Advertisement

गुजरात में चुनाव प्रत्याशी नहीं सेक्स और सांप्रदायिक सीडियां लड़ेंगी

लगता है इस बार का गुजरात चुनाव प्रत्याशियों के बीच नहीं सीडी की सामग्री के बीच लड़ा जा रहा है।...
गुजरात में चुनाव प्रत्याशी नहीं सेक्स और सांप्रदायिक सीडियां लड़ेंगी

लगता है इस बार का गुजरात चुनाव प्रत्याशियों के बीच नहीं सीडी की सामग्री के बीच लड़ा जा रहा है। जैसे-जैसे चुनाव पास आ रहा है, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप के साथ-साथ ‘बिलो द बेल्ट’ खेलने का खेल भी चल पड़ा है।

गुजरात में अभी पाटीदार आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल की सेक्स सीडी का हल्ला कम भी नहीं हुआ है कि एक और सीडी बाजार में आ गई है। इस बार घोर सांप्रदायिक सामग्री वाला यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल है। इसके जरिये हिंदू-मुस्लिमों के बीच खाई को और गहरा करने की साजिश की जा रही है।

इस सीडी में शाम के वक्त एक लड़की डरते हुए तेज कदमों से चल रही है। पृष्ठभूमि में अस्पष्ट रूप से अजान की आवाज है। दूसरे दृश्य में एक स्त्री और पुरुष बेचैनी से टहलते हुए दिखाए गए हैं। लड़की जैसे ही दरवाजे की घंटी बजाती है, स्त्री तुरंत दरवाजा खोल कर लड़की को गले लगा लेती है। पुरुष लड़की के सिर पर हाथ फेरता है जिससे लगता है कि दोनों लड़की के माता-पिता हैं। कैमरा लड़की की मां की तरफ घूमता है और मां है, ”एक मिनट, आप लोग गुजरात में ऐसा होता देखकर हैरान क्‍यों हो?” दूसरे शॉट में लड़की का पिता कहता है, ‘‘22 साल पहले, ऐसा हुआ करता था। ऐसा फिर हो सकता है अगर वो लोग आए तो।” फिर लड़की बोलती है, ‘‘परेशान मत हो। कोई नहीं आएगा। क्‍योंकि यहां मोदी है।” आखरी में केसरिया रंग में गुजराती में लिखा आता है, ‘अपना वोट, अपनी सुरक्षा।” वीडियो में संवाद गुजराती में हैं।

सोशल मीडिया में सीडी वायरल होने के बावजूद भी अभी तक इस सीडी को किसने जारी किया यह पता नहीं चल पाया है। अधिकारिक तौर पर किसी ने भी इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है। वीडियो की शुरुआत में पृष्ठभूमि से एक आवाज उभरती है, ‘गुजरात में शाम सात बजे के बाद यह हो सकता है।’ यह वीडियो लगभग सवा मिनट का है। भारतीय जनता पार्टी ने इस वीडियो से अपना पल्ला झाड़ लिया है। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad