Advertisement

ओडिशा में ट्रेन हादसे पर पीएम मोदी, खड़गे, राहुल, केजरीवाल समेत अन्य ने दुख जताया, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की

ओडिशा के बालासोर जिले में शुक्रवार को एक भीषण ट्रेन हादसा हो गया। यहां, बहनागा रेलवे स्टेशन के पास तीन...
ओडिशा में ट्रेन हादसे पर पीएम मोदी, खड़गे, राहुल, केजरीवाल समेत अन्य ने दुख जताया, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की

ओडिशा के बालासोर जिले में शुक्रवार को एक भीषण ट्रेन हादसा हो गया। यहां, बहनागा रेलवे स्टेशन के पास तीन ट्रेनों की आपस में टक्कर हो गई। ओडिशा के मुख्य सचिव प्रदीप जेना ने बताया कि रेल हादसे में 233 लोगों की मौत हुई है और 900 से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं। फिलहाल मौके पर रातभर से राहत बचाव कार्य जारी है। अभी मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। ओडिशा में ट्रेन हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की और स्थिति का जायजा लिया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और समाजवादी पार्टी ने हादसे पर दुख जताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

फिलहाल, घटनास्थल पर एनडीआरएफ, ओडीआरएएफ और दमकल विभाग की टीम मौके पर मौजूद है। वहीं, भीषण ट्रेन हादसे के बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने आज एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।

पीएम मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा के बालासोर जिले में हुई ट्रेन दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की और स्थिति का जायजा लिया। पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से ट्रेन हादसे में मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और समाजवादी पार्टी ने ओडिशा के बालासोर जिले में हुए ट्रेन हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

खड़गे ने ट्वीट किया, ‘ ट्रेन हादसे के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ है। पीड़ितों के साथ हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं हैं।’ उन्होंने कहा, ‘हम प्रशासन से आग्रह करते हैं कि बचाव अभियान तेज गति से चलाया जाए और घायलों को तत्काल राहत प्रदान की जाए। स्थानीय कार्यकर्ताओं से आग्रह है कि वे हरसंभव मदद करें।’

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘ कोरोमंडल एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।‘ उन्होंने कहा, ‘ मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं से आग्रह करता हूं कि वे बचाव कार्य में हरसंभव मदद करें।’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ट्वीट किया, ‘बालासोर, ओडिशा में हुई ट्रेन दुर्घटना का दुखद समाचार मिला। मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि सभी घायलों को जल्द स्वास्थ्य लाभ मिले। सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील है कि वे राहत कार्य में पूर्ण सहयोग करें।’

आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने एक ट्वीट में कहा, ‘ओडिशा में हुआ ये दर्दनाक रेल हादसा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण एवं व्यथित कर देने वाला है। इस दुखद हादसे में जिन्होंने अपनों को खो दिया, उन सभी परिवारों के प्रति में मेरी संवेदनाएँ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान दें एवं उनके परिवारों को इस मुश्किल घड़ी में हिम्मत और साहस दें।’

समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर कहा, ‘ओडिशा में कोरोमंडल एक्सप्रेस के पटरी से उतरने से हुई दुर्घटना में लोगों के हताहत होने की सूचना, अत्यंत दुःखद। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की कामना। राहत कार्य तेज़ी से चलाए सरकार, पीड़ितों को जल्द पहुंचे सहायता।’

भाजपा ने रद्द किए कार्यक्रम

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बालासोर ट्रेन हादसे पर दुख जताते हुए कहा, "ये भयावह रेल हादसा अत्यंत ही दुखद और मन को शोकाकुल कर देने वाला है। मैं इस हृदय विदारक घटना से मर्माहत हूं, इस भीषण रेल दुर्घटना को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों के साथ–साथ देश भर में होने वाले अपने सारे कार्यक्रमों को आज के लिए स्थगित कर दिया है। मैं परमपिता परमेश्वर से शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना करता हूं। ईश्वर मृत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान दें।"

ममता बनर्जी ने दिए निर्देश

ओडिशा ट्रेन दुर्घटना पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का बयान आया है। उन्होंने कहा यह जानकर दुख हुई कि पश्चिम बंगाल से यात्रियों को ले जा रही शालीमार-कोरोमंडल एक्सप्रेस आज शाम बालासोर के पास एक मालगाड़ी से टकरा गई और बाहर जाने वाले हमारे (बंगाल) कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हम अपने लोगों की भलाई के लिए ओडिशा सरकार और दक्षिण पूर्व रेलवे के साथ समन्वय कर रहे हैं। हमारे आपातकालीन नियंत्रण कक्ष को तुरंत 033- 22143526/22535185 नंबर के साथ सक्रिय कर दिया गया है। बचाव, सहायता के लिए सभी प्रयास शुरू किए गए हैं।

हम ओडिशा सरकार और रेलवे अधिकारियों के साथ सहयोग करने और बचाव कार्यों में सहायता के लिए 5-6 सदस्यों की एक टीम मौके पर भेज रहे हैं। मैं मुख्य सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ व्यक्तिगत रूप से लगातार स्थिति की निगरानी कर रही हूं।

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के प्रवक्ता साकेत गोखले ने ट्वीट किया, ओडिशा में कोरोमंडल एक्सप्रेस और यशवंतपुर-हावड़ा ट्रेन दुर्घटना की दुखद खबर सुनकर स्तब्ध और व्यथित हूं।

 गोखले ने कहा, दुर्घटना से प्रभावित लोगों और उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं... कथित तौर पर सिग्नल में खराबी के कारण तीन ट्रेन की टक्कर हुई, जो विश्वास से परे और चौंकाने वाला है। गंभीर सवाल हैं, जिनका जवाब देने की जरूरत है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) (भाकपा-माले) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने भी यही सवाल उठाया। 

उन्होंने एक ट्वीट में कहा, क्या भारतीय रेलवे में अब हमारे पास कोई सिग्नल या सुरक्षा प्रणाली नहीं रह गई है? या क्या इस तरह के भयावह हादसे भारत में रेल यात्रा के लिए सामान्य बात हो जाएंगे? हमें पीड़ितों और इस हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों को जवाब देना चाहिए। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के सांसद बिनॉय विश्वम ने इस दुर्घटना को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के इस्तीफे की मांग की। विश्वम ने ट्वीट किया, सरकार केवल लग्जरी ट्रेन पर ध्यान केंद्रित करती है। आम लोगों की ट्रेन और पटरियों की उपेक्षा की जाती है। 

ओडिशा में हुए हादसे में लोगों की मौत इसी का परिणाम है। रेल मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए। इस बीच, केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक ट्वीट में कहा कि दुर्घटना के मद्देनजर भाजपा ने केंद्र में अपनी सरकार के नौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रस्तावित सभी कार्यक्रमों को स्थगित करने का फैसला किया है।  

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad