Advertisement

भाजपा का वादा- किसानों और कारोबारियों को देंगे पेंशन, अब सभी किसानों को मिलेंगे हर साल 6,000 रुपये

भारतीय जनता पार्टी ने आज अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इसके तहत 75 वादों के साथ संकल्प पत्र जारी किया...
भाजपा का वादा- किसानों और कारोबारियों को देंगे पेंशन, अब सभी किसानों को मिलेंगे हर साल 6,000 रुपये

भारतीय जनता पार्टी ने आज अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इसके तहत 75 वादों के साथ संकल्प पत्र जारी किया है। इसके तहत पार्टी ने छोटे और सीमांत किसानों और छोटे कारोबारियों को 60 साल की उम्र के बाद पेंशन देने का वादा किया है। साथ ही कहा है कि अब किसान सम्मान निधि योजना के तहत सभी किसानों को हर साल 6000 रुपये दिए जाएंगे। यानी अब दो हेक्टेअर की सीमा को खत्म कर दिया है। इसके अलावा किसानों को एक लाख रुपये तक का कर्ज पाांच साल के लिए 'किसान क्रेडिट कार्ड' पर जीरो फीसदी की ब्‍याज दर पर मिलेगा। इसके अलावा पार्टी ने कहा है कि अगले पांच साल में ग्रामीण विकास पर 25 लाख करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। साथ ही पार्टी ने राम मंदिर निर्माण और समान नागरिक संहिता को लागू करने का भी संकल्प दोहराया है।

राजनाथ सिंह ने घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि इस संकल्प पत्र के माध्यम से हम नए भारत के निर्माण में 130 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं को विजन डॉक्यूमेंट के रूप में पेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 2019 लोकसभा चुनाव के लिए यह संकल्प पत्र बनाने के लिए हमारे अध्यक्ष जी ने मेरी अध्यक्षता में एक समिति बनाई और मेरे साथ 12 लोगों को भी उसमें नामित किया था और संकल्प पत्र को मल्टी डायमेंशनल (Multi Dimensional) बनाने के लिए 12 श्रेणियों में भी उसे विभाजित किया था।

भाजपा के घोषणा-पत्र के ये हैं बड़े वादे

 

   आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस रहेगी

 

-    यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने की नीति पर ज़ोर रहेगा

 

-    सिट‌िजन अमेंडमेंट बिल को लागू करने से पीछे नहीं हटेंगे

 

-    देश की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं होगा

 

-    राम मंदिर पर सभी संभावनाओं की तलाश करेंगे और कोशिश करेंगे क‌ि जल्द से जल्द भव्य राम मंदिर का निर्माण हो जाए

 

-    2022 तक किसानों की आय दोगुनी करेंगे

 

-    एक लाख तक के किसान क्रेडिट कार्ड लोन पर जीरो इंट्रेस्ट

 

-    ग्रामीण क्षेत्र विकास पर ख़र्च होंगे 25 लाख़ करोड़

 

-    छोटे और सीमांत किसानों के ‌लिए 60 की उम्र के बाद पेंशन की सुविधा देंगे

 

-    राष्ट्रीय व्यापार आयोग का गठन और इसे प्रभावी बनाया जाएगा

 

-    हम देश के छोटे दुकानदरों को भी 60 की उम्र के बाद पेंशन देंगे

 

-    क्षेत्रियों संतुलन को समाप्त करके दम लेंगे, इसे समाप्त करने के लिए पीएम मोदी ने पहले ही कई कदम उठाए हैं

 

-    देश में सारे चुनाव साथ करने का भी संकल्प लिया गया है

 

-    2022 तक नए भारत के निर्माण का काम करेंगे, इसके लिए हमने 75 कदम तय किए हैं

 

-    इसके तहत सभी सिंचाई परियोजनाओं को पूरा करने की कोशिश करेंगे

 

-    लैंड रिकॉर्ड का डिजिटलाइजेशन करेंगे

 

-    मैनेजमेंट-इंजीनियरिंग-लॉ के बड़े संस्थानों में सीटों को बढ़ाने का प्रयास करेंगे

 

-    बुनियादी ढांचा के तहत हर परिवार को पक्का मकान दिया जाएगा, हर परिवार को गैस सिलेंडर देकर ही दम लेंगे

 

-    हर घर में बिजली और शौचालय के साथ स्वच्छ पेय जल की भी व्यवस्था करेंगे

 

-    नेशनल हाइवे की लंबाई को दोगुना करेंगे

 

-    शहरों और गांवों में 100% कचरा संग्रह सुनिश्चित करेंगे

 

-    2022 तक सभी रेल पटरियों को ब्रॉडगेज में बदल दिया जाएगा

 

-    2020 तक सभी रेल पटरियों का बिजलीकरण हो जाए

 

-    हेल्थ और वेलनेस सेंटर खोले जाएंगे

 

-    75 मेडिकल और इससे जुड़े संस्थान खोले जाएंगे

 

-    प्रशिक्षित डॉक्टरों और मरीज़ों के अनुपात को कम करेंगे

 

-    अर्थव्यवस्था के तहत व्यापार करने की सुविधा में भारत की रैंकिंग और सुधारने की कोशिश करेंगे

 

-    हर व्यक्ति को पांच किलोमीटर के भीतर बैंकिंग सुविधा उपलब्‍ध कराएंगे

 

-    अदालतों को भी डिजिटल करने की कोशिश की जा रही है

 

-    डिजिटलाइजेशन को बढ़ावा दिया जाएगा

 

-    हम छह आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के संग्रहालय बनाने का काम करेंगे

 

-    सभी असंगठित मजदूरों के लिए सामाजिक सुरक्षा देंगे

 

-    महिलाओं की भागीदारी को और आगे बढ़ाएंगे

 

-    तीन तलाक का कानून बनाकर मुस्लिम महिलाओं के लिए न्याय को सुनिश्चित करेंगे

 

-    2022 तक स्वच्छ गंगा का काम पूरा करेंगे

2047 तक भारत बनेगा विकसित देश 

आम चुनाव के लिए संकल्प पत्र पेश किए जाने के बाद प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार को पिछले पांच साल में वे काम करने पड़े जो पिछले 50-55 साल में होने चाहिए। आम लोगों की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सरकार ने कई क्षेत्रों में काम किया और कई लक्ष्य हासिल किए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि लोगों को घर मिलने के बाद आगे की आवश्यकताएं पैदा होने लगी हैं। अगले पांच साल भाजपा इन आकांक्षाओं को पूरा करने पर काम करेगी। उन्होंने कहा कि 2022 में देश को आजाद हुए 75 साल हो जाएंगे। स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने के लिए भाजपा ने 2022 तक के लिए 75 लक्ष्य तय किए हैं। इन सुपरिभाषित लक्ष्यों के जरिए उन सपनों को पूरा करने के लिए प्रयास किए जाएंगे।मोदी ने कहा कि हमने आजादी के 100 साल पूरे होने पर 2047 तक देश को विकसित देश बनाने का लक्ष्य रखा है। देश को विकसित बनाने के लिए फाउंडेशन तैयार करने की आवश्यकता होगी। भाजपा सरकार 2019 से 2024 तक यही फाउंडेशन तैयार करने का प्रयास करेगी। 

 

संकल्पपत्र जारी करने से पहले क्या बोले अमित शाह

संकल्पपत्र जारी करने से पहले भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि 2014 में हमने देश के सामने पांच साल का विजन रखा था, जिसपर देश की जनता ने विश्वास रखते हुए हमें बहुमत दिया था। पूर्ण बहुमत के बावजूद हमने एनडीए की सरकार बनाई और देश को आगे बढ़ाने का काम किया। 

अमित शाह ने कहा कि पांच साल के कार्यकाल में हमारी सरकार ने ऐतिहासिक काम किया है, देश के इतिहास में ये पांच साल विकास के लिए जाने जाएंगे। उन्होंने कहा, 'मैं आपको 2014 की याद दिला रहा हूं। तब भाजपा ने गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री को देश के प्रधानमंत्री पद का दावेदार बनाया था। तब हम देश कैसे चलेगा इसका विजन लेकर आपके सामने आए थे। तब हमें सम्मान देते हुए जनता ने हमें ऐतिहासिक सफलता दी थी'। पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि हमने 6 करोड़ लोगों के साथ चर्चा कर इस संकल्प पत्र को तैयार किया है। उन्होंने कहा कि हम 75 बड़े संकल्पों के साथ चुनाव में जा रहे हैं।

अमित शाह ने कहा कि बीजेपी की सरकार ने देश में अस्थिरता को खत्म किया है। अमित शाह ने कहा कि हमारी सरकार ने 50 करोड़ लोगों को गरीबी के स्तर से ऊपर उठाया है, आज देश एक महाशक्ति बनकर उभरा है।

 

शाह ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां 

संकल्पपत्र जारी होने से पहले अमित शाह ने कहा, 2014 से 2019 की यात्रा का जब भी इतिहास लिखा जाएगा तब यह पांच साल स्वर्ण अक्षरों में अंकित करने पड़ेंगे। इन पांच सालों में भाजपा ने एक निर्णायक सरकार देने का काम किया। 50 करोड़ गरीबों को उठाने के लिए काम हुआ है। मोदी जी की सरकार ने जरूरतमंदों तक गैस सिलेंडर, बिजली, घर, स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का सफल प्रयास किया। देश की अर्थव्यवस्था के बारे में पूरी दुनिया को सोचना पड़े ऐसा काम मोदी सरकार ने किया है। हमारी अर्थव्यवस्था 2014 में ग्यारहवें नंबर पर थी। आज छठवें स्थान पर पहुंच गए हम और तेजी से पांचवें स्थान की तरफ बढ़ रहे हैं।

राजनाथ की अगुआई में तैयार हुआ मेनिफेस्टो

लोकसभा चुनावों के लिए गृह मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में पार्टी ने संकल्प पत्र (घोषणा पत्र) समिति बनाई थी। इसके तहत देश भर से करीब 7500 सुझाव पेटियों, 300 रथों एवं इलेक्ट्राॉनिक माध्यमों से सुझाव प्राप्त किए गए।

कल थमेगा पहले चरण के लिए प्रचार

इस बार लोकसभा चुनाव 2019 में सात चरण में मतदान होना है, पहले चरण के लिए 11 अप्रैल को मतदान होना है, जिसमें देश के 20 राज्यों की कुल 91 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। पहले चरण के लिए चुनाव प्रचार नौ तारीख को शाम 5 बजे थम जाएगा।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement