Advertisement

कानपुर केस: फरीदाबाद के एक होटल में देखा गया विकास दुबे! गैंगस्टर पर अब 5 लाख का इनाम

कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद से फरार चल रहे गैंगस्टर विकास दुबे को लेकर पुलिस को एक और...
कानपुर केस: फरीदाबाद के एक होटल में देखा गया विकास दुबे! गैंगस्टर पर अब 5 लाख का इनाम

कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद से फरार चल रहे गैंगस्टर विकास दुबे को लेकर पुलिस को एक और बड़ा सुराख हाथ लगा है। विकास दुबे हरियाणा के फरीदाबाद में कथित तौर पर एक होटल में देखा गया। हालांकि, इस सूचना के बाद जब तक पुलिस वहां पहुंच पाती, तब तक वह होटल से भाग चुका था।

दरअसल, फरीदाबाद के एक होटल के सीसीटीवी फुटेज में विकास दुबे जैसा दिखने वाला एक व्यक्ति दिखा, जिसके बाद पुलिस ने होटल में छापा मारा। लेकिन जब तक पुलिस वहां पहुंची तब तक वह शख्स वहां से जा चुका था।

खुफिया रिपोर्टों के अनुसार, दुबे एक नकली पहचान के तहत बडखल चौक क्षेत्र में स्थित एक कम बजट वाले होटल में रुका था। हरियाणा और उत्तर प्रदेश की संयुक्त टीमों ने दुबे के एक सहयोगी को हिरासत में ले लिया है, जिसने पुष्टि की कि विकास उसके साथ होटल में रुका था।

होटल में पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग अपने कब्जे में ली, जिसमें देखा गया कि गैंगस्टर दुबे काले रंग की शर्ट, जींस और नकाब पहनकर होटल में मौजूद था। एक और सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि वह वाहन के इंतजार में एक बैग के साथ सड़क किनारे खड़ा था। वहीं, होटल के कर्मचारियों के अनुसार, दुबे ने खुद की पहचान अंकुर के नाम से बताई थी और पुलिस के पहुंचने से पहले वह होटल से भाग गया था। 

 

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने न्यूज़ एजेंसी आईएएनएस को बताया, "हमारी जानकारी के अनुसार विकास दुबे दिल्ली और एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) में आने-जाने के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर रहा है। क्योंकि सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि वह सड़क के किनारे एक वाहन का इंतजार कर रहा था।

 

इससे पहले आज सुबह उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (यूपी एसटीएफ) को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने विकास दुबे के साथी अमर दुबे को एनकाउंटर में मार गिराया। बुधवार तड़के पुलिस से छिपकर भाग रहे अमर दुबे ने पुलिस पर फायरिंग की जिसके बाद पुलिस ने उसे हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में मार गिराया। बता दें कि अमर दुबे विकास का काफी करीबी माना जाता है, वह बिकरू गांव में पुलिसकर्मियों की हत्या में भी शामिल था।

विकास दुबे पर इनाम राशि को 2.5 लाख से बढ़ाकर 5 लाख किया

कानपुर एनकाउंटर कर फरार हुए विकास दुबे पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। गैंगस्टर विकास दुबे पर इनाम राशि को 2.5 लाख से बढ़ाकर 5 लाख कर दिया है। घटना के बाद पहले पचास हजार का इनाम घोषित था, जिसे बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया गया था। इसके बाद डीजीपी ने उसपर ढाई लाख रुपये का इनाम की घोषणा कर दी थी। इसके बाद कानपुर पुलिस अफसरों ने इनाम की राशि बढ़ाकर पांच लाख रुपये करने की घोषणा का प्रस्ताव शासन को भेजा था, जिसे स्वीकृति मिल गई है।  

ये भी पढ़ें- विकास दुबे का करीबी अमर दुबे पुलिस मुठभेड़ में मारा गया, कानपुर केस में था शामिल

बता दें कि विकास दुबे तब से फरार है जब उसे पकड़ने के लिए गए पुलिसकर्मियों पर घात लगाकर उसने करीब आठ पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी। इस हमले के बाद पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर में 21 लोगों का नाम शामिल है, जिसमें करीब 50 से 60 अज्ञात लोगों का भी उल्लेख किया गया है।

8 पुलिसकर्मियों के मौत के बाद कानपुर पुलिस ने 15 अपराधियों की तस्वीरें जारी की, जो गैंगस्टर विकास दुबे के करीबी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इन कथित अपराधियों की तस्वीरों वाले जगह-जगह पोस्टर भी लगाए हैं, जिनमें उनकी गिरफ्तारी के लिए 25,000 रुपये का इनाम भी रखा गया है। वहीं, गैंगस्टर विकास दुबे पर पुलिस ने 2.50 लाख रुपये का इनाम रखा है।

बता दें कि कानपुर एनकाउंटर के बाद से फरार चल रहे विकास दुबे को पकड़ने के लिए पुलिस ने जगह-जगह टोल प्लाजा पर पोस्टर भी लगाए हैं, जिनमें उन्नाव, कानपुर नगर, औरैया, फतेहपुर और भारत-नेपाल सीमा के पास के इलाके शामिल हैं। विकास दुबे को सीमावर्ती नेपाल में भागने से रोकने के लिए लखीमपुर खीरी, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बहराइच और गोरखपुर में पुलिस ने अलर्ट जारी किया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad