Advertisement

हरियाणा में कांग्रेस का घोषणा पत्र, किसान कर्ज माफी और महिलाओं को नौकरी में 33 फीसदी आरक्षण का वादा

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। घोषणा पत्र में समाज के...
हरियाणा में कांग्रेस का घोषणा पत्र, किसान कर्ज माफी और महिलाओं को नौकरी में 33 फीसदी आरक्षण का वादा

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। घोषणा पत्र में समाज के हर वर्ग का ख्याल रखा गया है। इसमें बहन-बेटियों का विशेष ध्यान रखा गया है। नौकरी और राजनीति में बेटियों की भागीदारी पर जोर है। महिलाओं को नौकरियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा और एससी-एसटी परिवारों के बच्चों को पढ़ाई के लिए वजीफे का प्रावधान किया जाएगा। कांग्रेस ने गरीब किसानों के लिए भी कई घोषणाएं की हैं। गरीब किसानों को बिजली और पानी मुहैया करवाया जाएगा।

खट्टर सरकार का सुशासन का दावा खोखला- शैलजा
घोषणा पत्र जारी करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने कहा कि पुलिस की गोलियों से 80 से ज्यादा लोग मारे गए। जबकि खट्टर सरकार सुशासन का दावा करती है। यही नहीं, माइनिंग घोटाले, ड्रग माफिया, ट्रांसपोर्ट में घोटाले हुए। उन्होंने कहा कि ग्रीन कवर को खत्म करने की साजिश रची गई। हर परीक्षा का पेपर लीक हुआ। बेरोजगारी की दर हरियाणा में सबसे ज्यादा हो गई है।

राज्य को कर्ज में डुबो दिया
शैलजा ने कहा कि इस सरकार ने 4800 नौकरियों के लिए 15 लाख युवाओं को परेशान किया। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में किसानों के 72 हजार करोड़ रुपये कर्ज माफ किए गए थे। कांग्रेस पार्टी ने गरीब किसानों के दुख-दर्द को समझा।
शैलजा ने कहा कि जीएसटी के कारण हमारा देश पिछड़ गया और मंदी में फंस गया। मानेसर, पानीपत, अंबाला में सारे उद्योग बंद होते जा रहे हैं। हरियाणा को लाखों करोड़ रुपये के कर्ज में फंसा दिया।

अपराध और बेरोजगारी में अव्वल बन गयाः हुड्डा
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि स्वस्थ, शिक्षित और सुरक्षित हरियाणा बनाएंगे। अपराध और बेरोजगारी में हरियाणा आज नंबर एक पर पहुंच गया है। हमारा संकल्प पत्र हरियाणा को विकास की पटरी पर लाएगा। 5 साल पहले भाजपा के मेनिफेस्टो से जनता को बहुत उम्मीद थी। उन्हें भी यकीन था कि भाजपा अपने वादों पर खरी उतरेगी। लेकिन बिजली उत्पादन क्षमता एक यूनिट भी नहीं बढ़ी। नई जल परियोजनाएं भी नहीं आईं। लेकिन इस सरकार ने हरियाणा को कर्जें में डुबो दिया। जनता की उम्मीद अब केवल कांग्रेस से है। 

हम सभी वादे पूरे करेंगे- किरण चौधरी
किरण चौधरी ने कहा कि संकल्प पत्र बड़ी मेहनत के साथ बनाया गया है। हर वर्ग के सुझाव लेकर कांग्रेस का मेनिफेस्टो बनाया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो वायदा करती है, वह पूरा भी करती है। किरण ने कहा कि भाजपा के 154 वादों में एक भी पूरा नहीं किया। पिछले 5 सालों में इस सरकार से हर वर्ग त्रस्त है। किसान रो रहा है, मार से अब उठने लायक नहीं है। घर के अंदर महिलाएं दुखी हैं। कानून व्यवस्था पूरी तरह से चकनाचूर हो गई है।
उन्होंने कहा कि कर्मचारी वर्ग पूरे पांच साल सड़कों पर रहा। किरण ने कहा कि मेनिफेस्टो के एक-एक बिंदु पर हम काम करेंगे, और वादा पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि बीपीएल महिलाओं को हम दो हजार रुपए हर महीने चूल्हा खर्च देंगे। उन्होंने कहा कि 17 बिंदुओं पर महिलाओं के लिए विशेष ध्यान दिया है। महिलाओं को हरियाणा के अंदर फ्री सफर दिया जाएगा। 

घोषणा पत्र की खास बातें

सभी नौकरियों में महिलाओं को 33 आरक्षण।

हरियाणा रोडवेज में महिलाओं को मुफ्त यात्रा सुविधा।

गर्भवती महिलाओं को बच्चे के जन्म तक 3500 रुपये प्रति माह और बच्चा 5 साल का होने तक 5000 रुपये प्रति माह की वित्तीय मदद। 

स्नातक बेरोजगारों को 7000 रुपये और स्नातकोत्तरों को 10,000 रुपये प्रति माह बेरोज़गारी भत्ता।

किसानों का कर्ज 24 घंटे के अंदर माफ होगा। भूमिहीन किसानों का भी कर्ज माफ किया जाएगा।

300 यूनिट तक बिजली मुफ्त और उससे ऊपर आधी दर पर मिलेगी।

सभी तरह की पेंशन को 5,100 प्रतिमाह किया जाएगा।

गरीबों को 100 गज के प्लाट व मकान के लिए डेढ़ लाख की राशि दी जाएगी।

कर्मचारियों को सातवां वेतन आयोग व नई नीति के तहत पेंशन दी जाएगी।

एक परिवार में एक रोजगार सुनिश्चित किया जाएगा।

एससी एव एसटी छात्रों को हर महीने 12,000 का वजीफा।

हर जिले में मेडिकल कॉलेज व यूनिवर्सिटी बनाई जाएगी।

नशा तस्करी रोकने के लिए विशेष एसटीएफ का गठन होगा।

उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए व्यापार आयोग का गठन।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement