Advertisement

WHO ने कोरोना वायरस को वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया, चीन में अब तक 213 मौतें

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने दुनिया के अनेक देशों में फैले कोरोना वायरस को वैश्विक स्वास्थ्य...
WHO ने कोरोना वायरस को वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया, चीन में अब तक 213 मौतें

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने दुनिया के अनेक देशों में फैले कोरोना वायरस को वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया है। डब्ल्यूएचओ की आपातकालीन समिति ने गुरुवार को इस संबंध में बैठक की। समिति ने कहा कि इस वायरस को आगे फैलने से रोका जा सकता है अगर इसके लिए मजबूत उपाय किए जाएं।

समिति ने कहा, ‘’समिति का मानना है कि वायरस को फैलने से रोकना अभी संभव है, बशर्ते कि रोग का आसानी से पता लगाने के लिए मजबूत उपाय किए जाएं।’’ डब्ल्यूएचओ प्रमुख ने कहा, ‘हम नहीं जानते हैं कि कमजोर स्वास्थ्य प्रणाली वाले देश में इस वायरस से क्या नुकसान हो सकता है। हमें इस संभावना के लिए देशों को तैयार करने में मदद करने के लिए अभी से कार्य करना चाहिए। इन सभी कारणों में मैं कोरोना वायरस के वैश्विक प्रकोप पर अंतरराष्ट्रीय चिंता का एक सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया जा रहा है।’’

चीन में इस वायरस से मरने वालों की संख्या 213 हुई

उल्लेखनीय है कि दुनिया भर के अब तक 22 देशों में कोरोना वायरस के सात हजार से अधिक मामलों की पुष्टि हुई है। इसमें से 7,711 मामले अकेले चीन में दर्ज हुए हैं। चीन में अब तक वायरस की चपेट में आने वाले 213 लोगों की मौत हो गई है। भारत के केरल में भी कोरोना वायरस का एक मामला सामने आया है। 

गुरुवार को भारत में पहला मामला आया सामने

भारत के केरल में भी गुरुवार को कोरोना वायरस का एक मामला सामने आया। मंत्रालय ने बताया कि छात्र की जांच के नतीजे पॉजिटिव पाए जाने के बाद उसे अस्पताल में अलग रखा गया है। मरीज की हालत स्थिर है और उसके स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है।

चीन के वुहान से हुई शुरुआत

हुबेई की राजधानी वुहान में लगभग 1.1 करोड़ लोग रहते हैं और कोरोना वायरस का पहला मामला यहीं पाया गया था। वुहान में हर तरह का यातायात रद्द कर दिया गया है। महामारी के लगातार फैलने के कारण रविवार को अन्य शहरों में भी प्रतिबंध लगाए गए हैं। रेलवे स्टेशनों और बीजिंग इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ने वालों समेत कुल 55 रेलवे स्टेशनों पर तापमान स्क्रीनिंग की जा रही है, जिससे संदिग्ध मामलों की पहचान की जा सके। इस बीमारी के खिलाफ चीन ने वुहान में डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्य पेशेवरों समेत 600 कर्मियों को तैनात किया है।

क्या है कोरोना वायरस

कोरोना वायरस एक तरह का संक्रमित होने वाला वायरस है। विश्व स्वास्थ्य संगठन इस वायरस को लेकर लोगों को चेता चुका है। यह वायरस एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में संक्रमण के जरिए फैलता है। दुनिया के तमाम देशों में यह वायरस चीन से आने वाले यात्रियों के जरिए ही पहुंच रहा है। इस वायरस के लक्षण आम निमोनिया की ही तरह हैं। यह वायरस कोरोनो वायरस परिवार से संबंध रखने वाला वायरस है।

कोरोना वायरस जानवरों में भी पाया जाता है। समुद्री जीव-जंतुओं के जरिए यह वायरस चीन के लोगों में फैला। दक्षिण चीन में समुद्र के आसपास रहने वाले लोगों को सबसे पहले इस वायरस ने चपेट में लिया, जिनमें वुहान शहर है। दक्षिण चीन के बाजार जहां काफी मात्रा में समुद्री जीव मिलते हैं, उनके जरिए यह वायरस लोगों में फैला। इस बाजार में समुद्री जीव जिंदा भी मिलते हैं और उनका मांस भी मिलता है। यहीं से इस वायरस ने चीन के निवासियों को अपनी चपेट में लिया।

 

कोरोना वायरस के लक्षण

 

-    बुखार

 

-    सांस लेने में दिक्कत

 

-    सर्दी-जुकाम

 

-    खांसी

 

-    नाक का लगातार बहना

 

-    सिर में दर्द

 

-    ऑर्गन फेल्योर (अंगों का काम करना बंद)

 

कोरोना वायरस से बचाव

 

ये वायरस सबसे पहले चीन से फैलना शुरू हुआ है इसलिए चीन या उसके आसपास के देशों में जानें से बचें। क्योंकि भारत और चीन का बॉर्डर एक है इसलिए इस वायरस से बचने के लिए आप इन तरीकों को अपना सकते हैं:

 

-    अपने हाथों को अच्छी तरह साबुन से धोएं। अगर साबुन न हो तो सैनिटाइज़र का इस्तेमाल करें।

 

-    अपनी नाक और मुंह को ढक कर रखें।

 

-    बीमार लोगों से दूरी बनाए रखें। उनके बर्तन का इस्तेमाल न करें और उन्हें छुए भी नहीं। इससे       मरीज और आप दोनों ही सुरक्षित रहेंगे।

 

-    घर को साफ रखें और बाहर से आने वाली चीज़ों को भी साफ करके ही घर में लाएं।

 

-    नॉनवेज खासकर सी-फूड खाने से बचें, क्योंकि कोरोना वायरल सी-फूड से ही फैला है।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad