Advertisement

महाराष्ट्र चुनाव: भाजपा-शिवसेना की बनेगी सरकार लेकिन भाजपा 100 सीटों पर सिमटी

महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों के लिए नतीजे आ गए हैं। महाराष्ट्र में एक बार फिर से बीजेपी और...
महाराष्ट्र चुनाव: भाजपा-शिवसेना की बनेगी सरकार लेकिन भाजपा 100 सीटों पर सिमटी

महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों के लिए नतीजे आ गए हैं। महाराष्ट्र में एक बार फिर से बीजेपी और शिवसेना की सरकार बनने जा रही है। लेकिन गठबंधन के बावजूद बीजेपी-शिवसेना को वैसी कामयाबी मिलती नहीं दिख रही है जैसी वे उम्मीद जता रहे थे। पिछली बार जहां बीजेपी को 122 सीटें मिली थीं। वहीं, इस बार वह 100 के आस-पास सीटों पर सिमट गई। जबकि पार्टी अध्यक्ष अमित शाह दावा कर रहे थे कि बीजेपी गठबंधन के बावजूद अकेले अपने दम पर बहुमत का आंकड़ा छू लेगी। वहीं, पिछली बार के मुकाबले शिवसेना को गठबंधन का फायदा होता दिख रहा है और 63 पर आगे बढ़ने के रुझान हैं। चुनाव रुझानों से साफ है कि महाराष्ट्र में मजबूत विपक्ष की कमी का फायदा भाजपा-शिवसेना गठबंधन को मिल रहा है। 21 अक्टूबर को कराए गए मतदान में राज्य के 60.46 फीसदी लोगों ने अपने वोट का इस्तेमाल किया था। 

महाराष्ट्र के नतीजे:

                      2014 2019
भाजपा 122 105
शिवसेना 63 56
कांग्रेस 42 44
एनसीपी 41 54
अन्य 20 29
  288 288

जनादेश विनम्रतापूर्वक स्वीकार: शरद पवार

महाराष्ट्र चुनाव के नतीजों को लेकर एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि सभी लोगों ने हमारा साथ दिया है। हम जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करते हैं। बीजेपी-शिवसेना को लेकर शरद पवार ने कहा कि जनता ने 220 सीटों के दावे को स्वीकार नहीं किया। शरद पवार ने कहा कि इस बार चुनाव की मर्यादा को तोड़ा गया। एनसीपी चीफ ने कहा कि कांग्रेस-एनसीपी कार्यकर्ताओं ने साथ मिलकर काम किया। यह जो माहौल पैदा किया गया था कि 220 से आगे जाएंगे, उसे जनता ने खारिज किया है। इससे भी आगे जाने की हमारी कोशिश थी, लेकिन विपरीत परिस्थितियों में भी यहां तक पहुंचने की हमें खुशी है।

आदित्य ठाकरे जीते

शिवसेना के आदित्य ठाकरे ने वर्ली विधानसभा सीट से आसान जीत दर्ज की। वह चुनावी मैदान में पहली बार उतरे हैं। ठाकरे के सामने राकांपा के सुरेश माने को हार मिली।

किसने की कितनी रैलियां 

राज्य में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जहां छह चुनावी रैलियों को संबोधित किया, वहीं काग्रेस नेता राहुल गांधी ने छह जनसभाओं में अपनी बात रखी। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस एवं शिव सेना नेता आदित्य ठाकरे ने रोड शो किया। इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह और राकांपा प्रमुख शरद पवार ने भी जनसभाओं को संबोधित किया।

महाराष्ट्र चुनाव में मुद्दे

अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने लेकर चलाए गए आक्रामक प्रचार के साथ भाजपा ने देवेंद्र फडनवीस के लिए दूसरे कार्यकाल को लेकर पूरा दमखम लगाया। विपक्ष के प्रचार अभियान में इस बार आक्रमकता कम रही। केवल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने कुछ चुनावी रैलियों को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने आर्थिक सुस्ती, बेरोजगारी, नोटबंदी की ‘विफलता’ और जीएसटी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया । दूसरी ओर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय मंत्री समेत शीर्ष भाजपा नेताओं ने अनुच्छेद 370 का मुद्दा उठाया और जम्मू-कश्मीर से विशेष दर्जा वापस लिये जाने के फैसले पर विपक्ष की अपत्तियों का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने भ्रष्ट विपक्षी नेतृत्व के बारे में भी बातचीत की। प्रदेश में विधानसभा चुनावों में मुख्य मुकाबला भाजपा की अगुवाई वाले महागठबंधन अथवा ‘‘महायुति’’ एवं कांग्रेस राकांपा गठबंधन अथवा ‘महा अघाड़ी’ (मोर्चा) के बीच है।

2014 के विधानसभा चुनावों में स्थिति

प्रदेश में 2014 के विधानसभा चुनावों में भाजपा ने सबसे अधिक 122 सीटें जीती थी जबकि शिवसेना के खाते में 63 सीट गयी थी। कांग्रेस और राकांपा ने क्रमश: 42 और 41 सीटों जीत दर्ज की थी। भाजपा नेताओं ने दावा किया है कि राजग गठबंधन प्रदेश में 222 सीटें जीतेगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad