Advertisement

मोदी ने कांग्रेस पर लगाया गुजरातियोंं से नफरत का आरोप, बोले- मैं ही विकास, मैं ही गुजरात

गुजरात में विधानसभा चुनाव की घोषणा होने और आचार संहिता लागू होने से पहले बीजेपी अपने पक्ष में माहौल...
मोदी ने कांग्रेस पर लगाया गुजरातियोंं से नफरत का आरोप, बोले- मैं ही विकास, मैं ही गुजरात

गुजरात में विधानसभा चुनाव की घोषणा होने और आचार संहिता लागू होने से पहले बीजेपी अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए जमकर जोर लगा रही है। इसी सिलसिले में पार्टी की गुजरात गौरव यात्रा के समापन पर एक बड़ा सम्मेलन आज आयोजित किया गया जिसमें पीएम नरेंद्र मोदी के अलावा पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने भाग लिया।

महासम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी कांग्रेस पार्टी पर आक्रामक रहे। उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'चुनाव हमारे लिए विकासवाद की जंग है, उनके लिए वंशवाद की जंग है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं, विकासवाद जीतने वाला है।' उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष अब 2024 की तैयारी करे।

जीएसटी के बारे में बोलते हुए पीएम ने कहा, 'जीएसटी के फैसले पर कांग्रेस बराबर की भागीदार है। उसे झूठ नहीं बोलना चाहिए।' कांग्रेस के बारे में उन्होंने कहा, 'आज देखिए, सच कैसे उभरकर सामने आ गया है। हम कहां हैं, आप कहां हैं।'

उन्होंने कहा कि सांप्रदायिकता, जातिवाद, लोगों को गुमराह करना ही कांग्रेस के चुनाव लड़ने के हथियार हैं।

मोदी ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा, 'मैं तो एक राज्य का मुख्यमंत्री था। आपके पास पूरे देश की सल्तनत थी। कैसे-कैसे षडयंत्र किए आप लोगों ने। जब कुछ नहीं हुआ तो विकास को ही गाली देना शुरू कर दिया। कांग्रेस पार्टी के जहन में विकास के प्रति नफरत है।'

उन्होंने कहा, 'गुजरात हमेशा से कांग्रेस पार्टी और उसके परिवार के लिए आंख का कांटा रहा है। इतिहास जानता है कि उन्होंने सरदार पटेल के साथ क्या किया। जिस पार्टी ने देश को इतने मुख्यमंत्री और नेता दिए, अब उसका काम सिर्फ झूठ फैलाना है। मोरारजी देसाई को नेस्तनाबूद करने के लिए कांग्रेस पार्टी पूरी तरह जुट गयी थी।'

भाजपा कार्यकर्ताओं के बारे में उन्होंने कहा, 'मैं बीजेपी के हर सिपाही के सामर्थ्य को अच्छे से जानता हूं। कई सारी कठिनाइयों के बावजूद कार्यकर्ताओं ने आगे से नेतृत्व किया है।

इस मौके पर अमित शाह के नेतृत्व की तारीफ करते हुए मोदी ने कहा, 'जब उत्तर प्रदेश के चुनाव के नतीजों ने देश को चौंका दिया तब मैंने कहा था कि मैन ऑफ द मैच अमित शाह हैं।'

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा, 'एक तरफ वो लोग हैं जो वंशवादी राजनीति में विश्वास रखते हैं वहीं दूसरी ओर हम अपने मार्गदर्शकों के दिखाए रास्ते पर चलते हैं। विकासवाद जीतनेवाला है, वंशवाद हारने वाला है।'

पीएम मोदी बीच में थोड़ी देर गुजराती में भी बोले। उन्होंने कहा कांग्रेस पार्टी से सिवाय सत्ता के कुर्सी के खेल, वंशवाद को बचाए रखना, यही उनकी चिंता है।

अंत में उन्होंने कहा कि मैं 22 तारीख को फिर आऊंगा और अपने एक ड्रीम प्रोजेक्ट की शुरुआत करूंगा। उन्होंने अंत में लोगों को दीपावली और धनतेरस की शुभकामनाएं दीं।

बता दें कि चुनाव आयोग ने अभी गुजरात चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं किया है। इससे पहले सारी पार्टियां अपनी शक्ति लगा रही हैं। राहुल गांधी की नवसर्जन यात्रा के बाद भाजपा ने गौरव यात्रा शुरू की थी, इसकी शुरूआत एक अक्टूबर को की गई थी और इसमें बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं ने राज्य की 182 में से 149 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया है और क़रीब पांच हज़ार किलोमीटर की यात्रा की है। इसका समापन आज प्रधानमंत्री मोदी ने किया। कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल ने भी हिस्सा लिया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad