Advertisement

अब ‘आप’ के सोमनाथ पत्नी पर जुल्म ढाने में फंसे

आम आदमी पार्टी के विधायकों के ग्रह नक्षत्र लगता है ठीक नहीं चल रहे हैं। पहले जितेंद्र सिंह तोमर फर्जीवाड़े में पकड़े गए। इसके बाद एक अन्य विधायक पूर्व कमांडो सुरिंदर सिंह पर फर्जी डिग्री का आरोप लग रहा है और अब पार्टी के चर्चित और विवादों में रहने वाले नेता सोमनाथ भारती आरोपों के घेरे में हैं।
अब ‘आप’ के सोमनाथ पत्नी पर जुल्म ढाने में फंसे

भारती पर उनकी पत्नी ने ही घरेलू हिंसा का आरोप लगाते हुए दिल्ली महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। आयोग ने शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद भारतीय को नोटिस जारी किया है और उन्हें 26 जून तक जवाब देने को कहा।

महिला आयोग को दी शिकायत में भारती की पत्नी लिपिका मिश्रा ने कहा है कि उनकी शादी 2010 में आप नेता से हुई थी। शादी के बाद से ही सोमनाथ भारती ने उनसे मार-पीट शुरू कर दी थी। उन्होंने 2011 में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बावजूद भारती का रवैया वैसा ही रहा। उनके दो बच्चे हैं और भारती उनके साथ भी बुरा व्यवहार करते हैं। अब स्थिति असहनीय होने पर उन्होंने महिला आयोग को शिकायत दी है। आयोग की अध्यक्ष बरखा सिंह ने कहा कि सोमनाथ भारती ने आज भी अपनी पत्नी के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी है। उन्होंने 26 मई को सोमनाथ भारती को अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस भेजा है।

अपने नेताओं के कानूनी झमेलों में उलझने के हर मामले में केंद्र सरकार और भाजपा की साजिश बताने वाली आम आदमी पार्टी ने फिलहाल इस मसले पर प्रतिक्रिया नहीं दी है। सोमनाथ भारती ने भी आरोपों पर चुप्पी साध रखी है। वैसे यह पहला मौका नहीं है जब भारती पर महिलाओं से बदसलूकी के आरोप लगे हों। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की 49 दिनों की सरकार के दौरान जब भारती मंत्री थे तब उन पर अफ्रीकी महिलाओं के खिलाफ टिप्पणी करने के आरोप लगे थे। भारती के समर्थकों ने खिड़की एक्सटेंशन में इन महिलाओं के साथ सार्वजनिक रूप से बदसलूकी भी की थी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad