Advertisement

यमुना एक्सप्रेस-वे पर ट्रक और बस की टक्कर, 8 लोगों की मौत, 30 घायल

ग्रेटर नोएडा के पास यमुना एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार को एक डबल डेकर बस और ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे में...
यमुना एक्सप्रेस-वे पर ट्रक और बस की टक्कर, 8 लोगों की मौत, 30 घायल

ग्रेटर नोएडा के पास यमुना एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार को एक डबल डेकर बस और ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई जबकि 30 लोग घायल हो गए। हादसा तड़के करीब पांच बजे हुआ। औरैया डिपो की यह बस आगरा से नोएडा आ रही थी।

पुलिस ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लखनऊ में अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौतम बुद्ध नगर पुलिस एवं प्रशासन के प्रमुखों को निर्देश दिया है कि वे पीड़ितों को शीघ्र सहायता मुहैया कराए।

तड़के पांच बजे हुआ यह हादसा 

बताया जा रहा है कि रबूपुरा के पास बस से ड्राइवर का नियंत्रण खो जाने की वजह से बस आगे जा रहे ट्रक से टकरा गई। जिसके कारण यह हादसा हुआ। हादसे के दौरान मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस की रफ्तार काफी तेज थी।

पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘बस आगरा से नोएडा जा रही थी। हादसा तड़के करीब पांच बजे रबूपुरा थाना क्षेत्र में हुआ। बस ओरैया डिपो की थी। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य लोग घायल हो गए।’ इसमें कहा गया है कि दुर्घटनास्थल पर पुलिसकर्मी मौजूद हैं और पीड़ितों को निकटवर्ती जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 12 की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। गांववालों और पुलिस टीम ने यात्रियों को बस से निकाला।

हर प्रकार की सहायता मुहैया कराने का निर्देश

लखनऊ में एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा, ‘मुख्यमंत्री ने ग्रेटर नोएडा में बस हादसे का संज्ञान लिया है जिसमें आठ लोगों की मौत हुई है।’ उन्होंने कहा, ‘उन्होंने जिला प्रशासन एवं पुलिस को हर प्रकार की सहायता मुहैया कराने का निर्देश दिया है। जिला मजिस्ट्रेट और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं।’

यमुना एक्सप्रेसवे पर यातायात रहा बाधित

गौतम बुद्ध नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्ण ने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना रबूपुरा पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। मृतकों की पहचान की जा रही है। इस घटना के चलते यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ी देर तक यातायात बाधित रहा। बता दें कि पिछले महीने भी यमुना एक्सप्रेस-वे पर एम्बुलेंस और कार की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad