Advertisement

कर्नाटक चुनाव: महागठबंधन के सामने भाजपा पस्त, जयानगर सीट पर कांग्रेस का कब्जा

कर्नाटक के जयानगर में 11 जून को हुए चुनाव की मतगणना पूरी हो चुकी है। कांग्रेस उम्मीदवार सौम्या रेड्डी...
कर्नाटक चुनाव: महागठबंधन के सामने भाजपा पस्त, जयानगर सीट पर कांग्रेस का कब्जा

कर्नाटक के जयानगर में 11 जून को हुए चुनाव की मतगणना पूरी हो चुकी है। कांग्रेस उम्मीदवार सौम्या रेड्डी को इस सीट पर कामयाबी मिली है। उन्होंने भाजपा के बीएन प्रह्लाद को 3775 वोटों के अंतर से चुनाव हराया। सौम्या रेड्डी को 54,045 वोट मिले, जबकि भाजपा के बीएस प्रह्लाद को 50,270 वोट मिले हैं।

जीत के बाद कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता जश्न में डूब गए हैं। कांग्रेस ने अपनी प्रत्याशी सौम्या रेड्डी को बधाई दी है। 

जयानगर सीट पर कामयाबी मिलने के बाद कर्नाटक विधानसभा में कांग्रेस सदस्यों की संख्या अब बढ़कर 80 हो गई है। 15 मई को आए चुनाव नतीजों में कांग्रेस को 79 सीटें मिली थीं। हालांकि बीते 28 मई को उसके एक नवनिर्वाचित विधायक सिद्दू न्यामागोडा की सड़क हादसे में मौत हो गई थी।

जयानगर विधानसभा सीट पर 11 जून को मतदान हुआ था। चुनाव आयोग के मुताबिक, जयानगर के कुल 216 पोलिंग बूथों पर 55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।

गौरतलब है कि  इस सीट से चुनाव लड़ रहे भाजपा के नेता और विधायक बीएन विजय कुमार का मतदान से कुछ दिन पहले ही निधन हो गया था। इसके कारण चुनाव आयोग ने मतदान स्थगित कर दिया था।

जयानगर विधानसभा सीट पर कब्जा जमाने के लिए भाजपा और कांग्रेस ने खूब पसीना बहाया है। कांग्रेस ने सिद्धारमैया सरकार में गृह मंत्री रहे रामालिंगा रेड्डी की बेटी सौम्या रेड्डी को अपना उम्मीदवार बनाया। सौम्‍या के पक्ष में जेडीएस ने इस सीट पर अपना प्रत्याशी नहीं उतारा। वहीं, भाजपा ने अपने दिवंगत विधायक बीएन विजयकुमार के भाई बीएन प्रहलाद को मैदान में उतारा था। जयनगर सीट पर कुल 19 उम्‍मीदवार अपनी किस्मत आजमाए थे। हालांकि इस सीट पर मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच रहा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad