Advertisement

रोमानिया में पढ़ाए जाते हैं ये हिंदू ग्रंथ

भारत और रोमानिया के बीच बेहद करीबी और मजबूत संबंध हैं। इस बात का अंदाजा रोमानिया के स्कूलों में 11वीं कक्षा के बच्चों को रामायण और महाभारत के अंश पढ़ाए जाने से भी लगाया जा सकता है।
रोमानिया में पढ़ाए जाते हैं ये हिंदू ग्रंथ

रोमानिया के राजदूत राडू ओक्टावियन डोबरे ने बताया कि दोनों देशों के पहले से चले आ रहे मजबूत संबंध हाल के वर्षों में काफी प्रगाढ़ हुए हैं। दोनों देशों के लोगों के बीच सम्पर्क पहले से ज्यादा बढ़े हैं। दोनों देशों के बीच करीबी सांस्कृतिक संबंध हैं।

दिखाए जाते हैं बॉलीवुड चैनल

भारत और रोमानिया के संबंधों को रेखांकित करते हुए रोमानिया के राजदूत ने कहा,  हमारे संबंध काफी करीबी हैं और इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रोमानिया में 11वीं कक्षा में बच्चों को रामायण और महाभारत के अंश पढ़ाये जाते हैं। इंटरनेशनल कल्चर खंड में बच्चों को यह पढ़ाया जाता है।

न्यूज एजेंसी भाषा से हुई खास बातचीत के दौरान भारत में रोमानिया के राजदूत डोबरे ने कहा,  हमारे देश में दो बॉलीवुड चैनल 24 घंटे प्रसारित होते हैं। हम दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत बनाना चाहते हैं। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की स्थायी सदस्यता की भारत की दावेदारी के बारे में एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि रोमानिया, भारत को सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्य के रूप में देखना चाहता है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंधों को बढ़ावा देने में पर्यटन का महत्वपूर्ण स्थान है और हम रोमानिया को भारत के पर्यटन के नक्शे पर देखना चाहते हैं।

दोनों देशों के बीच शानदार हुए राजनीतिक संबंध

रोमानिया के राजदूत ने कहा कि आज दुनिया में देशों के बीच आर्थिक संबंधों को काफी महत्व दिया जाता है, ऐसे में रोमानिया, भारत के साथ आर्थिक सहयोग को प्रगाढ़ बना रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे दोनों देशों के बीच राजनीतिक संबंध पहले से ही अच्छे रहे हैं और अब ये शानदार हो गए हैं। आर्थिक स्तर पर सहयोग बढ़ाने की हमेशा गुंजाइश होती है और इस संदर्भ में पर्यटन एक महत्वपूर्ण क्षेत्रा है। रोमानिया दूतावास ने हाल ही में अस्का टुअरिज्म कंसल्टिंग लिमिटेड के साथ मिलकर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया है।

पर्यटकों लुभाता रोमानिया

रोमानिया को पर्यटन के लिए एक बेहतर स्थान बताते हुए राडू ओक्टावियन डोबरे ने कहा कि सुंदर शहर, आध्यात्मिक पर्वतीय क्षेत्र, स्वच्छ हवा, शानदार भोजन के साथ समुद्र किनारों के परिपूर्ण दर्शनीय स्थलों के साथ डेन्यूब नदी पर्यटकों को काफी लुभाती है। इसके साथ ही प्राचीन सभ्यता से जुड़े स्थानों के साथ कई यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल हैं। उन्होंने कहा कि रोमानिया के एक लेखक मिर्सिया इलिएड की पश्चिम बंगाल से जुड़ी प्रेम कहानी और इस पर आधारित पुस्तक मैत्रोय काफी लोकप्रिय रही है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad