Advertisement

दिल्ली में दिवाली की रात सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन करने वाले 300 से ज्यादा गिरफ्तार

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दिवाली की रात पटाखे जलाने के संबंध में सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन...
दिल्ली में दिवाली की रात सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन करने वाले 300 से ज्यादा गिरफ्तार

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दिवाली की रात पटाखे जलाने के संबंध में सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन करने के 550 से अधिक मामले दर्ज किए गए और 300 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अधिकारियों ने गुरुवार को इस बात की जानकारी दी। दिवाली की रात पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न इलाकों से 2776 किलो पटाखे भी जब्त किए।

अवैध रूप से पटाखों की बिक्री के संबंध में 72 मामले दर्ज किए गए और इसमें कुल 87 लोगों को गिरफ्तार किया गया। दिल्ली पुलिस ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा 188 (आज्ञा का उल्लंघन) के तहत करीब 562 मामले दर्ज किए गए हैं और शीर्ष अदालत के आदेशों का उल्लंघन करने के मामले में 310 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

 पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उन्हें बाद में जमानत दे दी गई है। उन्होंने बताया कि शीर्ष अदालत के आदेश का उल्लंघन करने के आरोप में 24 किशोरों के खिलाफ भी किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

आपको बता दें कि बढ़ते प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने दिवाली की रात पटाखे जलाने की समय सीमा रात 8 बजे से रात 10 बजे तक निर्धारित की थी। साथ ही कोर्ट ने केवल ग्रीन पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल का आदेश दिया था। कोर्ट ने अपने आदेश के पालन के लिए पुलिस की जिम्मेदारी भी तय की थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement