Advertisement

गुजरात: अल्पेश ठाकोर भाजपा में शामिल, कांग्रेस विधायक पद से दिया था इस्तीफा

पिछले दिनों कांग्रेस विधायक पद छोड़ने वाले गुजरात के नेता अल्पेश ठाकोर आज आधिकारिक रूप से भारतीय जनता...
गुजरात: अल्पेश ठाकोर भाजपा में शामिल, कांग्रेस विधायक पद से दिया था इस्तीफा

पिछले दिनों कांग्रेस विधायक पद छोड़ने वाले गुजरात के नेता अल्पेश ठाकोर आज आधिकारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। उन्होंने गुजरात के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जीतू वाघानी की मौजूदगी में पार्टी का दामन थामा। उनके साथ कांग्रेस विधायक पद छोड़ने वाले धवल सिंह जाला भी भाजपा में शामिल हुए। पिछले दिनों ही गुजरात क्षत्रिय ठाकोर सेना के अमित ठाकोर ने संकेत दिए थे कि अल्पेश ठाकोर और धवल सिंह जाला जल्द ही भाजपा में शामिल होंगे। अल्पेश ठाकोर और धवल सिंह जाला ने राज्यसभा उपचुनाव के मतदान के बाद गुजरात विधानसभा से बतौर कांग्रेस विधायक इस्तीफा दे दिया था।

जनाधार खो चुकी है कांग्रेस

इस्तीफा देने के बाद अल्पेश ठाकोर ने कहा था, ‘मैंने राहुल गांधी पर भरोसा करके कांग्रेस पार्टी जॉइन की थी लेकिन दुर्भाग्यवश उन्होंने हमारे लिए कुछ नहीं किया। पार्टी जनाधार खो चुकी है और हमारे साथ धोखा (द्रोह) हुआ है। हर बार हमें बेइज्जत किया गया, इसलिए मैंने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है और कांग्रेस छोड़ दी है।‘

गुजरात में भी दल-बदल की हलचल

कर्नाटक व गोवा के बाद गुजरात में भी भाजपा को कांग्रेस छोड़ने वाले विधायकों का साथ मिल सकता है। धवल सिंह झाला ने बताया कि अल्‍पेश राधनपुर से और वे खुद बायड से ही उपचुनाव लड़ेंगे।

काफी समय से थीं भाजपा में शामिल होने की अटकलें

अल्‍पेश के भाजपा में आने की अटकलें काफी पहले से लगाई जा रही थीं लेकिन अल्पेश की उत्‍तर भारतीय विरोधी छवि को लेकर भाजपा में कुछ नेता असमंजस में थे। संघ से जुड़े नेताओं का मानना है कि इससे पार्टी को भविष्‍य में नुकसान उठाना पड़ सकता है। माना जा रहा है कि इसी के चलते अल्‍पेश का अभी तक भाजपा में प्रवेश रुका हुआ था लेकिन अब वह पार्टी में आ गए हैं।

बहुचराजी से कांग्रेस विधायक भरत ठाकोर के भी भाजपा में शामिल होने की अटकलें हैं। वहीं, जूनागढ़ से विधायक भिखाभाई जोशी भी कांग्रेस आलाकमान से नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। जूनागढ़ महानगर पालिका चुनाव में उनके विरोधियों को टिकट देने से जोशी नाराज बताए जा रहे हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement