Advertisement

चंद्रयान-2 को लेकर सोनिया गांधी ने कहा- सफर थोड़ा लंबा जरूर हुआ है, लेकिन कल जरूर सफलता मिलेगी

चंद्रयान-2 मिशन को शनिवार तड़के उस समय झटका लगा, जब लैंडर विक्रम से चंद्रमा के सतह से महज दो किलोमीटर...
चंद्रयान-2 को लेकर सोनिया गांधी ने कहा- सफर थोड़ा लंबा जरूर हुआ है, लेकिन कल जरूर सफलता मिलेगी

चंद्रयान-2 मिशन को शनिवार तड़के उस समय झटका लगा, जब लैंडर विक्रम से चंद्रमा के सतह से महज दो किलोमीटर पहले इसरो का संपर्क टूट गया। चंद्रयान-2 के बारे में अभी जानकारी का इंतजार है। इसरो के कंट्रोल रूम में वैज्ञानिक आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं। डाटा का अध्ययन अभी जारी है। मेहनत का परिणाम मन मुताबिक होते न दिखे तो मन उदास जरूर होता है। चांद से ठीक पहले चंद्रयान का संपर्क टूटने से वैज्ञानिकों के चेरहों पर चिंता की लकीरें उभर आई हैं। इसी बीच राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, बीएसपी चीफ और यूपी की पूर्व सीएम मायावती, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई बड़े राजनेताओं ने वैज्ञानिकों का हौसला बढ़ाया है और कहा है कि देश को उनपर गर्व है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद

‘चंद्रयान-2’ के लैंडर ‘विक्रम’ का चांद पर उतरते समय जमीनी स्टेशन से संपर्क टूट जाने के बीच राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने कहा कि देश को इसरो के वैज्ञानिकों पर गर्व है। कोविंद ने ट्वीट किया, ‘चंद्रयान-2 मिशन के साथ इसरो की समूची टीम ने असाधारण प्रतिबद्धता और साहस का प्रदर्शन किया है। देश को इसरो पर गर्व है।’ उन्होंने कहा, ‘हम सभी सर्वश्रेष्ठ की उम्मीद करते हैं।’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसरो के वैज्ञानिकों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि आपने बहुत अच्छा काम किया है। उन्होंने कहा कि जीवन में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं और यह यात्रा जारी रहेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘जब मिशन बड़ा होता है तो निराशा से पार पाने की हिम्मत होनी चाहिए। मेरी तरफ से आप सभी को बहुत बधाई है. आपने देश की, मानव जाति की बड़ी सेवा की है’।

यह सफर थोड़ा लंबा जरूर हुआ है लेकिन आने वाले कल में सफलता जरूर मिलेगी- सोनिया 

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने चंद्रयान-2 मिशन पर आधिकारिक बयान जारी किया है। सोनिया गांधी ने शनिवार को कहा कि यह सफर थोड़ा लंबा जरूर हुआ है लेकिन आने वाले कल में सफलता जरूर मिलेगी। सोनिया गांधी इस बयान में इसरो के वैज्ञानिकों के उल्लेखनीय प्रयासों की सराहना की। 

उन्होंने कहा कि हम इसरो और इससे जुड़े पुरुषों एवं महिलाओं के कर्जदार हैं। उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण ने भारत को अंतरिक्ष की दुनिया में अग्रणी देशों की कतार में शामिल कर दिया है और आगे की पीढ़ियों को प्रेरित किया है कि वे सितारों तक पहुंचें। 

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह हमारे वैज्ञानिकों की उल्लेखनीय क्षमता, ख्याति और हर भारतीय के दिल में उनके लिए खास जगह होने का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि चंद्रयान का सफर थोड़ा लंबा जरूर हुआ है लेकिन इसरो का इतिहास ऐसी मिसालों से भरा पड़ा है कि नाउम्मीदी में उम्मीद पैदा हुई।

 वे कभी हार नहीं मानते। मुझे कोई संदेह नहीं है कि हम वहां पहुंचेंगे, भले ही आज नहीं पहुंच पाए, लेकिन कल हम जरूर पहुंचेंगे। उन्होंने इसरो की अतीत की सफलताओं का उल्लेख किया और कहा कि हर रुकावट भविष्य की सफलता से पहले का एक पड़ाव भर है।

अमित शाह

केन्द्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को चंद्रमा की सतह पर उतरने से पहले विक्रम लैंडर से संपर्क टूटने के बाद कहा कि चंद्रयान-2 को लेकर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की अब तक की उपलब्धि पर प्रत्येक भारतीय को गर्व है। शाह ने ट्वीट किया, ‘चंद्रयान-2 को लेकर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की अब तक की उपलब्धि पर प्रत्येक भारतीय को गर्व है। भारत इसरो के अपने प्रतिबद्ध एवं अथक पर‌िश्रम करने वाले वैज्ञानिकों के साथ खड़ा है। इसरो की भविष्य की योजनाओं के लिए मेरी शुभकामनाएं’।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि विक्रम लैंडर से संपर्क टूट जाने के बाद भी चंद्रयान-2 मून मिशन में इसरो के वैज्ञानिकों ने बेहतरीन कार्य किया। केजरीवाल ने कहा, ‘हमें अपने वैज्ञानिकों पर गर्व है, उन्होंने इतिहास रचा है। निराश होने की जरूरत नहीं है। हमारे वैज्ञानिकों ने उम्दा काम किया है, जय हिंद’।

राहुल गांधी ने कहा- समूचा देश इस समय इसरो की टीम के साथ खड़ा है

इसके साथ ही कांग्रेस ने कहा कि देश इसरो के साथ खड़ा है और उसका प्रयास व्यर्थ नहीं जाएगा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इसरो वैज्ञानिकों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने मिशन पर बेहतरीन काम किया तथा कई और महत्वपूर्ण एवं महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष मिशनों की नींव रखी है।

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘इसरो को ‘चंद्रयान-2’ मिशन पर उसके बेहतरीन कार्य के लिए बधाई। आपका भाव और समर्पण हर भारतीय के लिए एक प्रेरणा है। आपका काम व्यर्थ नहीं जाएगा। इसने कई और महत्वपूर्ण तथा महत्वाकांक्षी भारतीय अंतरिक्ष मिशनों की नींव रखी है।’ कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कहा कि समूचा देश इस समय इसरो की टीम के साथ खड़ा है। अंतरिक्ष एजेंसी के कठिन परिश्रम और प्रतिबद्धता ने देश को गौरवान्वित किया है।

गिरते हैं शहसवार ही मैदान-ए-जंग में, वह तिफ्ल (बच्चा) क्या गिरे जो घुटनों के बल चले’

मायावती ने भी ट्वीट कर लिखा, चांद पर कदम रखने के लिए चन्द्रयान-2 मिशन ने समस्त भारतीय जनमानस को रोमांचित किया है। इस संबंध में भारतीय वैज्ञानिकों खासकर ’इसरो’ के वैज्ञानिकों ने अबतक जो भी सफलता प्राप्त की है वह गर्व करने लायक है व उसकी सराहना की जानी चाहिए।

अपने अगले ट्वीट में उन्होंने लिखा- साथ ही, आगे बढ़ते रहने के लिए यह जरूरी है कि निराशा, हताशा व दुःखी कतई न हों और यह भी याद रहे कि ’गिरते हैं शहसवार ही मैदान-ए-जंग में, वह तिफ्ल (बच्चा) क्या गिरे जो घुटनों के बल चले’। वैज्ञनिकों को देशहित में काम करते रहने के लिए उनके हौंसले को बढ़ाते रहने की जरूरत है। 

इसरो टीम में प्रत्येक पर गर्व, असफलता यात्रा का है एक हिस्सा-प्रियंका 

वहीं, चंद्रयान-2 को लेकर प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा है, 'इसरो टीम में प्रत्येक पर गर्व है। असफलता यात्रा का एक हिस्सा है। उसके बिना कोई सफलता नहीं मिलती है। पूरा देश आपके साथ खड़ा है और आप पर विश्वास करता है।'

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad