Advertisement

शिरोमणि अकाली दल से बागी हुए नेताओं ने नया अकाली दल बनाने के दिए संकेत

शिरोमणि अकाली दल से बागी हुए सीनियर टकसाली नेताओं रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा व डा. रत्न सिंह अजनाला समेत...
शिरोमणि अकाली दल से बागी हुए नेताओं ने नया अकाली दल बनाने के दिए संकेत

शिरोमणि अकाली दल से बागी हुए सीनियर टकसाली नेताओं रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा व डा. रत्न सिंह अजनाला समेत उनके पुत्रों रविन्द्र सिंह ब्रह्मपुरा और अमरपाल सिंह बौनी अजनाला को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित करने के ऐलान के बाद इन्होंने नया अकाली दल तैयार करने के संकेत दिए हैं।

शिरोमणि अकाली दल के हलका खडूर साहिब से लोकसभा सदस्य रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा के बेटे रविन्द्र सिंह ब्रह्मपुरा ने पार्टी प्रधान की ओर से उठाए गए कदम को दुर्भाग्यपूर्ण और अपने पिता की पार्टी के प्रति कुर्बानी के साथ धक्केशाही करार देते हुए कहा कि जिस टकसाली नेता ने अपने जीवन के कीमती 60 साल पार्टी की सेवा के लिए गुजार दिए उसके साथ इस तरह का व्यवहार उसका निरादर है।

रविन्द्र सिंह ब्रह्मपुरा ने कहा कि अब वह चुप नहीं बैठेंगे और सुखबीर सिंह बादल व बिक्रम सिंह मजीठिया के समय पार्टी में हुई धक्केशाही  तथा श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी की घटनाओं को लोगों के सामने लाएंगे। उन्होंने कहा कि अब वह राजनीति नहीं धर्म की बात करेंगे और लोगों की कचहरी में जाकर यह  निर्णय लेंगे कि धर्म के नाम पर खिलवाड़ करने वालों के साथ कैसा व्यवहार होना चाहिए।

अकाली दल के इतिहास में काले अक्षरों से लिखा जाएगा: सेखवां

शिरोमणि अकाली दल के पूर्व मंत्री सेवा सिंह सेखवां ने अकाली दल के प्रधान की ओर से 2 सीनियर नेताओं जिन्होंने पार्टी की नींव रखने में योगदान दिया, को पार्टी से बाहर करने को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया और कहा कि आज का दिन शिरोमणि अकाली दल के इतिहास में काले अक्षरों के साथ लिखा जाएगा। जिन्होंने पार्टी के लिए कुर्बानियां दीं आज उनको पार्टी से बाहर किया जा रहा है। शिरोमणि अकाली दल बताए कि पार्टी के प्रति सुखबीर सिंह बादल की क्या कुर्बानी है। बिक्रम सिंह मजीठिया और आदेश प्रताप सिंह कैरों की क्या जगह है।

उन्होंने चुनौती दी कि उनके पिता उजागर सिंह सेखवां का बलिदान प्रकाश सिंह बादल से कहीं अधिक है। सेखवां ने कहा कि वह पार्टी से बाहर नहीं जाएंगे और अकाली दल के साथ ही जुड़े रहेंगे। पुराने टकसाली अकालियों को साथ लेकर नया सैद्धांतिक अकाली दल तैयार करेंगे। उन्होंने कहा कि सुखबीर सिंह बादल और उनके साले बिक्रम सिंह मजीठिया ने पार्टी को तबाह कर दिया है, जिस कारण अब लोगों का विश्वास इससे उठ गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad