Advertisement

मध्य प्रदेश चुनाव के बीच बढ़ गया सियासी पारा, कमलनाथ ने कहा- "मैं जहां जाता हूं, देखता हूं..."

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने करेली में एक जनसभा के दौरान भाजपा और...
मध्य प्रदेश चुनाव के बीच बढ़ गया सियासी पारा, कमलनाथ ने कहा-

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने करेली में एक जनसभा के दौरान भाजपा और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर जमकर निशाना साधा, उन्होंने अपने भाषण में कहा कि लोगों ने अब शिवराज को गर्मजोशी के साथ विदा करने का मन बना लिया है। 

मध्य प्रदेश में चुनावी बिगुल बज चुका है। मतदान की तारीख का सभी इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में ज़ुबानी हमलों का क्रम और तेज़ होता जा रहा है। इसी कड़ी में करेली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहा, "मैं जहां जाता हूं, देखता हूं कि लोगों ने अब शिवराज को गर्मजोशी के साथ विदा करने का मन बना लिया है।"

कमलनाथ यहीं नही रुके, उन्होंने आगे कहा कि शिवराज सिंह की 22,000 घोषणाएं, पिछले 5 महीनों से उनकी घोषणा मशीन दोगुनी गति से चल रही थी पर अब उनकी घोषणा मशीन की बैटरी जल्दी ही खत्म होने वाली है।

इसमें कोई दोराय नहीं कि जैसे जैसे चुनाव नजदीक आएगा, यह बयानबाजी लगातार बढ़ती रहेगी। अभी कुछ दिन पहले ही प्रियंका गांधी ने मध्य प्रदेश का दौरा किया था। तब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा था, " प्रियंका गांधी आ रहीं हैं कांग्रेस की झूठ की दुकान खुल रही है। मैं उनसे यह पूछना चाहता हूं कि उन्हें भगवान राम, और राम मंदिर से क्या दिक्कत है।"

आपको यह बता दें कि कांग्रेस ने चुनाव आयोग से यह शिकायत की है कि राम मंदिर की होर्डिंग तथा महाकाल के पोस्टर हटाए जाने चाहिए।

बहरहाल, मध्य प्रदेश चुनाव 2023 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। समाजवादी पार्टी (सपा) और आम आदमी पार्टी (आप) ने भी राज्य चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार उतारे हैं। सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस दोनों ने राज्य की सभी 230 विधानसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।

बता दें कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में 17 नवंबर को एक ही चरण में मतदान होगा। नामांकन दाखिल करना 21 अक्टूबर को शुरू हुआ और नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख सोमवार, 30 अक्टूबर थी। चुनाव परिणाम 3 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad