Advertisement

मुरादाबाद में भाजपा कार्यकताओं ने चुनाव अधिकारी को पीटा, पश्चिम बंगाल में गोली चली

लोकसभा चुनाव 2019 के तीसरे चरण की वोटिंग के दौरान हिंसा और मारपीट हुई है। मुरादाबाद में भारतीय जनता...
मुरादाबाद में भाजपा कार्यकताओं ने चुनाव अधिकारी को पीटा, पश्चिम बंगाल में गोली चली

लोकसभा चुनाव 2019 के तीसरे चरण की वोटिंग के दौरान हिंसा और मारपीट हुई है। मुरादाबाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने चुनाव अधिकारी को पीटा, जबकि पश्चिम बंगाल की पांच संसदीय सीटों पर चल रहे मतदान के बीच हिंसा की लगातार खबरें आ रही हैं। 

मुर्शिदाबाद में टीएमसी कार्यकर्ताओं पर देसी बम फेंके गए हैं, इस हमले में टीएमसी के तीन कार्यकर्ता घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक मुर्शिदाबाद के दोमकल नगरपालिका के वार्ड नंबर 7 के पास एक देसी बम फटा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बंगाल में सुबह 10 बजे तक 17.54 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।

मुर्शिदाबाद में कांग्रेस नेताओं और एजेंट को लक्ष्य कर गोली चलाई गई

मंगलवार की सुबह सात बजे के करीब मुर्शिदाबाद के हरिहरपाड़ा स्थित कुमारीपुर गांव में कांग्रेस नेताओं और एजेंट को लक्ष्य कर गोली चलाई गई है। गोली चलाने का आरोप तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर लगा है। इस घटना से लोगों में दहशत है। असुरक्षा की भावना से मतदान करने से लोग बच रहे हैं। मतदान केंद्र-105 कुमारीपुर हाई स्कूल में मंगलवार की सुबह मतदान शुरू होने से पहले कांग्रेस के एजेंट बैठने के लिए अपने अन्य नेताओं के साथ जा रहे थे, तभी तृणमूल के कुछ लोगों ने गोली चला दी। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी, लेकिन इससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

 खास बात यह है कि जिस मतदान केंद्र पर गोली चली है वहां केंद्रीय बलों की तैनाती नहीं है। राज्य पुलिस के सशस्त्र बल तैनात हैं। गोली चलने के बाद से लोग डरे-सहमे हुए हैं। वे चाहते हुए भी मतदान के लिए घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। कांग्रेस ने चुनाव आयोग को इस घटना से अवगत करा दिया है, लेकिन तीन घंटे बाद भी केंद्रीय बल के जवान नहीं पहुंचे हैं और न ही रैपिड एक्शन फोर्स यहां आई है। सहमें हुए लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने बूथ संख्या 231 पर मौजूद चुनाव अधिकारी को पीटा

समाचार एजेंसी एएनआई ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें साफ देखा जा रहा है कि भीड़ के बीच में चुनाव अधिकारी है और कुछ लोग उस पर हाथ चला रहे हैं। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, भाजपा कार्यकर्ताओं ने बूथ संख्या 231 पर मौजूद चुनाव अधिकारी को यह आरोप लगाकर पीटा है कि वह वोटरों को साइकिल छाप पर वोट देने के लिए कह रहा था।हालांकि, पुलिस के बीच बचाव के बाद उस चुनाव अधिकारी को बचा लिया। हालांकि, पुलिस कुछ को अपने हिरासत में लेती हुई दिख रही है। मगर अब तक इस मामले में किसी को हिरासत में लिया गया है या नहीं, इस बात की पुष्टि नहीं हुई है।

देश भर में 117 सीटों पर मतदान जारी

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में आज देश भर में 117 सीटों पर मतदान जारी है। इन 117 सीटों में गुजरात व केरल की सभी सीटें शामिल हैं। सात चरणों में से सबसे बड़े इस चरण में प्रमुख उम्मीदवारों में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, शरद यादव व कई केंद्रीय मंत्री शामिल हैं। देश के 14 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की इन 117 सीटों में 2014 के चुनाव में भाजपा और उसके सहयोगी दलों ने 66 सीटें जीती थीं। वहीं कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने 27 पर जीत हासिल की। बाकी सीटें अन्य विपक्षी दलों और निर्दलियों के खातों में गयीं थी। इस चरण में बिहार व पश्चिम बंगाल की पांच-पांच सीटें भी हैं। यूपी में सपा नेता मुलायम सिंह यादव के परिवार के चार सदस्यों का भविष्य आज इवीएम में कैद होगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad