Advertisement

दिल्ली में आज से लॉकडाउन में ढील, प्लंबर-इलेक्ट्रिशियन-मैकेनिक को छूट, खुलेंगी कुछ दुकानें

कोरोना वायरस (कोविड-19) के बढ़ते संकट के बीच आज से दिल्ली में लॉकडाउन में राहत दी जा रही है। दिल्ली सरकार...
दिल्ली में आज से लॉकडाउन में ढील, प्लंबर-इलेक्ट्रिशियन-मैकेनिक को छूट, खुलेंगी कुछ दुकानें

कोरोना वायरस (कोविड-19) के बढ़ते संकट के बीच आज से दिल्ली में लॉकडाउन में राहत दी जा रही है। दिल्ली सरकार ने कोरोना की स्थिति की समीक्षा के बाद सोमवार देर रात कुछ सेवाओं में छूट का आदेश दिया है। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने अपने आदेश में स्वास्थ्यकर्मी, लैब टेक्नीशियन और वैज्ञानिकों की अंतर-राज्य यात्रा की भी अनुमति दी है। इसके अलावा पशु चिकित्सकों, प्लंबर और बिजली कर्मियों पर रोक भी हटा दी गई है।

 

यह ढील मंगलवार यानी आज से शुरू हो रही हैं। इससे पहले 19 अप्रैल को लिए गए निर्णय में ये साफ किया गया था कि हालात देखते हुए इन सेवाओं को शुरू करने के लिए 27 अप्रैल को ही कोई निर्णय लिया जाएगा।

लॉकडाउन के बीच ये काम करने की छूट 

-    दिल्ली में आज से सभी वेटनरी हॉस्पिटल, डिस्पेनसरी, क्लिनिक, पैथॉलोजी, लैब और वैक्सीन-मेडिसिन की बिक्री और सप्लाई की इजाजत दे दी गई है।

-    सभी मेडिकल स्टाफ, वैज्ञानिक, नर्स, पैरा-मेडिकल स्टाफ, लैब टेक्नीशियन के अलावा हॉस्पिटल स्टाफ को अंतरराज्यीय परिवहन (हवाई यात्रा भी) की यात्रा दी गई है।

-    इलेक्ट्रिशियन, प्लंबर और वॉटर प्यूरिफायर के मैकेनिक को भी छूट दी गई है।

-    दिल्ली सरकार ने अपने आदेश में स्टूडेंट के लिए एजुकेशनल बुक स्टोर और इलेक्ट्रिक फैन की दुकान को भी खोलने की इजाजत दी है।

केंद्र सरकार ने 20 अप्रैल से लॉकडाउन में दी थी ढील

इससे पहले गृह मंत्रालय ने अपने आदेश में इन सभी को छूट के दायरे में रखा था। अब इसे दिल्ली सरकार ने लागू कर दिया है। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 20 अप्रैल से सभी जरूरी और गैर जरूरी सेवाओं को छूट दी थी। लेकिन दिल्ली सरकार ने इस छूट को 27 अप्रैल तक दिल्ली में लागू न करने का निर्णय लिया था। सरकार का कहना था कि एक हफ्ते बाद स्थितियों की समीक्षा के बाद हम इसे लागू करेंगे।

दिल्ली में कोरोना के अब तक कितने मामले

दिल्ली में कोरोना वायरस से संक्रमित कुल मरीजों की संख्या 3108 पर पहुंच गई है। वहीं अब तक 54 लोग इस वायरस से अपनी जान गंवा बैठे हैं। अच्छी बात ये है कि पिछले चौबीस घंटों में 8 मरीज ठीक हो चुके हैं। एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है। कोरोना को लेकर दिल्ली का रिकवरी रिकॉर्ड भी बेहतर है। दिल्ली का रिकवरी रेट 30 फीसदी है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर ये 22 फीसदी है।

देशभर में क्या है हाल

वहीं पूरे देश की बात करें तो कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 29,572 हो गई है, इसमें 21,492 सक्रिय मामले हैं। जबकि 7,141 ठीक/डिस्चार्ज/माइग्रेट हैं। इसके अलावा अब तक 939 लोगों की मौत हो गई है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad