Advertisement

महाराष्ट्र राजनीतिक संकट: बयान से पलटे संजय राउत, विधानसभा भंग करने के दिए संकेत

शिवसेना सांसद संजय राउत ने बुधवार को संकेत दिया कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे राज्यपाल...
महाराष्ट्र राजनीतिक संकट: बयान से पलटे संजय राउत, विधानसभा भंग करने के दिए संकेत

शिवसेना सांसद संजय राउत ने बुधवार को संकेत दिया कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से राज्य विधानसभा भंग करने की सिफारिश कर सकते हैं, क्योंकि महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार के लिए संकट गहरा गया है।
       
राउत ने कहा, "महाराष्ट्र में राजनीतिक घटनाक्रम राज्य विधानसभा को भंग करने की ओर बढ़ रहा है।" शिवसेना के असंतुष्ट नेता एकनाथ शिंदे ने बुधवार को कहा कि महाराष्ट्र के 40 विधायक उनके साथ असम के गुवाहाटी गए हैं।
       
शिवसेना के विधायकों ने पार्टी के खिलाफ बगावत कर दी है और शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस की त्रिपक्षीय एमवीए सरकार को संकट में डाल दिया है।
       
भाजपा के एक सूत्र ने कहा है कि विधायकों को मंगलवार को मुंबई से गुजरात के सूरत ले जाया गया था, और उन्हें गुवाहाटी स्थानांतरित करने का निर्णय सुरक्षा के आधार पर लिया गया था।

इससे पहले संजय राउट ने मुंबई में पत्रकारों से बात करते हुए कहा था कि शिंदे ने पार्टी के सामने कोई शर्त नहीं रखी है और शिंदे के साथ शिवसेना के अन्य नेताओं के साथ भी बातचीत चल रही है। राउत ने विश्वास व्यक्त किया कि शिंदे और अन्य बागी विधायक पार्टी में वापस आ जाएंगे, और उनकी "गलतफहमी को दूर किया जाएगा।"
      
राउत ने कहा था, “उनके (शिंदे) के लिए पार्टी छोड़ना मुश्किल है और हमारे (शिवसेना) के लिए उन्हें छोड़ना मुश्किल होगा। हमारी बातचीत जारी है। हमने सुबह एक घंटे तक बात की। उन विधायकों से भी बातचीत चल रही है जो शिंदे के साथ हैं।"

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement