार निरहुआ उर्फ दिनेश लाल यादव और  जगदम्बिका पाल की किस्मत दांव पर है। इस दौरान निष्पक्ष चुनाव के लिए जिले स्तर पर प्रतापगढ़ में कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी, जनसत्ता पार्टी के अध्यक्ष राजा भैय्या सहित नौ नेताओं को नजरबंद किया गया है। इसके अलावा आजमगढ़ में सपा ने कई बूथों पर पीठासीन अधिकारी के बुजुर्गों और महिलाओं के मतदान करने पर उसे हटाने की मांग की है।

आजमगढ़ में EVM खराबी की शिकायत

सपा ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर कहा है कि चुनाव आयोग आज़मगढ़ लोकसभा क्षेत्र के गोपालपुर से आ रही शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई कर निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करे।


 

1 बजे तक 34.92 फीसदी मतदान

दोपहर 1 बजे तक यहां 34.92 फीसदी, सुबह सात बजे से नौ बजे तक 9.28 और 11 बजे तक 21.98 फीसदी मतदान हुआ। शुरूआती दौर में कुछ स्थानों पर मतदान देर से शुरू हुआ तो कुछ स्थानों पर ईवीएम ने मतदाताओं को इंतजार कराया। 11 बजे तक सुल्तानपुर में 25.41, प्रतापगढ़ में 23.13, फूलपुर में 18.20, इलाहाबाद में 20, अम्बेडकरनगर में 25, श्रावस्ती में 21.34, डुमरियागंज में 19.20, बस्ती में 26.39, सन्तकबीरनगर में 22.90, लालगंज में 23.66, आजमगढ़ में 19.80, जौनपुर में 22.40, मछलीशहर में 18.40, भदोही में 21.90 फीसदी मतदान हुआ।

177 प्रत्याशी मैदान में

छठे चरण के लिए कुल 177 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसमें सुल्तानपुर में 15 प्रत्याशी, प्रतापगढ़ में आठ, फूलपुर में 14, इलाहाबाद में 14, अम्बेडकरनगर में 11, श्रावस्ती में 10, डुमरियागंज में 10, बस्ती में 11, संतकबीरनगर में सात, लालगंज (एससी) में 15, आजमगढ़ में 15, जौनपुर में 20, मछलीशहर में 15 और भदोही में 12 प्रत्याशी हैं। बीजेपी के 14 प्रत्याशी, कांग्रेस-11, बीएसपी-11, एसपी-03, सीपीआई-03 और शेष अन्य एवं निर्दलीय प्रत्याशी हैं। 13 महिला प्रत्याशी भी चुनावी मैदान में किस्मत आजमा रही हैं।

प्रतापगढ़ में रोचक हुआ मुकाबला

प्रतापगढ़ में भाजपा ने अपना दल के विधायक संगमलाल गुप्ता को अपने सिंबल पर उतारा है। वहीं, दिनेश सिंह की बेटी राजकुमारी रत्ना सिंह जो 1996 में प्रतापगढ़ की पहली महिला सांसद थीं, वह कांग्रेस की कैंडिडेट हैं। रत्ना यहां से तीन बार सांसद रह चुकी हैं। अशोक कुमार त्रिपाठी को बसपा ने उम्मीदवार बनाया है। वहीं, कुंडा के राजा भैया ने अपनी पार्टी से अक्षय प्रताप सिंह को चुनाव मैदान में उतारकर मुकाबले को और रोचक बना दिया है। अक्षय 2004 में सपा के टिकट पर यहां से सांसद रह चुके हैं। प्रतापगढ़ जिले के डीएम मार्कण्डेय शाही ने बताया कि निष्पक्ष चुनाव के लिए कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी, जनसत्ता पार्टी के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया सहित नौ लोगों को नजरबंद किया गया है।

सबसे दिलचस्प मुकाबला आजमगढ़ में

सबसे दिलचस्प मुकाबला आजमगढ़ में हो रहा है। देशभर के लोगों की निगाहें आजमगढ़ पर लगी हैं। 2014 में भाजपा की आंधी के बावजूद आजगमढ़ सीट पर सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने कब्जा किया था। अब यहां से सपा मुखिया अखिलेश यादव और भाजपा ने भोजपुरी स्टार निरहुआ उर्फ दिनेश लाल यादव को मैदान में उतारा है। शुरुआती दौर में निरहुआ लड़ाई से बाहर लग रहा था, लेकिन चुनाव तक उसने काफी बढ़त बनाई है। अब यह 23 मई को पता चलेगा कि यहां से जीत का सेहरा किसे जनता ने बांधा।

फैक्ट फाइल

कुल मतदाता -2,57,71,245 (दो करोड़ सत्तावन लाख इकहत्तर हजार दो सौ पैंतालीस)

 

पुरुष मतदाता - 1,38,80,827 (एक करोड़ अडतीस लाख अस्सी हजार आठ सौ सत्ताइस)

 

महिला मतदाता - 1,18,88,925 (एक करोड़ अठारह लाख अट्ठासी हजार नौ सौ पचीस)

 

थर्ड जेन्डर की संख्या- 1,493

 

51-फूलपुर लोकसभा क्षेत्र में सबसे अधिक मतदाता -20,06,228

 

39-प्रतापगढ लोकसभा क्षेत्र में सबसे कम मतदाता - 17,05,457

 

मतदान केन्द्र - 16,998

 

मतदेय स्थल - 29,076

 

क्रिटिकल मतदेय स्थल 4,995

 

डिजिटल कैमरे -2,402

 

वीडियो कैमरे -1,183

 

वेब कास्टिंग -2,947

 

माइक्रो आबजर्वर की संख्या -2,642

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad