Advertisement

महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में भाजपा, शिवसेना दो-दो और एनसीपी एक सीट पर जीती

महाराष्ट्र में विधान परिषद की छह सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा, शिवसेना के खाते में दो-दो सीटें गई हैं...
महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में भाजपा, शिवसेना दो-दो और एनसीपी एक सीट पर जीती

महाराष्ट्र में विधान परिषद की छह सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा, शिवसेना के खाते में दो-दो सीटें गई हैं जबकि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को एक सीट पर जीत हासिल हुई है। कोर्ट के आदेश के कारण चुनाव आयोग ने एक सीट की मतगणना रोक दी है। ये परिणाम गुरुवार को घोषित किए गए।

भाजपा के डॉ. रामदास अंबाटकर वर्धा-चंद्रापुर-गढ़चिरौली से और प्रवीण पोटे पाटिल अमरावती से जीते हैं। शिवसेना के नरेंद्र दर्डे नासिक से और विप्लव बाजोरिया परभनी हिंगोली सीट पर जीत हासिल करने में सफल रहे हैं। रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग से एनसीपी के अनिकेत टटकरे जीते हैं। बीड-उस्मानाबाद सीट की मतगणना रोक दी गई है। यहां गिनती बाद में कराई जाएगी।

स्थानीय निकायों से महाराष्ट्र विधान परिषद की छह सीटों के लिए सोमवार को मतदान हुए थे। राकांपा के तीन, भाजपा के दो और कांग्रेस के एक विधान पार्षद का राज्य के उच्च सदन में कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो जा रहा है।

महाराष्ट्र विधान परिषद में कुल 78 सीटें हैं। इसमें एनसीपी के 23 सदस्य हैं। इसके अलावा कांग्रेस के 19, भाजपा के 18, शिवसेना के 9, पीआरपी और लोकभारती के 1-1 सदस्य हैं। विधान परिषद में विपक्ष का बहुमत होने से सभापति पद एनसीपी और उपसभापति पद कांग्रेस के पास है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement