Advertisement

चंडीगढ़ छेड़खानी मामला: भाजपा नेता के बेटे ने कबूल की पीछा करने वाली बात!

चंडीगढ़ छेड़खानी मामला में आरोपी युवक विकास बराला के द्वारा कार से युवती का पीछा करने वाली बात कबूलने की खबर आ रही है।
चंडीगढ़ छेड़खानी मामला: भाजपा नेता के बेटे ने कबूल की पीछा करने वाली बात!

समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि विकास बराला ने कार से युवती का पीछा करने वाली बात स्वीकार कर ली है। बता दें कि कल चंडीगढ़ पुलिस ने विकास बराला और उसके दोस्त आशीष को गिरफ्तार कर लिया था।

चंडीगढ़ छेड़खानी मामले में आरोपी विकास बराला और उसके दोस्त आशीष को जांच में शामिल होने के लिए पुलिस ने समन जारी किया था। पुलिस ने बुधवार को 11 बजे पूछताछ के लिए दोनों को बुलाया था, लेकिन वे निर्धारित समय पर नहीं पहुंचे, हालांकि दोपहर बाद विकास बराला और उसके दोस्त पुलिस थाने पहुंचे। जहां उन दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

दोनों आरोपी पुलिस से समन मिलने के बाद चंडीगढ़ सेक्टर-26 थाने में पेशी के लिए आए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 354D, 341 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया था। अब  पुलिस ने उनके खिलाफ गैर-जमानती धाराएं 365 और 511 को भी जोड़ दिया है।

समाचार एजेंसी एएनआई ने डीजीपी चंडीगढ़ पुलिस तेजेंदर लूथरा के हवाले से बताया कि पुलिस ने अपहरण की कोशिश की धारा लगाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ भी की गई है। कल सुबह दोनों को अदालत में पेश किया जाएगा। कोर्ट से पुलिस कस्टडी रिमांड मांगा जाएगा। सीन ऑफ क्राइम रीक्रिएट किया जाएगा। डीजीपी ने आगे बताया, "पुलिस पर कोई राजनैतिक दवाब नहीं है। हम पूरी कार्रवाई सही ढ़ंग से कर रहै हैं।"

गिरफ्तारी से फिर गिरफ्तारी तक

आईएएस की बेटी की रिपोर्ट पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लेकिन कुछ ही घंटे बाद दोनों को छोड़ दिया गया। इसे लेकर खूब सियासत हुई। पीड़ित युवती और उसके पिता खुलकर इस मसले पर सामने आ गए। वहीं आरोपी के पिता का हरियाणा के भाजपा अध्यक्ष होने से तमाम विपक्षी पार्टियों ने भाजपा पर हल्ला बोल दिया। जिसके बाद आज दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही गैर जमानतीय धाराएं भी लगाई गई।

सुभाष बराला के बोल

इधर विकास के पिता सुभाष बराला ने कहा  कि विकास पुलिस जांच में पूरा सहयोग करेगा। वह बहुत जल्द चंडीगढ़ पहुंच जाएगा। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक सुभाष बराला ने कहा कि वे कानून का सम्मान करते हैं।

पुलिस ने जारी किया था समन

इससे पहले आरोपी विकास बराला और उसके दोस्त को पुलिस ने समन जारी कर बुधवार 11 बजे से पूछताछ के लिए बुलाया था। मंगलवार की शाम को विकास बराला ने पुलिस से समन लेने से मना कर दिया था।  जिसके बाद पुलिस ने सेक्टर-7 स्थित उसके घर पर समन चिपका दिया।

सीसीटीवी फुटेज मिला

गौरतलब है कि पुलिस ने मामले से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी जारी किया है। सीसीटीवी फुटेज में एक कार का एसयूवी द्वारा पीछा करना दिख रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने पांच सीसीटीवी कैमरे के फुटेज निकाले हैं। चंडीगढ़ के एसएसपी इश सिंघल ने कहा कि हम सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर रहे हैं।

हमारे पास पर्याप्त सबूत: डीजीपी

चंडीगढ़ पुलिस के डीजीपी तेजेंद्र लूथरा ने कहा, ‘’हमारे पास पर्याप्त सबूत हैं। ड्यूटी डॉक्टर ने आरोपियों ने ब्लड-यूरिन सैम्पल देने को कहा था लेकिन उन्होंने मना कर दिया था. जांच में ये बात उनके खिलाफ जाएगी।’’

नशे में थे आरोपी

मेडिकल रिपोर्ट से पुष्टि हुई है कि विकास बराला वारदात के समय पूरी तरह नशे में था। उसने जांच के लिए अपने यूरिन और ब्लड सैंपल देने से मना कर दिया था। इसके बाद ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने विकास से आ रही बदबू और अन्य ऑब्जर्वेशन के आधार पर पाया कि दोनों आरोपी शराब के नशे में धुत हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad