Advertisement

त्रिपुरा में अफवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने वाले को ही बच्चा चोरी के शक में मार डाला

त्रिपुरा में अफवाहों के खिलाफ जागरूकता फैलाने में लगे व्यक्ति को ही भीड़ ने बच्चा चोर होने के शक में...
त्रिपुरा में अफवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने वाले को ही बच्चा चोरी के शक में मार डाला

त्रिपुरा में अफवाहों के खिलाफ जागरूकता फैलाने में लगे व्यक्ति को ही भीड़ ने बच्चा चोर होने के शक में मार डाला। राज्य के सहायक पुलिस महानिदेशक स्मृति रंजन दास ने बताया कि 33 वर्षीय सुकांत चक्रवर्ती की हत्या गुरुवार की रात साउथ त्रिपुरा जिले के कालाछर्रा इलाके में हुई। इसके अलावा राज्य के वेस्ट त्रिपुरा जिले के मुराबारी में भी एक व्यक्ति को बच्चा चोर समझ कर मार डाला गया।  

समाचार एजेंसी पीटीआइ के अनुसार सुकांत चक्रवर्ती सूचना एवं संस्कृति विभाग द्वारा गठित अफवाहों के खिलाफ जागरूकता फैलाने वाली टीम के सदस्य थे। उन्हें लोगों को यह समझाने का जिम्मा सौंपा गया था कि वे अफवाह फैलाने वालों को शिकार न बने। सहायक पुलिस महानिदेशक के अनुसार चक्रवर्ती पर उस समय हमला किया गया जब वे सबरूम से लौट रहे थे।

इसके अलावा वेस्ट त्रिपुरा जिले के मुराबारी में भी लोगों ने बच्चा चोरी की शक में एक हॉकर को मार डाला। भीड़ द्वारा गुरुवार को किए गए इस हमले में दो अन्य लोग घायल भी हो गए। भीड़ द्वारा हमले की एक अन्य घटना सिपाहिजाला जिले के विशालगढ़ में भी हुई। यहां भीड़ ने पीट-पीटकर एक महिला को मार डाला और एक को घायल कर दिया। ये महिलाएं एक गाड़ी पर सवार होकर चार पुरुषों के साथ घूम रहीं थी।

पुलिस महानिदेशक एके शुक्ला ने बताया कि अफवाह फैलने से रोकने और भीड़ द्वारा लोगों को मारे जाने की घटना की वजह से राज्य में अगले 24 घंटे तक एसएमएस और इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।

मुख्यमंत्री बिप्लब देब ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि राज्य में कहीं भी बच्चा चोर नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि माकपा राज्य सरकार की छवि को धूमिल करने के लिए षडयंत्र कर रही है। भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रतिमा भौमिक और शिक्षा मंत्री रतनलाल नाथ ने पार्टी कार्यकर्ताओं से इस तरह की घटनाओं को रोकने और पुलिस से सहयोग करने की अपील की है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad