Advertisement

महिला पत्रकार के आरोपों पर बोले एमजे अकबर, सहमति से बना था संबंध, पत्नी भी बचाव में उतरीं

अमेरिका में रहने वाली एक भारतीय मूल की पत्रकार ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी सांसद एमजे अकबर पर...
महिला पत्रकार के आरोपों पर बोले एमजे अकबर, सहमति से बना था संबंध, पत्नी भी बचाव में उतरीं

अमेरिका में रहने वाली एक भारतीय मूल की पत्रकार ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी सांसद एमजे अकबर पर रेप करने का आरोप लगाया है। पल्लवी गोगोई नाम की ये पत्रकार नेशनल पब्लिक रेडियो (एनपीआर) में चीफ बिजनेस एडिटर हैं। पल्लवी गोगोई के आरोपों के बाद एमजे अकबर ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए कहा कि उनके और पल्लवी के संबंध सहमति के साथ थे, जो तभी खत्‍म हो गए थे।

हमारा यह रिश्ता कुछ महीनों तक चला: एमजे अकबर

गोगोई के आरोपों पर एमजे अकबर ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सारे आरोप झूठे हैं। पल्लवी और वह एक आपसी रजामंदी वाले रिश्ते में थे। उन्होंने कहा, 'हमारा यह रिश्ता कुछ महीनों तक चला। अकबर का कहना है कि बाद में दोनों सहमति से अलग हो गए।इस रिश्ते की वजह से लोगों को बात करने का एक मौका मिला और इसका असर मेरे घर पर पड़ा। हालांकि इस रिश्ते का अंत बहुत दुर्भाग्यपूर्ण रहा।'

हालांकि अकबर ने स्वीकार किया कि संबंध बेस्ट नोट पर खत्म नहीं हुए। अकबर ने दावा किया कि उन दोनों लोगों को जानने वाले लोग भी इस बात की गवाही दे सकते हैं। 

एमजे अकबर के बचाव में उतरीं पत्नी मल्लिका

रेप का आरोप लगने के बाद एमजे अकबर की पत्नी मलिका भी उनके बचाव में उतर गई हैं। मलिका ने कहा है, 'मुझे नहीं पता कि पल्लवी के इस झूठ के पीछे की वजह क्या है, लेकिन यह झूठ है।' उन्होंने कहा कि #MeToo के तहत एमजे अकबर पर आरोप सामने आने के बाद वह खामोश थीं लेकिन वॉशिंगटन पोस्ट में लेख लिख पल्लवी गोगोई की तरफ से रेप के आरोप लगाने के बाद मुझे बोलना पड़ रहा है। 

 

अकबर की पत्नी ने कहा, '20 साल पहले पल्लवी गोगोई मेरे परिवार में दुख और विवाद की वजह बनी थीं।' उन्होंने कहा कि पल्लवी उनकी मौजूदगी में भी उनके पति से अपना लगाव जाहिर करती रहती थीं। इन दोनों के बीच का संबंध उनके परिवार के लिए समस्या की वजह बना।

 

एशियन एज की उस पार्टी का किया जिक्र

 

एमजे अकबर की पत्नी मल्लिका ने एशियन एज की एक पार्टी का भी जिक्र किया है। मल्लिका ने कहा कि उनके घर पर हुई इस पार्टी में दोनों (अकबर और पल्लवी) काफी करीब होकर डांस कर रहे थे। इसे देख उन्हें पीड़ा हुई और इस बात को लेकर एमजे अकबर से उनकी बहस हुई।

 

मल्लिका ने कहा कि उस समय अकबर ने अपने परिवार को महत्व देने का फैसला लिया। उन्होंने कहा कि तुशिता पटेल और पल्लवी गोगोई अक्सर उनके घर आती थीं, हमारे साथ खुशी से खाती-पीती थीं। उन्होंने कहा कि कभी पल्लवी को देख कर ऐसा नहीं लगा कि वह सेक्शुअल असॉल्ट पीड़ित हैं।

 

जानें पूरा मामला- 

गोगोई ने 'वॉशिंगटन पोस्ट' अखबार में एक कॉलम में इस पूरी घटना का जिक्र किया है। हालांकि बताया जा रहा है कि एमजे अकबर के वकील ने महिला पत्रकार द्वारा लगाए गए इन आरोपों को झूठा करार दिया है।

'एशियन एज' में एडिटर-इन-चीफ रहते हुए अकबर ने अपने पद का किया दुरुपयोग

नेशनल पब्लिक रेडियो की चीफ बिजनेस एडिटर पल्लवी गोगोई ने अपने कॉलम में लिखा है कि एमजे अकबर एक शानदार पत्रकार थे लेकिन 'एशियन एज' अखबार में एडिटर-इन-चीफ रहते हुए उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग किया। गोगोई ने जब एशियन एज में नौकरी शुरू की थी, तब उनकी उम्र सिर्फ 22 साल थी। पल्लवी के मुताबिक घटना 1994 की है।

'मैं अकबर की भाषा शैली से काफी प्रभावित थी

पत्रकार गोगोई ने लिखा, 'मैं उनकी भाषा शैली से काफी प्रभावित थी। मैं सोचती थी कि काश मैं भी ऐसा लिखूं, लिहाजा मैं उनका काफी सम्मान करती थी। ऐसे में उनकी गालियों को भी मैं सह लेती थी।' पल्लवी ने बताया कि सिर्फ 23 साल की उम्र में गोगोई को अखबार में ओपिनियन पेज का एडिटर बना दिया गया लेकिन उनका कहना है कि इसके लिए उन्हें बड़ी कीमत चुकानी पड़ी।

मैं बेहद डर गई... मैं शर्मिंदा हो गई: महिला पत्रकार

पहली घटना को याद करते हुए गोगोई ने लिखा, 'अकबर ने मेरी तारीफ की, लेकिन अचानक ही उसने मुझे किस कर लिया। मैं बेहद डर गई, मैं शर्मिंदा हो गई।' गोगोई ने पूरी घटना अपने एक साथी को बताई।

ताज होटल के कमरे में बुलाया, नौकरी से निकालने की धमकी दी: पल्लवी गोगोई

पल्लवी ने बताया कि दूसरी घटना कुछ महीनों के बाद मुंबई में एक मैगजीन लॉन्च के दौरान हुई। उन्होंने इस घटना का जिक्र करते हुए लिखा, 'अकबर ने मुझे ताज होटल के कमरे में बुलाया। एक बार फिर से उन्होंने मुझे किस करने की कोशिश की। मैंने उन्हें धक्का दिया। उसने मेरे चहरे पर खरोंच मार दी। मैं रोते हुए वहां से भागी। उस दिन शाम को एक दोस्त को बताया कि मेरे चेहरे पर इसलिए खरोंच आ गई क्योंकि मैं होटल में गिर गई थी।' इस घटना के बाद वो दिल्ली लौट गई। दिल्ली में एमजे अकबर ने उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दी।

मैंने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन उन्होंने मेरे कपड़े फाड़ दिए

गोगोई ने बताया कि तीसरी घटना जयपुर की है। जब अकबर ने उन्हें एक स्टोरी करने के लिए जयपुर बुलाया था। उन्होंने लिखा, 'होटल के कमरे में मैंने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन उन्होंने मेरे कपड़े फाड़ दिए और मेरा रेप किया। मैं शर्मिंदा हो गई लेकिन उस वक्त मैंने इसके बारे में किसी को नहीं बताया। मुझे लगा कि शायद इस घटना पर कोई यकीन नहीं करेगा। मैंने खुद को इस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया।'

एमजे अकबर पर कई महिला पत्रकारों ने लगाए हैं यौन उत्पीड़न के आरोप

गौरतलब है कि एमजे अकबर पर कई महिला पत्रकारों ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। आरोपों के बाद उन्हें मोदी कैबिनेट से इस्तीफा देना पड़ा था। MeToo के तहत यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर ने अपनी सफाई देने के बाद कानूनी रास्ता अपनाया है।

यहां पढ़ें अमेरिका में रहने वाली इस पत्रकार का पोस्ट-

 


 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad