Advertisement

कर्नाटक में शरद पवार, अखिलेश और तेजस्वी मांगेंगे कांग्रेस के लिए वोट!

12 मई को होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई हैं। जैसे-जैसे चुनाव...
कर्नाटक में शरद पवार, अखिलेश और तेजस्वी मांगेंगे कांग्रेस के लिए वोट!

12 मई को होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई हैं। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है पार्टी के बड़े नेता एड़ी-चोटी का जोर लगाकर अपनी-अपनी पार्टी के लिए चुनावी प्रचार में जुट गए हैं। ये चुनाव बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों के लिए अहम है।

इस चुनाव को लेकर कांग्रेस ने कमर कस ली है और शनिवार को पार्टी ने चुनाव प्रचार के लिए देश के बड़े नेताओं की एक लिस्ट जारी की है। कांग्रेस ने 22 लोगों को इस सूची में जगह दी है। साथ ही अपने स्टार प्रचारकों के तौर पर सहयोगी दलों के स्टार नेताओं को भी शामिल किया है। 

कर्नाटक का रण जीतने के लिए सहयोगी पार्टी की मदद चाहती है कांग्रेस

इस लिस्ट की खास बात यह है कि कर्नाटक का रण जीतने के लिए कांग्रेस पार्टी अपनी सहयोगी पार्टियों की भी मदद लेना चाहती है। यही वजह है कि इस लिस्ट में तीन अन्य पार्टियों के नेताओं के नाम शामिल हैं। लिस्ट में कांग्रेस ने सहयोगी पार्टी एनसीपी के नेता शरद पवार, सपा के अखिलेश यादव और राजद के तेजस्वी यादव को भी शामिल किया है। कांग्रेस इन तीनों ही नेताओं से राज्य में प्रचार के लिए चर्चा करेगी।

लिस्ट में नहीं है सोनिया गांधी का नाम

हालांकि इस लिस्ट में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का नाम शामिल नहीं है। बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य ठीक न होने की वजह से सोनिया गांधी प्रचार के लिए कर्नाटक दौरे पर नहीं जाएंगी।

लिस्ट में ये नेता हैं शामिल

कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता गुलाम नबी आजाद, सुशील कुमार शिंदे, सचिन पायलट, नवजोत सिंह सिद्धू, शशि थरूर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, अशोक गहलोत के अलावा फिल्म एक्ट्रेस नगमा और खुशबू का नाम भी शामिल है। 

यहां पढ़ें पूरी लिस्ट-

राज्य में 26 अप्रैल से जन आशीर्वाद यात्रा पर राहुल गांधी

कांग्रेस और भाजपा के बीच चुनाव में पहले और दूसरे नंबर की लड़ाई बताई जा रही है। दोनों दलों की ओर से विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों की घोषणा से पहले से ही चुनाव प्रचार शुरू हो चुका है। इन चुनावों में दोनों दलों के राष्ट्रीय स्तर के नेता प्रचार करने उतर रहे हैं तो कांग्रेस की ओर से अध्यक्ष राहुल गांधी प्रचार में हिस्सा लेंगे। राहुल गांधी 26 अप्रैल से ही उत्तर कन्नडा से अपनी ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ के सिलसिले को आगे बढ़ाएंगे। इस यात्रा के जरिए राहुल अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने की कोशिश करेंगे।

12 मई को होने हैं चुनाव

कर्नाटक में एक ही चरण में 12 मई को वोट डाले जाएंगे और 15 मई को वोटों की गिनती होगी। इसी दिन परिणाम का ऐलान भी किया जाएगा। कर्नाटक में विधानसभा की कुल 224 सीटें हैं, जिसमें बहुमत का आंकड़ा 113 है। कर्नाटक में 4.90 करोड़ कुल मतदाता हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement