Advertisement

उपचुनावः गोरखपुर,फूलपुर में वोटिंग 11 मार्च को

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा खाली की गई लोकसभा सीट के लिए 11 मार्च को उपचुनाव...
उपचुनावः गोरखपुर,फूलपुर में वोटिंग 11 मार्च को

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा खाली की गई लोकसभा सीट के लिए 11 मार्च को उपचुनाव होगा। चुनाव आयोग ने आज इसकी घोषणा की।

उत्तर प्रदेश के ही फूलपुर और बिहार के अररिया लोकसभा सीटों के लिए बिहार की भभुआ और जहानाबाद विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव इसी दिन होगा। वोटों की गिनती 14 मार्च को होगी।

फूलपुर सीट उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के उप मुख्यमंत्री बनाए जाने से खाली हुई है। बिहार की अररिया सीट सांसद तस्लीमुद्दीन के निधन के बाद खाली हुई है। भभुआ विधानसभा सीट भाजपा विधायक आनंद भूषण पांडेय की मौत और जहानाबाद विधान सभा की सीट आरजेडी विधायक मुद्रिका यादव के निधन के बाद खाली हुई।

राजस्थान में हुए उपचुनाव के बाद उत्तर प्रदेश की दो सीटों के उपचुनाव पर सभी लोगों की नजर रहेगी। चूंकि ये दोनों सीटें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने खाली की हैं इस कारण यहां दोनों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। माना जा रहा है कि इन दोनों सीटों पर सरकार की लोकप्रियता का आंकलन होगा।

इस बात का भी अनुमान है कि पिछले साल राज्यसभा से इस्तीफा देने वाली बसपा प्रमुख मायावती फूलपुर से चुनाव लड़ सकती हैं। लेकिन इस बारे में पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

बिहार में भी यह पहला मौका है जब कांग्रेस और राजद का साथ छोड़ने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार किसी चुनाव का सामान कर रहे हैं। उनके लिए भी ये उपचुनाव काफी मायने रखते हैं। यह चारा घोटाले के मामले में जेल में बंद राजद प्रमुख लालू प्रसाद की प्रतिष्ठा से भी जुड़ा है। 2014 में मोदी लहर के बाद भी राजद अररिया की सीट जीतने में सफल हुई थी।

इन उपचुनावों के लिए अधिसूचना 13 फरवरी को जारी होगी और नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 20 फरवरी नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख होगी। 21 को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 23 फरवरी तक प्रत्याशी नाम वापस ले सकेंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad