Advertisement

श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग लगातार चौथे दिन बंद रहा, घाटी में फिर बर्फबारी

श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग कुछ स्थानों पर भूस्खलन होने के कारण सोमवार को लगातार चौथे दिन भी बंद रहा। कश्मीर घाटी में ऊंचाई पर स्थित इलाकों में रातभर बर्फबारी हुई।
श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग लगातार चौथे दिन बंद रहा, घाटी में फिर बर्फबारी

मौसम विभाग ने आज से मौसम में सुधार होने का अनुमान जताया है। यातायात नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि भूस्खलन का मलबा पूरी तरह से साफ नहीं होने के कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग आज भी बंद है।

उन्होंने कहा करीब 300 किलोमीटर लंबे इस राजमार्ग में अनेक स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। बर्फबारी और बारिश के कारण भूस्खलन की ताजा घटनाएं भी हुई हैं। राजमार्ग बंद होने से अनेक वाहन फंसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि राजमार्ग को साफ करने के लिए कर्मचारी और मशीनें लगीं हुईं हैं। मलबा साफ हो जाने के बाद ही फंसे हुए वाहनों को निकाला जाएगा।

इस बीच घाटी के उंचाई वाले इलाकों में रातभर बर्फबारी हुई। गुलमर्ग में 10 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे नौ डिग्री सेल्सियस रहा।

पहलगाम में सात सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। यहां का तापमान शून्य से नीचे 6.6 डिग्री दर्ज किया गया। कोकेरनाग का तापमान शून्य से नीचे 0.7 डिग्री रहा। यहां नौ सेमी बर्फबारी हुई। कुपवाड़ा में तापमान शून्य से नीचे 2.8 डिग्री दर्ज किया गया। श्रीनगर में तापमान शून्य से नीचे 0.2 डिग्री रहा।

मौसम विभाग ने आज घाटी में कहीं-कहीं बारिश अथवा बर्फबारी होने और मंगलवार को मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है।

भाषा

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad