Advertisement

यूपी: बिजनौर में छेड़खानी को लेकर दो समुदायों में हिंसा, चार की मौत

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद में शुक्रवार को एक लड़की से कथित रूप से छेड़छाड़ के बाद दो पक्षों में हिंसक संघर्ष और गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। इस संबंध में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है।
यूपी: बिजनौर में छेड़खानी को लेकर दो समुदायों में हिंसा, चार की मौत

प्रदेश के बिजनौर में आज दो पक्षों के बीच हुए हिंसक संघर्ष में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन लोग एक ही परिवार के हैं। पुलिस के आला अधिकारियों के अनुसार आज सुबह आठ बजे ग्राम पेदा में लड़की से कथित रूप से छेड़छाड़ के बाद पथराव और गोलीबारी की घटना में एक पक्ष के दो सगे भाई और उसी परिवार का एक दामाद मारा गया। स्थानीय पुलिस के अनुसार, बिजनौर जिले के पेदा गांव में आज सुबह एक स्कूली छात्रा के साथ कथित रूप से छेड़छाड़ की घटना के बाद दो समुदायों में मारपीट हुई, जिसके बाद वहां तनाव फैल गया।

अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) दलजीत सिंह ने बताया कि इस घटना में चार लोगों की मौत हुई है और 12 लोग घायल हुए थे, जिनमें तीन की हालत गंभीर है। उन्होंने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर सात लोगों को गिरफ्तार किया गया हैं। सिंह ने बताया कि सौहार्द्र खराब करने के लिए इस घटना को अंजाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि दोषियों पर रासुका (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) के तहत की कार्रवाई की जाएगी। सिंह ने कहा कि क्षेत्र में भय का वातावरण समाप्त करने के लिए बाहर से बल को बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि लापरवाही के आरोपी एक दरोगा को निलंबित कर दिया गया है। गृह सचिव मणिप्रसाद मिश्र ने कहा कि हम मुख्यमंत्री के आदेश पर आए हैं और माहौल शांत होने तक यहीं कैम्प करेंगे। उन्होंने लोगों से संयम बरतने की अपील की है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad