Advertisement

उत्तर भारतीयों पर हमले को लेकर गुजरात सीएम ने यूपी में कहा, कड़े कदम उठाए जाएंगे

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने गुजरात में उत्तर भारतीयों पर हमले के बारे में कहा कि यह कांग्रेस...
उत्तर भारतीयों पर हमले को लेकर गुजरात सीएम ने यूपी में कहा, कड़े कदम उठाए जाएंगे

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने गुजरात में उत्तर भारतीयों पर हमले के बारे में कहा कि यह कांग्रेस की सुनियोजित साजिश थी। मामले में सात सौ से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसमें 50 से ज्यादा कांग्रेसी हैं। करीब 60 से 70 कांग्रेसियों को सोशल मीडिया पर लोगों को भड़काने पर पकड़ा गया है। उन्होंने कांग्रेसी विधायक अल्पेश ठाकोर का नाम लिए बगैर कहा कि जो उन्होंने भाषण दिए हैं। उसकी जांच कराई जा रही है और उसकी रिपोर्ट आने पर कार्यवाही की जाएगी।

यूपी में योगी के साथ रूपाणी ने की प्रेस वार्ता

यह बातें उन्होंने सोमवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में कहीं। उन्होंने यहां गुजरात सरकार के प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रदेश सरकार को 31 अक्टूबर को गुजरात में सरदार बल्लभ भाई पटेल की विश्व की सबसे बड़ी 182 मीटर ऊंची प्रतिमा के लोकार्पण कार्यक्रम में आमंत्रित किया। प्रतिमा का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।

प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विधायक ने सुनियोजित साजिश रची थी कि चार राज्यों में चुनाव चल रहे हैं और स्टेच्यू ऑफ यूनिटी का भी लोकार्पण होने वाला है। एकता खंडित हो, इसका उन्होंने प्रयत्न किया, लेकिन सरकार ने उसे विफल बनाया। आज पूरी तरह स्थिति नियंत्रण में है। गुजरात में बसे हुए जितने नॉन गुजराती हैं, जिस तरह से गुजरात की परंपरा रही है और दूध में शक्कर मिल जाती है, उसी तरह से सभी लोग साथ में रह रहे हैं। सरकार की ओर से उसी वक्त कड़े से कड़े कदम उठाए गए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रयत्न था और पूरी तरह विफल हुआ। कांग्रेस के बिहार के प्रभारी हैं और बिहारी को निकालने की बात कर रहे हैं। कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी को ट्वीट करते हुए बात नहीं छोड़नी चाहिए, कांग्रेस को कदम उठाना चाहिए। उनके जवाब में हमने तीन ट्विट किए थे। हमने कहा था कि यह ठीक नहीं है। कांग्रेस का स्टैंड स्पष्ट होना चाहिए।

कांग्रेसियों ने दिखाए काले झंडे, उड़ाए गुब्बारे

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के यूपी की राजधानी लखनऊ के आगमन पर कांग्रेसियों ने रविवार शाम काले झंडे दिखाए, जिस पर पुलिस ने 12 कांग्रेसियों को हिरासत में लेकर थाने गई थी। दुबारा कांग्रेसियों ने सोमवार सुबह काले गुब्बारे उड़ाकर विरोध जताया। इसके अलावा विजय रूपाणी का पुतला भी फूंका गया और विजय रूपाणी वापस जाओ के नारे भी लगे।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad