Advertisement

कश्मीरी छात्रों के साथ जो हुआ, ऐसी चीजें देश में नहीं होनी चाहिए: पीएम मोदी

पुलवामा आतंकी हमले के बाद देश के विभिन्न हिस्सों में कश्मीरियों पर हुए हमले की प्रधानमंत्री नरेंद्र...
कश्मीरी छात्रों के साथ जो हुआ, ऐसी चीजें देश में नहीं होनी चाहिए: पीएम मोदी

पुलवामा आतंकी हमले के बाद देश के विभिन्न हिस्सों में कश्मीरियों पर हुए हमले की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निंदा की है। उन्होंने कहा कि हमारी लड़ाई कश्मीर के लिए है, कश्मीर के खिलाफ नहीं, न ही कश्मीरियों के खिलाफ। हमारी लड़ाई मानवता के लिए है।

राजस्थान के टोंक में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, 'सेना को हमने पूरी तरह खुली छूट दे दी है। मैं देख रहा हूं सोशल मीडिया पर वीर रस की बाढ़ आई है। हमारी लड़ाई कश्मीर के लिए हैं। कश्मीर के खिलाफ नही है। कश्मीरियों के खिलाफ नहीं है। पिछले दिनों कश्मीरी छात्रों के साथ जो कुछ हुआ, ऐसी चीजें देश में नहीं होनी चाहिए। हमारी लड़ाई आतंक के खिलाफ है। मानवता के खिलाफ नहीं है। कश्मीर का बच्चा-बच्चा भी आतंकवाद को खत्म करने के लिए परेशान है। आपने देखा होगा अमरनाथ की यात्रा पर लाखों श्रद्धालु जाते हैं। उनकी देखभाल मेरे कश्मीर का बच्चा करता है।

'देखता हूं इमरान अपनी बात पर खरे उतरते हैं या नहीं'

मोदी ने कहा, ''मैंने इमरान खान से कहा था कि हिंदुस्तान, पाकिस्तान बहुत लड़ लिए। कुछ हासिल नहीं हुआ। प्रधानमंत्री बनें तो मैंने उनसे कहा था आप खेल की दुनिया से आए हो, आओ गरीबी और अशिक्षा से लड़ें। उन्होंने कहा था कि मैं पठान का बच्चा हूं। अब देखते हैं कि वे कितने खरे उतरते हैं।''

'आतंक की फैक्ट्री पर लगाम लगाने का काम भी मेरे हिस्से लिखा है तो यही सही'

उन्होंने कहा ‌कि आतकंवाद की फैक्ट्री पर ताला लगाने का काम भी मेरे ही हिस्से लिखा है तो फिर ऐसा ही सही है। आज आतंक के खिलाफ एक व्यापक मत बन चुका है। आतंक के गुनहगारों को सजा देने के लिए हर मोर्चे पर मजबूती के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं। यह संकल्प मोदी का नहीं, 130 करोड़ हिंदुस्तानियों का है, क्योंकि यह राजनीति से ऊपर राष्ट्रनीति का और राष्ट्र की सुरक्षा का सवाल है।

'हम आतंक को कुचलना जानते हैं'

उन्होंने कहा, 'पुलवामा हमले के बाद आपने भी देखा है कि एक-एक हिसाब लिया जा रहा है। हमारी सरकार के फैसलों से वहां हड़कंप मचा है। देश में रहते अलगाववादियों पर भी कार्रवाई सख्त हुई है और होती रहेगी। यह बदला हुआ हिंदुस्तान है। हम दर्द सहकर चुपचाप नहीं बैठते हैं। हम आतंक को कुचलना भी जानते हैं। यह नई रीति और नीति वाला भारत है। मैं आज राजस्थान की वीर धरती से आक्रोश से भरी हुई देश की जनता को विशेषकर युवाओं से भी आग्रह करना चाहता हूं।'

सचिन पायलट का क्षेत्र है टोंक

टोंक उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट का क्षेत्र है। विधानसभा चुनाव में टोंक-सवाईमाधोपुर लोकसभा क्षेत्र में आने वाली आठ विधानसभा सीटों में से भाजपा के खाते में एक ही सीट आई थी।

विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में पीएम मोदी का यह पहला दौरा है। मोदी ने विधानसभा चुनाव के दौरान टोंक और सीकर में सभाएं नहीं की थीं। टोंक राजस्थान के उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट की विधानसभा सीट है। 46 साल में पहली बार कांग्रेस ने यहां किसी मुस्लिम उम्मीदवार को टिकट नहीं देकर पायलट को चुनावी मैदान में उतारा था।

2014 में भाजपा ने जीती थीं सभी सीटें

राजस्थान में लोकसभा की 25 सीटें हैं। भाजपा 2014 सभी सीटों पर जीती थी। राज्य में यह उसका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। पार्टी इसे दोहराना चाहती है। वहीं, विधानसभा चुनाव में जीत से लबरेज कांग्रेस नेता इसमें सेंध लगाने की तैयारी में जुटे हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad