Advertisement

भाजपा विकास का काम नहीं, सिर्फ नफरत फैलाने का काम कर रही है: अखिलेश

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को एक बार फिर विकास को लेकर भाजपा सरकार...
भाजपा विकास का काम नहीं, सिर्फ नफरत फैलाने का काम कर रही है: अखिलेश

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को एक बार फिर विकास को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा से कोई उम्मीद नहीं की जा सकती क्योंकि भाजपा विकास का काम नहीं, नफरत फैलाने का काम कर रही है। वह सिर्फ लोगों का ध्यान बटाने के लिए कभी झाड़ू उठा लेते हैं, तो कभी मास्क पहन लेते हैं।

अखिलेश ने लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, भाजपा से अब कोई उम्मीद नहीं कर सकते। उसका पहला काम यही है कि नफरत फैलाओ, झगड़ा लगाओ, दूसरों को अपमानित करो। उन्होंने कहा,  भाजपा दूसरों पर आरोप लगाती है, लेकिन अब पूरे उत्तर प्रदेश में भाजपा का राज है। बड़े शहरों में सबसे ज्यादा मेयर भाजपा के हैं, लेकिन पिछले दस पंद्रह साल में कूड़ा नहीं हटा। उन्होंने कहा कि लोगों का ध्यान बंटाने के लिए कभी नया झाडू आ जाता है तो कभी दस्ताने और मास्क आ जाते हैं।

अखिलेश बोले, कभी झाडू लगाना और कभी जेब से ओपियम (अफीम) की पुड़िया निकाल देना। इसके अलावा मैं नहीं समझता कि भाजपा की कोई दिशा है। प्रदेश की योगी सरकार की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि आलू किसानों को कोई पूछने वाला नहीं है। गन्ना किसानों के बकाए का पूरा भुगतान नहीं हो पाया है। ऐसे में इस सरकार से क्या उम्मीद की जाए।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि सपा सरकार ने 23 महीने में एक्सप्रेस-वे बनाकर तैयार कर दिया था। अब मौजूदा सरकार की जिम्मेदारी है कि वह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का निर्माण शीघ्रता से कराए। उन्होंने कहा, यह सरकार की जिम्मेदारी है। केन्द्र से पैसा मिल जाएगा। नीति आयोग भी सहयोग कर रहा है.... वो (भाजपा) कह रहे थे कि हम बनारस को जोड़ देंगे। अयोध्या को जोड़ना चाहते थे, लेकिन कम से कम शुरूआत तो करें।

अखिलेश ने कहा कि एक्सप्रेस-वे बनेगा तो प्रदेश को लाभ होगा। मंडी बनेगी तो किसानों को सही दाम मिलेगा। अमूल और पराग जैसी दूध की डेयरियां खुलेंगी, तो ग्रामीण अर्थव्यवस्था अच्छी होगी। लैपटॉप बंटेंगे तो डिजिटल भारत की दिशा में हम आगे बढेंगे।

बसपा के साथ गठबंधन के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि हम सभी प्रयास कर रहे हैं कि गठबंधन हो और कोई रास्ता निकले। 'हमारा रिश्ता किसी से खराब नहीं है। हम रिश्ता ठीक करने में सबसे आगे रहते हैं।' कानून व्यवस्था के प्रश्न पर अखिलेश ने कहा कि पूरे प्रदेश की जनता जानती है कि कानून व्यवस्था के मामले में भाजपा सरकार असफल हो चुकी है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad