Advertisement

वाराणसी समेत इन हॉट सीटों पर है आज सब की नजर, जानें कौन-कौन हैं मैदान में

लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण में रविवार को 8 राज्यों की 59  सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इस चरण में कई...
वाराणसी समेत इन हॉट सीटों पर है आज सब की नजर, जानें कौन-कौन हैं मैदान में

लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण में रविवार को 8 राज्यों की 59  सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इस चरण में कई हाईप्रोफाइल सीटों पर रोचक जंग देखने को मिल रही है। वाराणसी समेत कई ऐसी सीटें हैं जहां कद्दावर नेताओं के बीच सियासी घमासान है।

आइए जानते हैं, कौन सी हैं वो 10 हॉट सीट और इन पर किसका किसके बीच है मुकाबला

वाराणसीः उत्तर प्रदेश की इस लोकसभा सीट पर पूरा देश इसलिए नजर गड़ाए बैठा है, क्योंकि यहां से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिर से चुनाव लड़ रहे हैं। यहां कांग्रेस से अजय राय और महागठबंधन से सपा की शालिनी यादव मैदान में हैं। इसके अलावा यहां से नरेंद्र मोदी के खिलाफ कई निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी पर्चा भरा है।

गोरखपुरः यहां मुकाबला खासा रोचक है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह परंपरागत सीट है। निषाद पार्टी को साथ लेने के बाद भाजपा ने गोरखपुर के ही रहने वाले और भोजपुरी स्टार रविकिशन शुक्ला को मैदान उतारा है जबकि महागठबंधन से सपा के रामभुआल निषाद और कांग्रेस से मधुसूधन तिवरी मैदान में हैं। कभी इस सीट पर भाजपा का एकछत्र राज था लेकिन उपचुनाव में सपा और बसपा ने साथ मिल कर चुनाव लड़ा और भाजपा को हराया।।

पटना साहिबः बिहार में इस सीट पर देश भर की नजरें हैं। यहां भाजपा से बगावत कर कांग्रेस में शामिल हुए शत्रुघ्न सिन्हा और केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद के बीच मुकाबला है। इस सीट पर यहां अब तक सांसद रहे शत्रुघ्न सिन्हा की उम्मीदवारी से कांग्रेस के लिए दावा मजबूत हो गया है।

पाटलिपुत्रः इस सीट पर लालू यादव की पुत्री मीसा भारती के मुकाबले भाजपा से केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव मैदान में हैं। कभी लालू के करीबी रहे रामकृपाल ने 2014 में मीसा भारती को हराया था। रामकृपाल एक वक्त में लालू के शिष्य और सिपाहसालार होते थे और राजद के टिकट पर तीन बार लोकसभा के सदस्य और एक बार राज्यसभा गए लेकिन पिछले चुनाव में भाजपा का दामन थाम लिया।

दुमकाः इस सीट पर झारखंड की राजनीति के गुरुजी कहे जाने वाले शिबू सोरेने का गढ़ माना जाता है। उनके सामने एक बार फिर पुराने शिष्य सुनील सोरेन हैं, जिन्हें दो चुनावों में हार के बावजूद पार्टी ने मैदान में उतारा है। सुनील गुरुजी को कड़ी टक्कर दे सकते हैं। इसके अलावा गोड्डा सीट से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे एक बार फिर से मैदान में हैं। 

गाजीपुर: शहीदों की धरती के नाम से विख्यात पूर्वांचल की इस सीट पर केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा भाजपा उम्मीदवार है और उनके सामने सपा-बसपा गठबंधन से अफजाल अंसारी उम्मीदवार हैं। पूर्वांचल के बाहुबली मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल 2004 से 2009 तक यहां से सांसद रह चुके हैं।

गुरदासपुरः यह सीट सबसे ज्यादा चर्चा में है, जहां से भाजपा ने सिने स्टार सनी देओल को उतारा है। विनोद खन्ना की सीट रही गुरदासपुर में भाजपा को जीत की उम्मीद है। उनका मुकाबला करने के लिए कांग्रेस ने सुनील जाखड़ को खड़ा किया है। इस सीट पर लंबे समय से लागातार भाजपा का कब्जा रहा था लेकिन 2017 में हुए उपचुनाव में कांग्रेस के सुनील जाखड़ ने रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल की थी।

आराः इस सीट पर केंद्रीय मंत्री आरके सिंह मैदान में हैं। उनके सामने हैं महागठबंधन समर्थित सीपीआई-एमएल प्रत्याशी राजू यादव। 

इंदौरः मध्यप्रदेश की यह सीट भाजपा नेता सुमित्रा महाजन की पारंपरिक सीट रही है। इस सीट से लगातार आठ बार सांसद रह चुकीं सुमित्रा महाजन इस बार चुनाव नहीं लड़ रही हैं, जिसके बाद भाजपा ने शंकर लालवानी को टिकट दिया है। उनका मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार पंकज संघवी से है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement