Advertisement

सुल्तानपुर में मेनका के खिलाफ आज प्रचार करेंगे राहुल, रायबरेली में सोनिया-प्रियंका दिखाएंगी दम

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सोमवार को अपनी चाची और उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से भारतीय जनता पार्टी...
सुल्तानपुर में मेनका के खिलाफ आज प्रचार करेंगे राहुल, रायबरेली में सोनिया-प्रियंका दिखाएंगी दम

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सोमवार को अपनी चाची और उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की उम्मीदवार मेनका गांधी के खिलाफ चुनाव प्रचार करेंगे। सुल्तानपुर के अलावा राहुल गांधी उत्तर प्रदेश (यूपी) के बाराबंकी, अमेठी और रायबरेली के चुनावी दौरे पर भी रहेंगे। वह अमेठी और  रायबरेली में जनसभाएं भी करेंगे।

राहुल गांधी मेनका गांधी के खिलाफ शाम 4 बजे सुल्तानपुर जिले में अमहट के पास पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इस बार बीजेपी ने मेनका गांधी और उनके बेटे वरूण गांधी की सीटों की अदला बदली कर दी है। इस बार मेनका गांधी सुल्तानपुर और वरुण गांधी पीलीभीत से चुनाव लड़ रहे हैं.। वर्तमान में मेनका गांधी पीलीभीत और वरुण गांधी सुल्तानपुर से सांसद हैं। बता दें कि अमेठी लोकसभा सीट पर राहुल गांधी का मुख्य मुकाबला बीजेपी उम्मीदवार स्मृति ईरानी से है।

संजय सिंह के लिए प्रचार करेंगे राहुल  

मेनका ने सुलतानपुर आते ही कहा था कि वह राहुल गांधी के खिलाफ प्रचार करने के लिए अमेठी जाएंगी। अब राहुल गांधी ने एक कदम आगे बढ़कर सोमवार को उनके क्षेत्र में जाकर कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. संजय सिंह के पक्ष में चुनाव प्रचार का फैसला किया है। सुलतानपुर की सभा में राहुल गांधी अपनी चाची के हमलों का जवाब दे सकते हैं।

तय कार्यक्रम के मुताबिक, राहुल तिलोई पहुंचेंगे। यहां सुबह 11 बजे सभा के बाद साढ़े बारह बजे सलोन के परशदेपुर, दोपहर दो बजे भादर ब्लॉक के घोरहां में जनसभा करके सुलतानपुर पहुंचेंगे। यहां वह दूबेपुर ब्लॉक के लौहर दक्षिण स्थित आदर्श लघु माध्यमिक विद्यालय में जनसभा करेंगे।

रायबरेली दौरे पर सोनिया और प्रियंका

यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी और पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा दो दिन के चुनावी दौरे पर आज रायबरेली पहुंचेंगी। सोनिया और प्रियंका फुरसतगंज हवाई अड्डे पर 2 बजे पहुंचेंगी। यहां से वह अमेठी के लोकसभा क्षेत्र में तिलोई विधानसभा में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी। इसके बाद सोनिया यहां से भुएमऊ गेस्ट हाउस जाएंगी जहां वह पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात करेंगी।

वहीं, प्रियंका दोपहर 3 बजे रायबरेली सदर विधानसभा क्षेत्र में अमावां ब्लॉक में सभा करेंगी और शाम 4 बजे मेहरगंज में सभा करेंगी। शाम 4.30 बजे वह भुएमऊ गेस्ट हाउस के लिए निकलेंगी जहां रात्रि विश्राम करेंगी।

 

बता दें 1984 में राजीव गांधी के खिलाफ चुनाव लड़कर हारने के बाद मेनका अपना चुनाव पीलीभीत या आंवला सीट से ही लड़ती रही हैं। ऐसे में कभी भी पारिवारिक रिश्तों की खटास चुनावी मंच पर नहीं आई। अब जबकि मेनका फिर राहुल गांधी के बगल की संसदीय सीट से दावेदारी कर रही हैं तो उसकी खटास सियासी गलियारों में सुनाई देने लगी है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad