Advertisement

इंटरव्यू/नवाब मलिक: “क्रूज पार्टी सरकार गिराने का सबसे बड़ा खेल”

“महाराष्ट्र के अल्पसंख्यक विकास मंत्री नवाब मलिक ने समीर वानखेड़े और भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप...
इंटरव्यू/नवाब मलिक: “क्रूज पार्टी सरकार गिराने का सबसे बड़ा खेल”

“महाराष्ट्र के अल्पसंख्यक विकास मंत्री नवाब मलिक ने समीर वानखेड़े और भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए”

महाराष्ट्र के अल्पसंख्यक विकास मंत्री नवाब मलिक ने समीर वानखेड़े और भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इनके साथ-साथ उनके ऊपर लगे आरोपों पर नीरज झा ने उनसे बात की। मुख्य अंशः-

समीर वानखेड़े की कार्रवाई को कैसे देखते हैं?

वह फर्जी आदमी है। ड्रग्स लेने वालों को डरा-धमकाकर वसूली करता था। बेगुनाहों को फंसाता था। वह बॉलीवुड और महाराष्ट्र को बदनाम करने तथा महाराष्ट्र सरकार को गिराने के खेल में शामिल है। वानखेड़े ने फर्जी सर्टिफिकेट का इस्तेमाल किया है। वसूली के लिए आर्यन खान को किडनैप किया गया, लेकिन के.पी. गोसावी के क्लिप और सेल्फी से सारा खेल बिगड़ गया।

किस आधार पर कह रहे हैं कि आर्यन की किडनैपिंग हुई?

वास्तव में क्रूज पार्टी सरकार गिराने का सबसे बड़ा खेल था। पार्टी में कुछ मंत्रियों को और बड़ी हस्तियों के बच्चों को बुलाने की योजना थी। हम इसे एक्सपोज करेंगे।

आपके दामाद पर भी तो ड्रग्स लेने के आरोप हैं।

मेरे दामाद समीर खान के पास ड्रग्स बरामद नहीं हुई थी। जब एक मंत्री के रिश्तेदार को नाजायज फंसाया जा सकता है तो आम नागरिकों को कितना फंसाया जा रहा होगा, सोच सकते हैं। मामले में राज्य और एनसीबी की एसआइटी काम कर रही है। देखते हैं कौन सच सामने लाती है।

वानखेड़े को आर्यन केस की जांच से हटाने पर क्या कहेंगे?

यह एनसीबी का कवर-अप करने वाला कदम है। वानखेड़े की प्राइवेट आर्मी गुजरात के एक मंत्री के लगातार संपर्क में थे। गुजरात पोर्ट से इतनी बड़ी ड्रग्स की खेप पकड़ी गई, कोई चर्चा नहीं। लड़ाई तो मैं लड़ता ही, फोटो-वीडियो सामने नहीं आता तो मेरी लड़ाई को उतनी धार नहीं मिलती जितनी अब मिली है।

देवेंद्र फडणवीस आपका संबंध अंडरवर्ल्ड से बता रहे हैं।

वे जो लाना चाहते हैं लाएं, हम तैयार हैं। कहीं ये ‘बम’ हाथ में ही न फूट जाए।

इतने आरोप हैं तो आप कोर्ट क्यों नहीं जाते?

मैं क्यों कोर्ट जाऊं? सच बोल रहा हूं। जिसे जाना है जाए। ‘कोर्ट जाओ’ बीजेपी की भाषा है। वानखेड़े कोर्ट गए कि मेरी गिरफ्तारी न हो, मेरे (मलिक) बोलने पर रोक लगाई जाए।

क्या एनसीबी की कार्रवाई संदिग्ध है?

मैं पूरी संस्था पर ऊंगली नहीं उठा रहा, वानखेड़े की भूमिका पर सवाल है। इसमें चार किरदार हैं- वानखेड़े, वीवी सिंह, आशीष रंजन और वानखेड़े का ड्राइवर। मैंने दो महिलाओं का भी जिक्र किया है।

क्या बॉलीवुड को टारगेट किया जा रहा है?

बॉलीवुड की दुनिया में पहचान है। सौ साल का इतिहास है। फाल्के साहब से लेकर हजारों लोगों ने मेहनत करके इसे खड़ा किया है। कोई षडयंत्र करके इसे हटा नहीं सकता।

अनिल देशमुख की गिरफ्तारी के बाद अघाड़ी सरकार खुद सवालों के घेरे में है।

जिसके आरोप पर गिरफ्तारी हुई है वही फरार है। केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर लोगों को डराया जा रहा है। लेकिन न बंगाल में यह खेल चला, न महाराष्ट्र में चलेगा। हम डरने वाले नहीं हैं। छगन भुजबल पर भी आरोप थे लेकिन कोर्ट ने बरी कर दिया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad