Advertisement

राजन के समर्थन में दिग्विजय, बोले दूसरे कार्यकाल के काबिल हैं

आरबीआई गवर्नर रघुराम राजन को लेकर भाजपा सांसद सुब्रह्मण्यम स्वामी के विवादास्पद बयानों के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह राजन के समर्थन में आ गए हैं।
राजन के समर्थन में दिग्विजय, बोले दूसरे कार्यकाल के काबिल हैं

वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बुधवार को आरबीआई में रघुराम राजन के दूसरे कार्यकाल की वकालत करते हुए उन्हें सक्षम बताया और कहा कि राजन ने अपने मौजूदा कार्यकाल में काफी अच्छा काम किया है। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह से यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस पार्टी राजन के दूसरे कार्यकाल के पक्ष में है तो उन्होंने कहा, रघुराम राजन बहुत सक्षम व्यक्ति हैं और उन्होंने रिजर्व बैंक के गवर्नर के रूप में बहुत अच्छा काम किया है। मेरा मानना है कि उन्हें दूसरा कार्यकाल मिलना चाहिए। भाजपा के राज्यसभा सदस्य सुब्रमण्यम स्वामी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राजन को हटाने का अनुरोध किए जाने और राजन को मानसिक रूप से पूरा भारतीय नहीं कहे जाने के बारे में पूछे जाने पर दिग्विजय सिंह ने कटाक्ष करते हुए कहा, और खुद स्वामी के बारे में क्या?

 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने भी कल स्वामी द्वारा राजन की आलोचना किए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि स्वामी वास्तव में वित्त मंत्री अरुण जेटली पर निशाना साधना चाहते हैं लेकिन उन पर निशाना नहीं साधकर उन्होंने आरबीआई गवर्नर को छद्म निशाना बनाया है, जो बोल नहीं सकते। आर्थिक मामलों पर भाजपा के प्रवक्ता गोपालकृष्ण अग्रवाल ने कल कहा कि स्वामी वरिष्ठ नेता हैं और उनकी राय निश्चित तौर पर मायने रखती है, लेकिन अंतिम निर्णय सरकार को करना है। राजन को पिछली संप्रग सरकार ने सितंबर 2013 में तीन साल के कार्यकाल के लिए आरबीआई का गवर्नर बनाया था। इस कार्यकाल को बढ़ाया जा सकता है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement