Advertisement

कमल हासन से पहले इन फिल्मी हस्तियों ने बनाईं अपनी राजनीतिक पार्टी

फिल्म और सियासत का बड़ा गहरा नाता है। फिल्मी दुनिया में नाम कमाने के बाद चुनाव लड़ने की रीत भी कोई नई...
कमल हासन से पहले इन फिल्मी हस्तियों ने बनाईं अपनी राजनीतिक पार्टी

फिल्म और सियासत का बड़ा गहरा नाता है। फिल्मी दुनिया में नाम कमाने के बाद चुनाव लड़ने की रीत भी कोई नई नहीं है। सिनेमाई जगत से सियासत की सड़क पर चलने वालों की कोई कमी नहीं है। सुपर स्टार अमिताभ बच्चन से लेकर रजनीकांत तक राजनीतिक चाल चल चुके हैं। ऐसे तो इस फेहरिस्त में अधिकतर नाम उनके हैं जिन्होंने राजनीतिक दलों का दामन थामकर अपना भाग्य आजमाया। लेकिन ऐसे नामों की भी भरमार है जिन्होंने खुद की राजनीतिक पार्टी बना डाली। यानी कमल हासन इस मैदान में अकेले नहीं हैं। आइए जानते हैं कमल हासन से पहले किन-किन फिल्मी हस्तियों ने अपना सियासी दल बनाया-

 

एमजी रामचंद्रन

मरुथुर गोपालन रामचंद्रन जो एमजी रामचंद्रन के नाम से प्रसिद्ध हैं। उनके चाहने वाले उन्हें एमजीआर के नाम से याद करते हैं। एमजी रामचंद्रन युवा अवस्था से ही भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में शामिल हो गए। वह साल 1953 तक पार्टी के सदस्य बने रहे। एमजीआर महात्मा गांधी के सिद्धांतों मानते थे। इसलिए वह खादी के ही वस्त्र पहना करते थे। साल 1953 में एमजीआर ने एम करुणानिधि के अनुरोध पर द्रविड़ मुन्नेत्र कजगम/डीएमके पार्टी ज्वाइन कर ली।

एमजी रामचंद्रन ने डीएमके को छोड़कर वर्ष 1972 में अपनी खुद की नई पार्टी अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र काजगम यानी एआईडीएमके की स्थापना की।

एमजीआर तमिलनाडू का चुनाव जीतकर मुख्यमंत्री बने। मुख्यमंत्री के पद तक पहुंचने वाले वह पहले फिल्म अभिनेता बने।

चिरंजीवी

मशहूर तेलुगू फिल्म अभिनेता चिरंजीवी ने आन्ध्र प्रदेश में प्रजा राज्यम पार्टी के नाम से राजनीतिक दल बनाया था। इसकी स्थापना 26 अगस्त 2008 की गई। 2009 में पार्टी के नेता चिरंजीवी ने दो विधानसभा सीटों तिरुपति और पैलाकोल से चुनाव लड़ा और उन्हें तिरूपति में जीत भी मिली। पार्टी को 17 फीसदी वोट मिले और 18 विधानसभा सीटें भी जीतीं।

हालांकि 6 फरवरी 2011 को आधिकारिक रूप से इसकी घोषणा की गयी कि इस दल का भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में विलय हो गया है। ऐलान के मुताबिक, अगस्त 2011 में इसका भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में विलय हो गया।

राखी सावंत

28 मार्च 2014 में अभिनेत्री राखी सावंत ने चुनाव मैदान में उतरने के साथ ही अपना राजनीतिक दल बनाने की घोषणा की थी। उन्होंने अपनी नई पार्टी की लांचिंग की जिसका नाम 'राष्ट्रीय आम पार्टी' है।

राखी का कहना था कि उनकी पार्टी खासतौर से महिलाओं के अधिकारों के लिए कार्य करेगी। पुरुष प्रधान समाज में महिलाओं की सुनवाई नहीं होती। राखी ने कहा कि पहले वे अपने घर का कचरा साफ करना चाहती हैं। हालांकि अभिनेत्री राखी सावंत मुंबई उत्तर-पश्चिम लोकसभा सीट से चुनाव हार गईं। इस सीट पर वह छठे स्थान पर रहीं। उन्हें कुल 1,995 मत मिले थे।

राजपाल यादव

अभिनेता राजपाल यादव भी राजनीति के बाजार में अपनी पार्टी खोल चुके हैं। उन्‍होंने अक्टूबर 2016 में सर्व सम्‍भाव पार्टी (एसएसपी) के नाम से नई पार्टी बनाते हुए यूपी की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान किया। हालांकि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजपाल के बड़े भाई श्रीपाल यादव बने लेकिन अंतर्राष्ट्रीय स्टार प्रचारक की भूमिका खुद राजपाल यादव निभा रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में हुए विधानसभा के दौरान इनकी पार्टी का लोकदल से गठबंधन हो गया।

रजनीकांत

साल की शुरूआत में ही दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार रजनीकांत ने अपनी खुद की पार्टी बनाने का ऐलान कर चुके हैं। पार्टी बनाने की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा था कि वे तमिलनाडु की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। लोकतंत्र अभी बुरी स्थिति में है और राजनीति में आना समय की जरूरत है।

इस दौरान उन्होंने कहा, 'मैं तमिलनाडु के लोगों के लोगों के लिए जिम्मेदार हूं और सभी 234 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। मैं नेता बनूंगा और मेरी सेना आगामी विधानसभा चुनाव में लड़ेगी। मेरे सभी फैन क्लब अब एक छतरी के नीचे आ जाएंगे और मैं सिस्टम को साफ करने के लिए उनका इस्तेमाल करूंगा।'

यानी अब-तब वे विधिवत पार्टी बनाने की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad