Advertisement

महाराष्ट्र में सरकार गठन के लिए राज्यपाल ने शिवसेना को किया आमंत्रित, भाजपा ने किया था इनकार

महाराष्ट्र में राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने रविवार को शिवसेना को सरकार गठन के लिए आमंत्रित किया।...
महाराष्ट्र में सरकार गठन के लिए राज्यपाल ने शिवसेना को किया आमंत्रित, भाजपा ने किया था इनकार

महाराष्ट्र में राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने रविवार को शिवसेना को सरकार गठन के लिए आमंत्रित किया। शिवसेना राज्य में दूसरी सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। राज्यपाल ने शिवसेना विधायक दल के नेता एकनाथ शिंदे से इस बारे में पूछा। इससे पहले शनिवार को राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने सबसे बड़ा दल होने के नाते भाजपा को सरकार गठन का न्योता दिया था। केयरटेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्यपाल से मुलाकात की। रविवार को भाजपा विधायकों की बैठक हुई। इसके बाद महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि हम सरकार नहीं बनाएंगे। चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि जनादेश भाजपा-शिवसेना को साथ काम करने के लिए दिया गया था। अगर शिवसेना इसका सम्मान नहीं करना चाहती और कांग्रेस-एनसीपी के साथ सरकार बनाना चाहती है तो हमारी शुभकामनाएं उनके साथ हैं। कांग्रेस और शिवसेना ने भी अपने विधायकों की बैठक बुलाई है। 

एनसीपी ने शिवसेना के सामने रखी यह शर्त

एनसीपी नेता नवाब मलिक ने कहा कि हमने 12 नवंबर को अपने विधायकों की बैठक बुलाई है। अगर शिवसेना हमारा समर्थन चाहती है तो उन्हें ऐलान करना होगा कि उनका भाजपा से कोई संबंध नहीं है। उन्हें एनडीए से खुद को अलग करना होगा और उनके मंत्रियों को केंद्रीय कैबिनेट से इस्तीफा देना होगा।

मुख्यमंत्री शिवसेना का ही होगा: राउत

शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत ने कहा कि भाजपा बहुमत जुटाने में नाकाम रहती है तो शिवसेना अपने प्लान पर अमल करेगी। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे जी ने कहा है कि मुख्यमंत्री शिवसेना से होगा। अगर उद्धव जी ने कहा है इसका मतलब है हर हाल में मुख्यमंत्री शिवसेना से होगा।

हमने अभी कुछ तय नहीं किया: कांग्रेस 

कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण ने कहा कि हम चीजों पर नजर रख रहे हैं। हम अभी मिल रहे हैं और देख रहे हैं कि हमारे पास क्या विकल्प हैं। हमने कुछ भी अभी तय नहीं किया है।

'शिवसेना को हमारी शुभकामनाएं'

भाजपा नेता चंद्रकांत पाटिल ने कहा, राज्यपाल ने नई सरकार के गठन के लिए भाजपा को न्योता दिया। शिवसेना ने जनादेश का निरादर करते हुए अनिच्छा जाहिर की। हमने राज्यपाल को बता दिया है कि हम सरकार नहीं बनाएंगे। शिवेसना ने जनादेश का अपमान करके अगर कांग्रेस और राकांपा के साथ सरकार बनानी है तो हमारी शुभकामनाएं।

शरद पवार ने सरकार में शामिल होने से इनकार किया था

राकांपा प्रमुख शरद पवार ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि बीजेपी-शिवसेना राज्य में सरकार बनाएं। हमें जनता ने विपक्ष के लिए चुना है, हम विपक्ष में ही बैठेंगे। मेरे पास अभी कहने के लिए कुछ नहीं है। भाजपा-शिवसेना को लोगों का जनादेश मिला है, इसलिए उन्हें जल्द से जल्द सरकार बनानी चाहिए। हमारा जनादेश विपक्ष की भूमिका निभाना है। पवार ने कहा- अब केवल एक ही विकल्प है कि भाजपा और शिवसेना को मिलकर सरकार बनाना चाहिए।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad