Advertisement

मध्य प्रदेश चुनाव के रिजल्ट से पहले ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लगा दिया जीत का पोस्टर

11 दिसंबर को पांच राज्यों राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, मिजोरम विधानसभा चुनावों के परिणाम...
मध्य प्रदेश चुनाव के रिजल्ट से पहले ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लगा दिया जीत का पोस्टर

11 दिसंबर को पांच राज्यों राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, मिजोरम विधानसभा चुनावों के परिणाम आने हैं। रिजल्ट में एक दिन बचा है। पार्टियां अपनी-अपनी जीत के दावे कर रही हैं। लेकिन मध्य प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ता एक कदम आगे ही निकल गए। उन्होंने अभी से जीत का जश्न मनाना शुरू कर दिया है। उन्होंने अपनी कल्पनाओं में सरकार भी बना ली है। असल में इससे जुड़ा एक पोस्टर भोपाल स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर लगा है। दिलचस्प यह है कि इस पोस्टर में कार्यकर्ताओं ने कमलनाथ के नेतृत्व में सरकार बनने की बात कही है।

पोस्टर में राहुल गांधी और कमलनाथ के चेहरे प्रमुखता से दिखाए गए हैं। इसमें प्रदेश के नेतओं की तस्वीरें भी हैं। पोस्टर में लिखा है, ‘कमलनाथ जी के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार का अभिनंदन।‘ साथ ही लिखा है- मध्य प्रदेश की जनता व कार्यकर्ताओं का धन्यवाद।

एग्जिट पोल्स में भारी कांग्रेस

मध्य प्रदेश में एग्जिट पोल्स में कांग्रेस का पलड़ा भाजपा से भारी है। मध्य प्रदेश में चार सर्वे में भाजपा कांग्रेस से पिछड़ती नजर आ रही है। इंडिया न्यूज-नेता, एबीपी-लोकनीति और एक्सिस माइ इंडिया-इंडिया टुडे के सर्वे में कांग्रेस भाजपा से आगे है। जबकि टाइम्स नाऊ-सीएनएक्स के सर्वे ने भाजपा के जीतने का अनुमान लगाया है।

-116 बहुमत के लिए जरूरी सीटें

सर्वे

भाजपा

कांग्रेस

अन्य

इंडिया न्यूज-नेता

106

112

12

टाइम्स नाऊ-सीएनएक्स

126

89

15

एबीपी-लोकनीति

94

126

10

एक्सिस माइ इंडिया-इंडिया टुडे

102-122

104-122

4-11

एग्जिट पोल्स से उत्साहित होकर शायद कार्यकर्ताओं ने ऐसा पोस्टर लगा दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर कमलनाथ का नाम आगे कर दिया है जबकि कांग्रेस ने अपने सीएम चेहरे की घोषणा नहीं की है।

28 दिसंबर को हुई थी वोटिंग

मध्य प्रदेश में विधानसभा की 230 सीटें हैं। 2013 के चुनाव में यहां भाजपा को 168 सीटें मिली थीं और शिवराज सिंह चौहान तीसरी बार मुख्यमंत्री बने थे। जबकि कांग्रेस के हिस्से में 58 सीटें आई थीं। 2018 विधानसभा चुनाव के लिए 28 नवंबर को वोट डाले गए थे। अब सबकी नजरें 11 दिसंबर को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad