Advertisement

केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ 'आप' की लड़ाई, अब अखिलेश यादव से मिलेंगे मुख्यमंत्री केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बुधवार को समाजवादी...
केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ 'आप' की लड़ाई, अब अखिलेश यादव से मिलेंगे मुख्यमंत्री केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बुधवार को समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिल सकते हैं। गौरतलब है कि देश की राजधानी में प्रशासनिक सेवाओं पर नियंत्रण वाले केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ अरविंद केजरीवाल विभिन्न शीर्ष नेताओं से एकजुट होने का आह्वान कर रहे हैं।

आम आदमी पार्टी के सूत्रों के अनुसार यह मुलाकात लखनऊ में हो सकती है। बता दें कि 23 मई को अरविंद केजरीवाल ने केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ की लड़ाई शुरू की थी। केजरीवाल विभिन्न दलों का समर्थन पाने के लिए देश के दौरे पर निकले, जिसमें वह अब तक पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मिल चुके हैं।

इसके अलावा आम आदमी पार्टी के प्रमुख ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ भी इस मामले पर बातचीत की है। विदित हो कि केंद्र सरकार ने 19 मई को एक अध्यादेश जारी किया था।

केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (GNCTD) के लिए स्थानांतरण पोस्टिंग, सतर्कता और अन्य आकस्मिक मामलों के संबंध में नियमों को अधिसूचित करने के लिए एक अध्यादेश जारी किया। अध्यादेश को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार अधिनियम, 1991 में संशोधन करने के लिए लाया गया था और यह केंद्र बनाम दिल्ली मामले में सर्वोच्च न्यायालय के फैसले को दरकिनार करता है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad