Advertisement

मध्य प्रदेश: सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में भाजपा नेता गिरफ्तार, पार्टी से निष्कासित

मध्य प्रदेश में एक बार फिर से भाजपा अपने कारनामों को लेकर चर्चा में बनी हुई है। इस बार भाजपा का चर्चा का विषय कोई और नहीं बल्कि उन्हीं के एक नेता पर ऑनलाइन सेक्स रैकेट चलाने का आरोप है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी नेता नीरज शाक्य समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। नीरज शाक्य भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी (एससी मोर्चा) हैं।
मध्य प्रदेश: सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में भाजपा नेता गिरफ्तार, पार्टी से निष्कासित

जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश साइबर सेल को शिकायत मिली थी कि भोपाल में ऑनलाइन वेबसाइट के जरिये सेक्स रैकेट चलाया जा रहा है। इस शिकायत के बाद मामले की जांच में जुटी पुलिस ने खुलासा किया कि एक गैंग ग्राहकों को ऑनलाइन बुकिंग के जरिये लड़कियां सप्लाई कर रहा है।

इस रैकेट में शामिल लोग शहर के पॉश इलाके अरेरा कॉलोनी की अशोका सोसायटी से इस काम को कर रहे थे। पुलिस ने शुक्रवार को वहां छापा मारकर 9 लोगों को गिरफ्तार किया। इस रैकेट का सरगना सुभाष नाम का शख्स फरार है। वहीं, गिरफ्त में आया एक शख्स नीरज शाक्य जो भाजपा का प्रदेश मीडिया प्रभारी (एससी मोर्चा) है।

मीडिया के मुताबिक, सेक्स रैकेट में नाम आने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने नीरज शाक्य को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पुलिस ने इनके चंगुल से महाराष्ट्र और मेघालय से आईं चार लड़कियों को भी छुड़ा लिया है।

एसपी (साइबर सेल) शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया, आरोपी नौकरी का लालच देकर मेघालय और महाराष्ट्र की लड़कियों से जिस्मफरोशी करवा रहे थे। उन्होंने बताया कि  एक अश्लील वेबसाइट के जरिये ये लोग लड़कियों की सप्लाई करते थे। इस गिरोह के सदस्य जॉब से जुड़ी विभिन्न वेबसाइट्स पर अपना बायोडाटा अपलोड करने वाली लड़कियों से संपर्क करते थे और जॉब का ऑफर देकर भोपाल बुलाते थे। फिर सेक्स रैकेट में धकेल देते थे। पुलिस ने बताया कि जिस वेबसाइट के जरिये ये लोग गोरखधंधा चलाते थे वह दिल्ली में पंजीकृत है।

गौरतलब है कि इसी साल फरवरी में मध्य प्रदेश भाजपा आईटी सेल के एक नेता को आतंकवाद निरोधी दस्ते ने जासूसी कांड में गिरफ्तार किया था। इस कांड के उजागर होते ही एमपी भाजपा में हड़कंप मच गया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad