Advertisement

हिमाचल प्रदेश की 68 सीटों पर वोटिंग जारी, दोपहर 1 बजे तक 37.19% मतदान, बर्फ से ढकी सड़कों को पार कर मतदान केंद्रों तक पहुंच रहे लोग

हिमाचल प्रदेश की जनता आज अपनी सरकार चुनने के लिए मतदान कर रही है। प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों पर सुबह 8...
हिमाचल प्रदेश की 68 सीटों पर वोटिंग जारी, दोपहर 1 बजे तक 37.19% मतदान, बर्फ से ढकी सड़कों को पार कर मतदान केंद्रों तक पहुंच रहे लोग

हिमाचल प्रदेश की जनता आज अपनी सरकार चुनने के लिए मतदान कर रही है। प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों पर सुबह 8 बजे से वोटिंग जारी है। दोपहर 1 बजे तक हिमाचल प्रदेश का वोटिंग प्रतिशत कुल 37.19% प्रतिशत रहा। सुबह 9 बजे तक यहां ठंड के कारण कम मतदान हुआ। हालांकि, अब यहां धूप निकलने के साथ ही कतारें भी लंबी होने लगी है।

68 विधानसभा सीटों के लिए कुल 412 प्रत्याशी इस बार चुनावी मैदान में हैं। जहां हर बार की तरह कांग्रेस को सरकार बदलने वाली परंपरा पर भरोसा है, वहीं बीजेपी को उम्मीद है कि वो एक बार फिर सत्ता में वापसी करेगी। वोटिंग शाम 5 बजे तक चलेगी। वहीं, वोटों की गिनती 8 दिसंबर 2022 को की जाएगी। फिलहाल बीजेपी सत्ता में थी, इस बार आप और कांग्रेस दोनों सरकार बनाने का दावा कर रही है।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा में मतदान केंद्र संख्या 44 पर जाकर मतदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा, "मेरा लोगों से अनुरोध है कि आप मतदान के लिए जरूर जाएं और प्राथमिकता के आधार पर जाएं। आप ज्यादा से ज्यादा वोट डालें।"

हिमाचल में 55 लाख से अधिक मतदाता 68 निर्वाचन क्षेत्रों में 412 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे, जिनमें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह और पूर्व बीजेपी प्रमुख सतपाल सिंह सत्ती शामिल हैं।

हिमाचल के सीएम जयराम ठाकुर ने दावा किया है कि राज्य में बीजेपी आसानी से चुनाव जीत जाएगी। लोगों ने पीएम मोदी के साथ जाने का मन बना लिया है। मतदान से पहले हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी के सराज में एक मंदिर में दर्शन भी किए।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव-2022 के लिए जारी मतदान के बीच लगातार हर जगह से तस्वीरें सामने आ रही हैं। शिमला के मतदान केंद्र नंबर 63/87 छोटा शिमला में भी लोग बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। एक स्थानीय ने कहा, "सभी को इसे एक ज़िम्मेदारी समझनी चाहिए क्योंकि आज की पीढ़ी सोचती है कि वोटिंग क्यों करें, अगर एक अच्छी सरकार आएगी तो सबके लिए अच्छा होगा।

आम आदमी पार्टी ने लगाया बीजेपी पर हमले का आरोप

वहीं, इस बीच आम आदमी पार्टी ने मतदान के दौरान उनके कार्यकर्ता पर हमला होने का आरोप लगाया है। पार्टी ने ट्विट कर कहा हिमाचल की जनता देख ले कौन क्या कर रहा है। पच्छाद में उनके कार्यकर्ता पर गुंडों ने हमला किया है। चुनाव आयोग से हमारा निवेदन है ऐसी हिंसा पर जल्द से जल्द रोक लगाई जाए, उन्होंने यह आरोप बीजेपी पर लगाया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मतदान शुरू होने से पहले ट्विट कर लोगों से वोट करने की अपील की। उन्होंने कहा हिमाचल प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों के लिए आज मतदान होना है। उन्होंने देवभूमि के सभी लोगों से मतदान करने का अनुरोध किया। साथ ही पहली बार वोट देने वाले राज्य के सभी युवाओं को शुभकामनाएं दीं।

वोटिंग से ठीक पहले सीएम जयराम ठाकुर ने ट्वीट करते हुए कहा कि पहले मतदान, फिर जलपान...प्रिय प्रदेशवासियों आज मतदान का दिन है। हिमाचल के सभी मतदाताओं से मेरा विनम्र आग्रह है कि पूरे उत्साह के साथ लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लें। भारी संख्या में मतदान करें, आपका एक मत समृद्ध हिमाचल का निर्माण करेगा।

हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर ने विश्वास जताया है कि इस बार हिमाचल के लोग सरकार को दोहराना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें आज सुबह से ही शुभकामनाएं मिलनी शुरू हैं। थोड़ी देर पहले पीएम मोदी का भी संदेश मिला। उन्होंने मुझे अपना आशीर्वाद और शुभकामनाएं दी।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने वोटिंग से पहले ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा कि एक मजबूत और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार ही हिमाचल प्रदेश को विकास में अग्रणी रख देवभूमि की जनता की आकांक्षाओं को पूरा कर सकती है। हिमाचल के सभी मतदाताओं विशेषकर माताओं, बहनों व युवाओं से अपील करता हूं कि प्रदेश के सुनहरे कल के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर एक सशक्त सरकार चुने।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी मतदान से पहले सभी मतदाताओं से वोट करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज आपके अमूल्य समर्थन के बिना लोकतंत्र के महापर्व की सिद्धि अधूरी है इसलिए अपने मताधिकार का सदुपयोग कर पीएम मोदी के नेतृत्व में वोट कर एक बार फिर बीजेपी की सरकार बनाने में मदद करें। बीजेपी को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाएं।

वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि आप सब अपने और अपने प्रदेश के हालातों को भलीभांति समझते हैं। अपनी परिस्थितियों को देखते हुए पूरी सूझबूझ से मतदान का कर्तव्य निभाएं और हालातों को बदलने, हिमाचल के भविष्य को बुनने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

हिमाचल में ये हैं बड़े मुद्दे

हिमाचल के कुफरी में वोटिंग को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है। चुनाव में विकास, पेंशन स्कीम, पर्यटन, मंहगाई, बेरोजगारी बड़े मुद्दे हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad